Yuva Samvad 2026 : काशी विद्यापीठ में ‘युवा संवाद 2026’ का आयोजन हुआ। नितिन नवीन ने युवाओं को देश की दशा-दिशा बदलने में सक्षम बताया, जबकि पंकज चौधरी ने संकल्प के साथ बदलाव की शुरुआत स्वयं से करने का संदेश दिया।
Yuva Samvad 2026 : जो मार्ले युवा देश की दशा और दिशा बदलने में सक्षम : नितिन नवीन
संकल्प के साथ बदलाव लाने की जरूरत : पंकज चौधरी
Yuva Samvad 2026 : काशी विद्यापीठ में ‘युवा संवाद 2026’, युवाओं से संवाद कर राष्ट्र निर्माण में भागीदारी का किया आह्वान
Yuva Samvad 2026 : वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में बुधवार को महामना मदन मोहन मालवीय हिंदी पत्रकारिता संस्थान की ओर से ‘युवा संवाद 2026’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। गांधी अध्ययन पीठ में आयोजित कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मुख्य अतिथि तथा भाजपा उत्तर प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। दोनों नेताओं ने काशी विद्यापीठ एवं संबद्ध महाविद्यालयों के विद्यार्थियों से संवाद करते हुए राष्ट्र निर्माण, विकसित भारत-2047, शिक्षा, रोजगार, स्टार्टअप, तकनीक और युवाओं की सामाजिक-राजनीतिक भागीदारी जैसे विषयों पर विचार रखे।
Yuva Samvad 2026 : युवा अपनी राह खुद तय करे : नितिन नवीन
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि युवा भारत की तस्वीर हैं और देश की दशा और दिशा दोनों बदलने की क्षमता रखते हैं। आज का युवा किसी के दिखाए रास्ते पर चलने के बजाय अपनी राह स्वयं बनाने में विश्वास करता है। युवाओं को अपने भविष्य के लिए स्वयं मार्ग तलाशना होगा और निरंतर संघर्ष करते हुए आगे बढ़ना होगा।
Yuva Samvad 2026 : जेन-जी के संदर्भ में उन्होंने कहा कि युवाओं को अल्फा, बीटा और गामा जैसे वर्गों में बांटने की जरूरत नहीं है। युवा पीढ़ी में आज भी वही ऊर्जा और क्षमता है, जिसके बल पर वह देश के भविष्य को आकार दे सकती है। उन्होंने कहा कि भारत युवाओं का देश था और आज भी है। नितिन नवीन ने कहा कि कुछ लोग समाज में विभाजन पैदा करने का प्रयास करते हैं, लेकिन भारत के युवाओं के अधिकारों और अवसरों की रक्षा जरूरी है। उन्होंने युवाओं को देश के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
Yuva Samvad 2026 : विकसित भारत के लिए जनभागीदारी जरूरी
‘विकसित भारत-2047’ के लक्ष्य का उल्लेख करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि देश ने लंबे समय तक सामूहिक रूप से दूरगामी भविष्य की कल्पना नहीं की। पहले पंचवर्षीय योजनाओं का केंद्र मुख्य रूप से अगले पांच वर्षों की जरूरतें होती थीं, लेकिन अब दीर्घकालिक विजन के साथ विकास की योजनाओं पर काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘सबका साथ, सबका विकास’ की सोच के साथ देश को आगे बढ़ाने का प्रयास किया है। भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए केवल सरकार ही नहीं, बल्कि देश की जनता और विशेष रूप से युवाओं की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि नोएडा आज आईटी हब के रूप में जाना जाता है, लेकिन आने वाले समय में काशी को भी आईटी हब के रूप में विकसित करने की दिशा में अवसर बढ़ेंगे। इससे काशी के युवाओं को रोजगार और इंटर्नशिप के लिए दूसरे शहरों की ओर जाने की आवश्यकता कम होगी और स्थानीय स्तर पर नए अवसर उपलब्ध हो सकेंगे।
Yuva Samvad 2026 : स्टार्टअप और एआई में युवाओं के लिए अवसर
नितिन नवीन ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश में स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए अनेक कदम उठाए गए हैं। बड़ी संख्या में स्टार्टअप अब रोजगार उपलब्ध कराने वाले संस्थानों के रूप में सामने आए हैं। युवाओं को आर्थिक सहायता और अपने विचारों को आगे बढ़ाने के लिए विभिन्न पोर्टल और योजनाओं का लाभ लेने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत में अंतरराष्ट्रीय स्तर के एआई कार्यक्रमों का आयोजन हो रहा है और देश आने वाले समय में एआई के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने युवाओं से तकनीकी बदलाव के साथ स्वयं को तैयार करने की अपील की। उन्होंने युवाओं को अपनी संस्कृति और विरासत पर गर्व करने का संदेश देते हुए कहा कि अपनी जड़ों और विरासत को समझने के साथ देश के विकास में योगदान देना जरूरी है। उत्तर प्रदेश में पर्यटन के बढ़ते अवसरों को भी उन्होंने विकास की संभावनाओं से जोड़ा।
Yuva Samvad 2026 : परीक्षा और शिक्षा व्यवस्था पर भी रखी बात
युवा संवाद के दौरान परीक्षा लीक से जुड़े सवाल पर नितिन नवीन ने कहा कि परीक्षा संबंधी घटनाओं के बाद परीक्षा दोबारा कराकर युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने का प्रयास किया गया। उन्होंने भर्ती परीक्षाओं और सीटों की संख्या बढ़ाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया। नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि प्रारंभिक शिक्षा से लेकर उच्च शिक्षा तक अधिक से अधिक युवाओं को अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से संघर्ष का साथ नहीं छोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, “अतीत आपका खजाना है, वर्तमान आपका संघर्ष है और भविष्य आपका सुनहरा सपना है।” नितिन नवीन ने युवाओं से राजनीति में सक्रिय भागीदारी करने का भी आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं की भागीदारी से देश की बागडोर और मजबूत होगी तथा विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने का मार्ग प्रशस्त होगा।
Yuva Samvad 2026 : बदलाव की शुरुआत स्वयं से करनी होगी : पंकज चौधरी
भाजपा उत्तर प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि आज का युवा विकसित भारत के निर्माण के साथ देश के भविष्य की दशा और दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने महात्मा गांधी के विचार का उल्लेख करते हुए कहा कि समाज में जिस बदलाव को हम देखना चाहते हैं, उसकी शुरुआत स्वयं से करनी होगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘नागरिक देवो भव’ के संकल्प को अपने भीतर आत्मसात किया है। वर्ष 2014 के बाद देश में आर्थिक विकास के साथ इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में भी तेजी से काम हुआ है। स्वास्थ्य से जुड़ी योजनाओं का लाभ भी बड़ी संख्या में लोगों तक पहुंचा है। पंकज चौधरी ने कहा कि व्यक्ति का परिचय चाहे जो भी हो, यदि उसके भीतर सेवा का संकल्प है तो वह समाज और देश की सेवा कर सकता है। युवाओं का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि दृढ़ संकल्प के साथ किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
Yuva Samvad 2026 : अतिथियों को पुस्तक भेंट, पौधारोपण भी
कार्यक्रम में महामना मदन मोहन मालवीय हिंदी पत्रकारिता संस्थान के निदेशक डॉ. नागेंद्र कुमार सिंह ने मुख्य अतिथि नितिन नवीन और विशिष्ट अतिथि पंकज चौधरी को अपनी पुस्तक ‘पंच प्रण के प्राण संचार’ भेंट की। युवा संवाद के दौरान युवा प्रतिनिधियों के रूप में निशा सिंह, इशिका पाल, गरिमा पाण्डेय और साक्षी राय ने मंच साझा किया। कार्यक्रम के बाद मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि ने गांधी अध्ययन पीठ परिसर में पौधारोपण किया।
Yuva Samvad 2026 : कार्यक्रम की अध्यक्षता, स्वागत, संचालन और धन्यवाद ज्ञापन महामना मदन मोहन मालवीय हिंदी पत्रकारिता संस्थान के निदेशक डॉ. नागेंद्र कुमार सिंह ने किया। कार्यक्रम का संयोजन काशी विद्यापीठ के पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष आशुतोष सिंह ‘आशु’ ने किया।
Yuva Samvad 2026 : इस अवसर पर सहायक कुलसचिव डॉ. आनन्द कुमार सिंह, राजेश राय, रोहन प्रताप सिंह, डॉ. श्रीराम त्रिपाठी, डॉ. चन्द्रशील पाण्डेय, कुलदीप सिंह, आकाश सिंह, गुरु प्रकाश सिंह, पुलिकत, समर, शुक्ति, कृतिका पाण्डेय, श्वेता दुबे, समीक्षा सिंह, आकृति, गौरव, जय कृष्णा, श्रवण सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी, शिक्षक एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।