National Divyang Cricket Competition : वाराणसी में टी-20 नेशनल दिव्यांग क्रिकेट प्रतियोगिता की सेवा संकल्प ट्रॉफी का अनावरण हुआ। नितिन नबीन ने दिव्यांग खिलाड़ियों की प्रतिभा और अवसरों को लेकर कहा कि दिव्यांगता मन की होती है, शरीर की नहीं।
National Divyang Cricket Competition : दिव्यांग खिलाड़ियों को मिलेगा राष्ट्रीय मंच, सेवा संकल्प ट्रॉफी का हुआ अनावरण
National Divyang Cricket Competition : वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित सेवा संकल्प माह के तहत वाराणसी में प्रस्तावित टी-20 नेशनल दिव्यांग क्रिकेट प्रतियोगिता की ‘सेवा संकल्प ट्रॉफी’ का गुरुवार को होटल ताज में अनावरण किया गया। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने ट्रॉफी का अनावरण किया। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी की विशेष उपस्थिति रही।
National Divyang Cricket Competition : इस अवसर पर दिव्यांग खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर मंच उपलब्ध कराने, उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने और खेल के माध्यम से समाज में समावेशी सोच को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। प्रस्तावित प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों की दिव्यांग क्रिकेट टीमें हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता का आयोजन वाराणसी के सिगरा स्टेडियम में किया जाएगा।
National Divyang Cricket Competition : ‘दिव्यांगता मन की होती है, शरीर की नहीं’
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा कि दिव्यांगता मन की होती है, शरीर की नहीं। दिव्यांगजन किसी से कम नहीं हैं। उन्हें यदि अवसर और उचित मंच उपलब्ध कराया जाए तो वे अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर देश-दुनिया में अपनी पहचान बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। खेलों के क्षेत्र में भी दिव्यांग खिलाड़ियों की भागीदारी बढ़ाने और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा।
National Divyang Cricket Competition : नितिन नबीन ने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति के भीतर आत्मविश्वास, अनुशासन, संघर्ष और नेतृत्व की भावना को मजबूत करता है। दिव्यांग खिलाड़ी अपनी मेहनत और प्रतिभा से समाज के सामने नई मिसाल कायम कर रहे हैं। ऐसे आयोजनों से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलने के साथ समाज में सकारात्मक और समावेशी सोच को भी बढ़ावा मिलेगा।
National Divyang Cricket Competition : सिगरा स्टेडियम में जुटेंगी विभिन्न राज्यों की टीमें
आयोजन समिति के अध्यक्ष सिद्धार्थ सिंह ने बताया कि वाराणसी में प्रस्तावित राष्ट्रीय प्रतियोगिता का उद्देश्य दिव्यांग क्रिकेट खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाना, उनमें नई उम्मीद और आत्मविश्वास पैदा करना तथा खेल के माध्यम से समावेशी भारत का संदेश देना है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से दिव्यांग क्रिकेट टीमें भाग लेंगी। राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के वाराणसी में एकत्र होने से शहर को भी इस आयोजन के माध्यम से सकारात्मक और प्रेरणादायक संदेश मिलेगा। प्रतियोगिता खिलाड़ियों को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने के साथ राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का अवसर प्रदान करेगी।
National Divyang Cricket Competition : राष्ट्रीय अध्यक्ष को बताई प्रतियोगिता की रूपरेखा
ऑल इंडिया दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. उत्तम ओझा ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन को प्रतियोगिता की पूरी रूपरेखा और तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों की दिव्यांग क्रिकेट टीमें प्रतिभाग करेंगी।
डॉ. ओझा ने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य दिव्यांग खिलाड़ियों को ऐसा मंच उपलब्ध कराना है, जहां वे अपनी क्रिकेट प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें। उन्होंने आयोजन की तैयारियों, विभिन्न टीमों की भागीदारी और प्रतियोगिता के उद्देश्यों से संबंधित जानकारी भी साझा की।
National Divyang Cricket Competition : खेल के जरिए समावेशी भारत का संदेश
कार्यक्रम में इस बात पर जोर दिया गया कि खेल प्रतिभा किसी शारीरिक स्थिति की मोहताज नहीं होती। उचित अवसर, प्रशिक्षण और मंच मिलने पर दिव्यांग खिलाड़ी भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का गौरव बढ़ा सकते हैं। वाराणसी में प्रस्तावित यह प्रतियोगिता इसी भावना को आगे बढ़ाने का प्रयास है।
National Divyang Cricket Competition : कार्यक्रम का संचालन ऑल इंडिया दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन के महासचिव संजय चौरसिया ने किया। उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के प्रति आभार जताते हुए कहा कि दिव्यांगजन उनके साथ हैं और इस तरह के आयोजनों से खिलाड़ियों को नई ऊर्जा और प्रोत्साहन मिलता है।
संयोजक वीरभद्र सिंह ने सभी अतिथियों और उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर अखिलेश यादव, रोशन द्विवेदी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की जानकारी मीडिया प्रभारी डॉ. मनोज तिवारी ने दी।