CM Yogi Constitution Day Speech : संविधान के नाम पर भ्रम फैलाने वालों से रहें सतर्क: सीएम योगी, बोले- हर नागरिक संविधान का संरक्षक

CM Yogi Constitution Day Speech : संविधान दिवस पर लखनऊ के लोकभवन में सीएम योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर निशाना साधा। बोले- भारत की संप्रभुता 145 करोड़ नागरिकों में निहित है और हर नागरिक संविधान का संरक्षक है। लाल पुस्तिका के जरिए भ्रम फैलाने वालों से सतर्क रहने की अपील की।

CM Yogi Constitution Day Speech : संविधान के नाम पर भ्रम फैलाने वालों से रहें सतर्क, देश का हर नागरिक संविधान का संरक्षक: सीएम योगी

CM Yogi Constitution Day Speech : संविधान गौरव दिवस पर लोकभवन में विपक्ष पर बरसे मुख्यमंत्री, बोले- भारत की संप्रभुता किसी व्यक्ति, परिवार या जाति विशेष में नहीं, बल्कि 145 करोड़ देशवासियों में निहित

CM Yogi Constitution Day Speech : लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारतीय संविधान देश के प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार देने के साथ ही राष्ट्र के प्रति उसके कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का भी बोध कराता है। भारत की संप्रभुता किसी व्यक्ति, परिवार या जाति विशेष में निहित नहीं है, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक में है। संविधान ने हर भारतीय को देश का वास्तविक संरक्षक होने का अधिकार और दायित्व दिया है। इसलिए संविधान की गरिमा, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रीय एकता की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से संविधान के नाम पर भ्रम फैलाने वालों से सतर्क रहने की अपील की।

CM Yogi Constitution Day Speech : मुख्यमंत्री गुरुवार को लखनऊ स्थित लोकभवन में आयोजित संविधान गौरव दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान हम सभी का गौरव है और 145 करोड़ देशवासियों का मार्गदर्शक है। संविधान केवल अधिकारों का दस्तावेज नहीं, बल्कि यह हमें अपने कर्तव्यों और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारियों का भी एहसास कराता है। संविधान निर्माताओं ने भारत के राजनीतिक भविष्य का निर्धारण स्वयं भारतीयों के हाथों में सौंपने की भावना को प्राथमिकता दी थी। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का भी यही विचार था कि भारत का भविष्य भारतवासी ही तय करेंगे।

CM Yogi Constitution Day Speech : पहले दिन से ही प्रत्येक वयस्क नागरिक को मिला समान मताधिकार

सीएम योगी ने कहा कि भारतीय संविधान की सबसे बड़ी विशेषताओं में से एक यह है कि इसे लागू होने के पहले दिन से ही प्रत्येक वयस्क नागरिक को बिना किसी भेदभाव के मतदान का अधिकार दिया गया। जाति, धर्म, भाषा, क्षेत्र और लिंग के आधार पर कोई अंतर नहीं किया गया। यह भारतीय लोकतंत्र की व्यापकता और संविधान निर्माताओं की दूरदर्शिता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि दुनिया के कई ऐसे देश, जो स्वयं को लोकतंत्र का बड़ा समर्थक बताते हैं, वहां लंबे समय तक रंगभेद और लैंगिक असमानता के कारण नागरिकों को समान अधिकार नहीं मिल पाए। इसके विपरीत भारत ने लोकतांत्रिक व्यवस्था की शुरुआत से ही सभी वयस्क नागरिकों को समान मताधिकार प्रदान किया।

CM Yogi Constitution Day Speech : लाल पुस्तिका के माध्यम से जनता को गुमराह करने का आरोप

मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कुछ लोग संविधान के नाम पर भ्रम फैलाने और लाल पुस्तिका के माध्यम से जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि इन लोगों ने संविधान का गंभीरता से अध्ययन किया होता तो वे स्वयं को भारत की संप्रभुता का संरक्षक बताने का दावा नहीं करते। सीएम योगी ने आरोप लगाया कि सत्ता में रहते हुए इन लोगों ने संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का प्रयास किया। उन्होंने संविधान के पहले संशोधन का उल्लेख करते हुए कहा कि आजादी के तत्काल बाद प्रेस की स्वतंत्रता को सीमित करने का प्रयास किया गया था। इसके बाद भी राजनीतिक स्वार्थों को ध्यान में रखकर समय-समय पर संविधान में संशोधन किए गए। उन्होंने कहा कि संविधान और लोकतंत्र की मजबूती के लिए नागरिकों को जागरूक रहना होगा। किसी भी व्यक्ति या परिवार को यह अधिकार नहीं है कि वह देश की संप्रभुता पर अपना एकाधिकार जताए। संविधान सर्वोपरि है और इसकी रक्षा सभी देशवासियों का सामूहिक दायित्व है।

CM Yogi Constitution Day Speech : कांग्रेस पर बाबा साहेब आंबेडकर की उपेक्षा का आरोप

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की उपेक्षा करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने बाबा साहेब को भारत रत्न से सम्मानित नहीं किया और उन्हें संसद तक पहुंचने से रोकने के प्रयास किए गए।समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सपा सरकार ने कन्नौज मेडिकल कॉलेज से बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर का नाम हटा दिया था। प्रदेश सरकार ने असीम अरुण के पत्र के बाद मेडिकल कॉलेज का नाम दोबारा बाबा साहेब के नाम पर किया। इसी तरह उरई मेडिकल कॉलेज का नाम लोकमाता अहिल्याबाई होलकर के नाम पर रखा गया।

CM Yogi Constitution Day Speech : सीएम योगी ने कहा कि महाराज सुहेलदेव ने करीब एक हजार वर्ष पहले विदेशी आक्रांताओं का सामना कर देश की रक्षा की थी, लेकिन लंबे समय तक उनके सम्मान में कोई स्मारक नहीं बनाया गया। भाजपा सरकार ने बहराइच में उनका भव्य स्मारक बनवाया और मेडिकल कॉलेजों का नाम भी उनके नाम पर रखा। उन्होंने वर्ष 1915 में अफगानिस्तान में भारत की अंतरिम सरकार के गठन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले राजा महेंद्र प्रताप सिंह का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके सम्मान में अलीगढ़ में राज्य विश्वविद्यालय का निर्माण कराया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि महापुरुषों और राष्ट्रनायकों को उनका उचित सम्मान देना सरकार की प्राथमिकता है।

CM Yogi Constitution Day Speech : संविधान में भारतीय संस्कृति और विरासत को मिला विशेष स्थान

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2014 में देश का नेतृत्व संभालने के बाद संसद और संविधान के प्रति सम्मान व्यक्त किया था। नए संसद भवन में भी संविधान की मूल प्रति को विशेष स्थान दिया गया है। उन्होंने बताया कि संविधान की मूल प्रति में भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के अयोध्या आगमन, भगवान श्रीकृष्ण द्वारा अर्जुन को गीता का उपदेश देने, महात्मा बुद्ध और सम्राट अशोक से जुड़े चित्र शामिल हैं। ये चित्र भारतीय संविधान में देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और ऐतिहासिक परंपराओं को दिए गए महत्व को दर्शाते हैं। सीएम योगी ने संविधान निर्माण में उत्तर प्रदेश के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि संविधान सभा में प्रदेश के 55 सदस्य शामिल थे। उन्होंने सुचेता कृपलानी, पंडित गोविंद बल्लभ पंत, पुरुषोत्तम दास टंडन और आचार्य नरेंद्र देव के योगदान को भी याद किया।

CM Yogi Constitution Day Speech : विरासत और विकास के समन्वय से आगे बढ़ रहा उत्तर प्रदेश

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और आधुनिक विकास को साथ लेकर चल रही है। काशी विश्वनाथ धाम में लोकमाता अहिल्याबाई होलकर की प्रतिमा की स्थापना, अयोध्या अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का नाम महर्षि वाल्मीकि के नाम पर रखना और वाराणसी के सीर गोवर्धन स्थित संत रविदास की जन्मस्थली पर सुविधाओं का विकास इसी सोच का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि भारत की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत देश की पहचान है। महापुरुषों के योगदान को याद करना और आने वाली पीढ़ियों तक उनके विचारों को पहुंचाना आवश्यक है। सरकार विकास की योजनाओं के साथ-साथ विरासत के संरक्षण को भी प्राथमिकता दे रही है।

CM Yogi Constitution Day Speech : कानून का राज ही विकास की सबसे बड़ी गारंटी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्ववर्ती सरकारों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनके शासनकाल में प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था बदहाल थी। विद्यालयों में भवन और शिक्षकों की कमी थी। परीक्षाओं में नकल, भर्ती प्रक्रियाओं में अनियमितता और पेपर लीक जैसी समस्याएं आम थीं। युवाओं के लिए रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं थे और गरीबों को सरकारी योजनाओं का लाभ भी नहीं मिल पाता था। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर चुनौतियां थीं और प्रदेश में माफिया तथा अपराधियों का प्रभाव था। मुख्यमंत्री ने कहा कि कर्फ्यू और उपद्रव के माहौल में विकास संभव नहीं है। कानून का राज और विधि का शासन ही विकास की सबसे बड़ी गारंटी है। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान प्रदेश सरकार ने कानून-व्यवस्था को प्रभावी बनाने के साथ ही समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का काम किया है। सुशासन, सुरक्षा और विकास सरकार की प्राथमिकताएं हैं।

 CM Yogi Constitution Day Speech : 2017 से पहले राशन और रोजगार की व्यवस्था पर उठाए सवाल

सीएम योगी ने वर्ष 2017 से पहले की परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली में अनियमितताओं के कारण गरीबों को समय पर राशन नहीं मिल पाता था। रोजगार और निवेश के अवसर सीमित थे। सुरक्षा, बिजली और बुनियादी सुविधाओं की कमी के कारण लोगों को प्रदेश से पलायन करना पड़ता था। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार संविधान के आदर्शों के अनुरूप सुशासन स्थापित करने के लिए काम कर रही है। सरकार का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को सुरक्षा, सम्मान और विकास के समान अवसर उपलब्ध कराना है। समाज के हर वर्ग तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना और कानून के शासन को मजबूत करना ही लोकतंत्र तथा संविधान की मूल भावना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि संविधान दिवस केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक को अपने अधिकारों, कर्तव्यों और लोकतांत्रिक जिम्मेदारियों की याद दिलाने का अवसर है। संविधान के प्रति सम्मान और उसके मूल्यों का पालन करके ही मजबूत, समृद्ध और विकसित भारत का निर्माण किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *