UP AYUSH Plantation Drive 2026: आयुष विभाग लगाएगा 2.07 लाख औषधीय पौधे, हर संस्थान में बनेगा चरक-वन

UP AYUSH Plantation Drive 2026: उत्तर प्रदेश में आयुष विभाग 2.07 लाख से अधिक औषधीय पौधों का वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाएगा। हर आयुष संस्थान में ‘चरक-वन’ विकसित होगा और ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को नई गति मिलेगी।

UP AYUSH Plantation Drive 2026: वाराणसी, 1 अगस्त 2026। उत्तर प्रदेश सरकार ने पर्यावरण संरक्षण और आयुष चिकित्सा को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए प्रदेशभर में वृहद औषधीय वृक्षारोपण अभियान शुरू करने की घोषणा की है। आयुष राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ के नेतृत्व में प्रदेश के सभी आयुष चिकित्सालयों, महाविद्यालयों और संबद्ध संस्थानों में 2,07,600 से अधिक औषधीय पौधे लगाए जाएंगे। इस अभियान का उद्देश्य केवल हरित क्षेत्र बढ़ाना नहीं, बल्कि औषधीय पौधों की उपलब्धता सुनिश्चित कर आयुष चिकित्सा को जन-जन तक पहुंचाना भी है।

UP AYUSH Plantation Drive 2026: डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने बताया कि यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ‘स्वस्थ उत्तर प्रदेश’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ आयुर्वेद, योग, प्राकृतिक चिकित्सा और औषधीय पौधों के प्रति लोगों को जागरूक करना भी इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।

उन्होंने बताया कि जिन राजकीय एवं निजी आयुष महाविद्यालयों तथा 50 शैय्या वाले एकीकृत आयुष चिकित्सालयों में पर्याप्त भूमि उपलब्ध है, वहां ‘चरक-वन’ विकसित किए जाएंगे। 

UP AYUSH Plantation Drive 2026: इसके अलावा सभी राजकीय आयुष चिकित्सालयों की बाउंड्रीवाल के किनारे औषधीय एवं छायादार पौधों की हरित पट्टी तैयार की जाएगी। विभाग के प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी को कम से कम एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प भी दिलाया जाएगा, ताकि पौधारोपण केवल औपचारिकता न बनकर स्थायी पर्यावरणीय अभियान का रूप ले सके।

UP AYUSH Plantation Drive 2026: 4052 संस्थानों में होगा पौधारोपण

आयुष विभाग के अनुसार प्रदेश के कुल 4052 आयुष चिकित्सालयों एवं संस्थानों में पौधारोपण किया जाएगा। इनमें आयुर्वेद चिकित्सालयों में 1,05,500, यूनानी चिकित्सालयों में 10,800, होम्योपैथिक चिकित्सालयों में 79,250 तथा आयुष महाविद्यालयों, फार्मेसी संस्थानों और 50 शैय्या वाले एकीकृत आयुष चिकित्सालयों में 12,050 पौधे लगाए जाएंगे। इस प्रकार कुल 2,07,600 पौधों के रोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

UP AYUSH Plantation Drive 2026: 27 प्रकार के औषधीय पौधे लगाए जाएंगे

अभियान के तहत क्षेत्रीय आवश्यकताओं के अनुसार 27 प्रकार के औषधीय एवं उपयोगी पौधों का चयन किया गया है। इनमें आंवला, अश्वगंधा, गिलोय, तुलसी, नीम, शतावरी, अर्जुन, ब्राह्मी, हर्र, जामुन, अमरूद, शीशम, अशोक सहित कई महत्वपूर्ण औषधीय प्रजातियां शामिल हैं। इन पौधों से भविष्य में आयुष औषधियों के लिए गुणवत्तापूर्ण कच्चा माल उपलब्ध होने के साथ-साथ जैव विविधता और पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी।

UP AYUSH Plantation Drive 2026: जियो-टैगिंग से होगी निगरानी

आयुष विभाग के जनसंपर्क अधिकारी गौरव राठी ने बताया कि पूरे अभियान को प्रभावी बनाने के लिए सभी जिलों में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रत्येक आयुष संस्थान में एक प्रभारी अधिकारी की नियुक्ति की जाएगी और लगाए गए पौधों की जियो-टैगिंग कर उनकी नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाएगी। 

UP AYUSH Plantation Drive 2026: इससे पौधों के संरक्षण और उनकी वास्तविक स्थिति पर लगातार नजर रखी जा सकेगी। उन्होंने कहा कि विभाग इस अभियान को जनभागीदारी से जोड़कर जन-आंदोलन का स्वरूप देना चाहता है। अभियान के दौरान वरिष्ठ कार्यकर्ताओं और समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों को औषधीय पौधे भेंट किए जाएंगे तथा उनसे पौधों की देखभाल का संकल्प भी लिया जाएगा। इससे ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को नई गति मिलेगी और पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों की सहभागिता बढ़ेगी।

UP AYUSH Plantation Drive 2026: स्वस्थ उत्तर प्रदेश की दिशा में महत्वपूर्ण पहल

आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने विश्वास जताया कि यह वृहद वृक्षारोपण अभियान आने वाले वर्षों में प्रदेश को अधिक हरित बनाने के साथ-साथ आमजन को सुलभ, सस्ती और गुणवत्तापूर्ण आयुष औषधियां उपलब्ध कराने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य संवर्धन और औषधीय पौधों के संरक्षण का यह अभियान ‘स्वस्थ उत्तर प्रदेश’ के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *