Namo Book Fest : वाराणसी के रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में दो दिवसीय ‘नमो बुक फेस्ट’ का शुभारंभ हुआ। PM मोदी पर 500 से अधिक किताबों की प्रदर्शनी देखकर अकी आबे प्रभावित हुईं।
Namo Book Fest : काशी में ‘नमो बुक फेस्ट’ का शुभारंभ, PM मोदी पर 500 से अधिक किताबों की प्रदर्शनी देख अकी आबे हुईं अभिभूत
Namo Book Fest : वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संवैधानिक पदों पर 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर वाराणसी के रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में बुधवार को दो दिवसीय ‘नमो बुक फेस्ट’ का शुभारंभ हुआ। आयोजन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन, राजनीतिक यात्रा, नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर आधारित पुस्तकों और साहित्य को प्रदर्शित किया गया है।
Namo Book Fest : बुक फेस्ट में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहुंचे। उनके साथ जापान के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय शिंजो आबे की पत्नी श्रीमती अकी आबे ने भी समारोह में शिरकत की। अकी आबे ने फेस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर लिखी गई 500 से अधिक पुस्तकों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इतनी बड़ी संख्या में प्रधानमंत्री मोदी पर प्रकाशित पुस्तकों को देखकर वह काफी प्रभावित और आश्चर्यचकित नजर आईं।
Namo Book Fest : PM मोदी पर लिखी 500 से अधिक किताबों का प्रदर्शन
‘नमो बुक फेस्ट’ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राजनीतिक और सार्वजनिक जीवन से संबंधित विभिन्न पुस्तकों को एक स्थान पर प्रदर्शित किया गया है। प्रदर्शनी में उनके विचारों, नेतृत्व शैली, सामाजिक सरोकारों, विकास कार्यों और देश-विदेश में उनकी भूमिका से जुड़े साहित्य को प्रमुखता दी गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी प्रदर्शनी का अवलोकन किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन एवं कार्यों पर आधारित पुस्तकों के बारे में जानकारी ली। इस दौरान CMPPR के डायरेक्टर एवं वरिष्ठ पत्रकार अशोक श्रीवास्तव ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
Namo Book Fest : ‘मोदी के पच्चीस साल’ पर हुई पैनल चर्चा
बुक फेस्ट के पहले दिन विभिन्न सत्रों के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन और राजनीतिक यात्रा पर चर्चा की गई। कार्यक्रम की शुरुआत वरिष्ठ पत्रकार अशोक श्रीवास्तव के विषय प्रवर्तन से हुई। इसके बाद ‘हनुमान अंश’ की प्रोड्यूसर अनुप्रिया नागर ने अपनी बात रखी। इसके बाद आयोजित मुख्य पैनल चर्चा ‘मोदी के पच्चीस साल’ में विभिन्न वक्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की राजनीतिक यात्रा, उनके नेतृत्व और पिछले 25 वर्षों में उनके सार्वजनिक जीवन में आए बदलावों पर विचार रखे।
Namo Book Fest : पैनल चर्चा में किशोर मकवाना, अरविंद चतुर्वेदी, मुकेश मोहन गुप्त और डॉ. पवन विजय ने हिस्सा लिया। वक्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लंबे सार्वजनिक जीवन और उनके नेतृत्व में देश में हुए विभिन्न बदलावों के अलग-अलग पहलुओं पर चर्चा की।
Namo Book Fest : दिल्ली से पहुंचीं महिला बाइकर कंचन भी बनीं आकर्षण
कार्यक्रम में दिल्ली से आईं महिला बाइकर कंचन भी मौजूद रहीं। उनकी मौजूदगी ने आयोजन को एक अलग आकर्षण दिया। दो दिवसीय ‘नमो बुक फेस्ट’ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन और उनके 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन से जुड़े विभिन्न विषयों पर आधारित कार्यक्रम और चर्चाएं आयोजित की जा रही हैं। काशी में आयोजित यह बुक फेस्ट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों के सफर को पुस्तकों, चर्चाओं और विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से सामने रखने का प्रयास है। बुधवार को हुए उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और अकी आबे की मौजूदगी ने आयोजन को खास बना दिया।