Dev Deepawali 2026 Varanasi : वाराणसी में देव दीपावली 2026 पर 21 लाख दीपों से काशी के 84 घाट जगमगा उठे। गंगा आरती, आतिशबाजी, 3डी लेजर शो और ड्रोन शो ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों का मन मोह लिया।

Dev Deepawali 2026 Varanasi : देव दीपावली पर सोने सी दमकी काशी, 21 लाख दीपों से जगमगाए गंगा के 84 घाट, आतिशबाजी और लेजर शो ने मोहा मन
Dev Deepawali 2026 Varanasi : वाराणसी। धर्म और आध्यात्म की नगरी काशी में मंगलवार को देव दीपावली का पर्व बेहद भव्य और दिव्य अंदाज में मनाया गया। गंगा के अर्धचंद्राकार तट पर दीपों की रोशनी ऐसी बिखरी कि पूरी काशी सोने की तरह दमक उठी। गंगा के दोनों किनारों पर लाखों दीपों की जगमगाहट ने अद्भुत दृश्य प्रस्तुत किया। शुभ मुहूर्त में 21 लाख दीपों से काशी के 84 गंगा घाट रोशन हो उठे। इस अलौकिक नजारे को देखने के लिए देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक वाराणसी पहुंचे। शाम ढलते ही गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी। हर-हर महादेव के उद्घोष और घंटा-घड़ियाल की गूंज के बीच दीपदान का सिलसिला शुरू हुआ। नमो घाट पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम की शुरुआत हर-हर महादेव के जयघोष के साथ हुई। इसके बाद गंगा आरती, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और भव्य आतिशबाजी ने आयोजन की रौनक बढ़ा दी।
Dev Deepawali 2026 Varanasi : 21 लाख दीपों से जगमगाए काशी के 84 घाट

देव दीपावली के अवसर पर काशी के 84 गंगा घाटों को आकर्षक ढंग से सजाया गया। घाटों की सीढ़ियों, मंदिरों और आसपास के भवनों पर दीपों की कतारें सजाई गईं। शुभ मुहूर्त में लाखों दीप एक साथ प्रज्ज्वलित किए गए तो गंगा का अर्धचंद्राकार तट रोशनी से नहा उठा। गंगा की लहरों पर तैरते दीपों का प्रतिबिंब ऐसा लग रहा था, मानो आसमान के सितारे धरती पर उतर आए हों। दशाश्वमेध घाट, अस्सी घाट, नमो घाट और हरिश्चंद्र घाट समेत सभी प्रमुख घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। गंगा के दोनों तटों पर दीपों की रोशनी और आकर्षक सजावट ने काशी की सुंदरता में चार चांद लगा दिए।
Dev Deepawali 2026 Varanasi : आतिशबाजी, 3डी लेजर और ड्रोन शो ने बढ़ाई भव्यता

देव दीपावली के अवसर पर गंगा घाटों और गंगा पार जमकर आतिशबाजी की गई। आसमान में रंग-बिरंगी रोशनी के बीच गंगा की लहरों पर दीपों की झिलमिलाहट ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके साथ ही 3डी लेजर शो, ड्रोन शो और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया। आधुनिक तकनीक और काशी की प्राचीन धार्मिक परंपरा का यह संगम पर्यटकों के लिए खास आकर्षण रहा। नमो घाट पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। लोगों ने अपने मोबाइल फोन में इस ऐतिहासिक और मनमोहक दृश्य को कैद किया।
Dev Deepawali 2026 Varanasi : पर्यटकों में दिखा जबरदस्त उत्साह, बोले- हर बार कुछ नया अनुभव

देव दीपावली का नजारा देखने पहुंचे पर्यटकों में खासा उत्साह नजर आया। पहली बार नमो घाट पहुंचे आदित्य सिंह ने कहा कि यहां आकर उन्हें बेहद उत्साह और सुख की अनुभूति हो रही है। उन्होंने घाट पर साफ-सफाई और व्यवस्थाओं की भी सराहना की। वहीं, आजमगढ़ के विशाल राय ने बताया कि वह पिछले तीन वर्षों से देव दीपावली देखने काशी आ रहे हैं। नमो घाट का आयोजन उन्हें हर बार नया अनुभव देता है। इस बार उनके गांव रानी की सराय से भी कई युवा इस भव्य उत्सव को देखने पहुंचे हैं।
Dev Deepawali 2026 Varanasi : पद्मश्री अनूप जलोटा बोले- स्वर्ग जैसी है काशी की दिव्यता
देव दीपावली के अवसर पर दशाश्वमेध घाट पहुंचे भजन सम्राट पद्मश्री अनूप जलोटा भी काशी की भव्यता से अभिभूत नजर आए। उन्होंने काशी की दिव्यता को स्वर्ग जैसा बताया। गंगा के तट पर दीपों की रोशनी, धार्मिक अनुष्ठान और भक्ति संगीत के बीच उन्होंने इस आयोजन की आध्यात्मिक महत्ता को सराहा।
Dev Deepawali 2026 Varanasi : गंगा-गोमती संगम घाट पर सवा लाख दीपों से हुआ दीपदान
देव दीपावली का उत्साह सिर्फ वाराणसी के प्रमुख गंगा घाटों तक ही सीमित नहीं रहा। कैथी स्थित श्री मार्कंडेय महादेव घाट से गंगा-गोमती संगम घाट तक भी भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया गया। मंगलवार की देर शाम यहां सवा लाख दीप प्रज्ज्वलित किए गए। मां जान्हवी प्रज्ञा सेवा समिति की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम की तैयारियों में दोपहर से ही बच्चे और महिलाएं जुट गए थे। सभी ने मिलकर दीप सजाए, उनमें बाती रखी और तेल डाला। शाम होते ही संगम क्षेत्र दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। श्रद्धालुओं ने दीपदान कर सुख-समृद्धि की कामना की।

Dev Deepawali 2026 Varanasi : पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने लॉन्च किया ‘वाराणसी 84 घाट ऑडियो टूर’
देव दीपावली-2026 के अवसर पर उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने पर्यटकों को एक खास सौगात दी। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने जीपीएस आधारित ‘वाराणसी 84 घाट ऑडियो बुक-ऑडियो टूर’ का शुभारंभ किया। इस पहल के माध्यम से पर्यटक काशी के 84 घाटों का इतिहास, धार्मिक मान्यताएं, पौराणिक कथाएं और सांस्कृतिक विरासत आसानी से जान सकेंगे। जीपीएस आधारित इस सुविधा से पर्यटकों को घाटों के बारे में जानकारी प्राप्त करने में मदद मिलेगी। इससे काशी की ऐतिहासिक और आध्यात्मिक पहचान को देश-दुनिया के लोगों तक पहुंचाने में भी सहायता मिलेगी।
Dev Deepawali 2026 Varanasi : झालरों से जगमगाया राजघाट पुल, गंगा की लहरों पर दिखी रोशनी
देव दीपावली के मौके पर राजघाट पुल को भी रंग-बिरंगी झालरों से सजाया गया। पुल के पिलरों पर लगी आकर्षक रोशनी लोगों के आकर्षण का केंद्र रही। गंगा की लहरों में झिलमिलाते दीप और रोशनी से जगमगाता राजघाट पुल बेहद मनमोहक दृश्य प्रस्तुत कर रहा था। इस नजारे को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पुल और आसपास के क्षेत्रों में रुके नजर आए। गंगा के दोनों किनारों पर दीपों की लंबी कतारों ने पूरी काशी को उत्सव के रंग में रंग दिया।
Dev Deepawali 2026 Varanasi : हरिश्चंद्र घाट पर भी उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
देव दीपावली की दिव्यता देखने के लिए हरिश्चंद्र घाट पर भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचे। पूरे घाट को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। दीपों की रोशनी और गंगा तट पर धार्मिक आयोजन के बीच श्रद्धालुओं ने दीपदान किया और मां गंगा से सुख-शांति की कामना की। काशी में देव दीपावली का यह भव्य आयोजन एक बार फिर दुनिया के सामने यहां की प्राचीन धार्मिक परंपरा, सांस्कृतिक विरासत और आध्यात्मिक पहचान की अनूठी तस्वीर पेश कर गया। दीपों से जगमगाते 84 घाट, गंगा की लहरों पर रोशनी का प्रतिबिंब और हर-हर महादेव के जयघोष ने इस शाम को यादगार बना दिया।