MGKVP 48th Convocation 2026 : महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ का 48वां दीक्षांत समारोह 28 जुलाई 2026 को रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में आयोजित होगा। कैप्टन बी.के. त्यागी मुख्य अतिथि होंगे। 63,183 विद्यार्थियों को उपाधि और 26 मेधावी विद्यार्थियों को 43 स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे।
MGKVP 48th Convocation 2026 : वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ का 48वां दीक्षांत समारोह 28 जुलाई 2026 को रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर, सिगरा में आयोजित किया जाएगा। समारोह की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल करेंगी, जबकि शिपिंग कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया, मुंबई के सीएमडी कैप्टन बी.के. त्यागी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस वर्ष का दीक्षांत समारोह “विगत एक दशक में भारत की उपलब्धियां : विकसित भारत 2047 की आधारशीला” थीम पर आधारित होगा। रविवार को विश्वविद्यालय के डॉ. भगवान दास केंद्रीय पुस्तकालय स्थित समिति कक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता में कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी ने समारोह की विस्तृत जानकारी दी।
MGKVP 48th Convocation 2026 : दीक्षोत्सव-2026 के तहत हुए विविध आयोजन
कुलपति ने बताया कि दीक्षांत समारोह से पहले दीक्षोत्सव-2026 के अंतर्गत विश्वविद्यालय परिसर और गोद लिए गए गांवों में अनेक शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें मां-बेटी कार्यक्रम, भाषण, निबंध, कविता, चित्रकला, कहानी कथन, लोक नृत्य, देशभक्ति समूह गीत, पारंपरिक खेल, पुस्तक पठन एवं समीक्षा लेखन, छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण तथा स्वच्छता अभियान जैसी गतिविधियां शामिल रहीं।
MGKVP 48th Convocation 2026 : 26 विद्यार्थियों को मंच से मिलेंगे 43 स्वर्ण पदक
इस वर्ष विश्वविद्यालय एवं संबद्ध महाविद्यालयों के टॉपर्स को अलग-अलग स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे। मंच से 26 विद्यार्थियों (20 छात्राएं और 6 छात्र) को कुल 43 स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे। इनमें स्नातक स्तर के 8, स्नातकोत्तर स्तर के 16 मेधावी विद्यार्थी तथा दो उत्कृष्ट खिलाड़ी सुमित कुमार भारती और अंजलि कुमारी शामिल हैं। विशेष बात यह है कि 17 विद्यार्थियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर दो-दो स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे।
MGKVP 48th Convocation 2026 : 63,183 विद्यार्थियों को मिलेगी उपाधि
दीक्षांत समारोह में इस वर्ष कुल 63,183 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। इनमें—
स्नातक: 49,659 विद्यार्थी (18,708 छात्र एवं 30,951 छात्राएं)
स्नातकोत्तर: 13,401 विद्यार्थी (3,421 छात्र एवं 9,980 छात्राएं)
पीएचडी: 123 शोधार्थी (54 छात्र एवं 69 छात्राएं)
कुल मिलाकर 22,183 छात्र और 41,000 छात्राएं डिग्री प्राप्त करेंगी।
MGKVP 48th Convocation 2026 : वाई. श्रीधर राव को मिलेगा मानद डी.लिट.
समारोह में श्री देवी हैंडलूम, तेलंगाना के संस्थापक वाई. श्रीधर राव को समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए मानद डी.लिट. की उपाधि से सम्मानित किया जाएगा।
MGKVP 48th Convocation 2026 : ये होंगे विशिष्ट अतिथि
समारोह में उत्तर प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय अति विशिष्ट अतिथि तथा राज्य मंत्री रजनी तिवारी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि समारोह का ऑनलाइन प्रसारण विश्वविद्यालय के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर किया जाएगा। साथ ही सभी आमंत्रित अतिथियों और विद्यार्थियों से दीक्षांत आमंत्रण पत्र साथ लाने की अपील की गई है, ताकि आयोजन स्थल पर किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
MGKVP 48th Convocation 2026 : 17 विद्यार्थियों को मिलेंगे दो-दो स्वर्ण पदक
इस वर्ष कई मेधावी विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक के साथ स्मृति स्वर्ण पदक भी प्रदान किए जाएंगे। प्रमुख नाम इस प्रकार हैं—
त्रिशा सिंह गौतम (बी.एससी. ऑनर्स कृषि) – श्री भगवान दास स्मृति स्वर्ण पदक एवं विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक
निधि श्रीवास्तव (बी.एड.) – प्रो. के.पी. पांडेय स्मृति स्वर्ण पदक एवं विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक
हरि प्रिया (एलएलबी) – कृष्ण वासुदेव स्मृति स्वर्ण पदक एवं विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक
दिशा सिंह एवं खुशबू सरोज (एम.ए. योग) – डॉ. विभूति नारायण सिंह स्मृति स्वर्ण पदक एवं विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक
प्रियाशी कुशवाहा (एम.एड.) – प्रो. के.पी. पांडेय स्मृति स्वर्ण पदक एवं विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक
अभिषेक सिंह (एलएलएम) – जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती स्वर्ण पदक एवं विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक
सुनीता यादव (एम.एससी. गणित) – श्री बटुक प्रसाद सिंह स्मृति स्वर्ण पदक एवं विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक
ब्रिजेश कुमार प्रजापति (एम.ए. हिंदी) – डॉ. शंभूनाथ सिंह स्मृति स्वर्ण पदक एवं विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक
निशा सिंह (एम.ए. पत्रकारिता एवं जनसंचार) – श्री अतुल माहेश्वरी स्मृति स्वर्ण पदक एवं विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक
संगीता पटेल (एम.ए. संस्कृत) – जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती स्वर्ण पदक एवं विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक
अनन्या त्रिपाठी (एम.ए. इतिहास) – राम जनम सिंह स्मृति स्वर्ण पदक एवं विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक
जय गुप्ता (एम.एफ.ए. पेंटिंग) – डॉ. शरद बंसल स्मृति स्वर्ण पदक एवं विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक
शिवांगी पटेल (एम.ए. अर्थशास्त्र) – प्रो. दुधनाथ चतुर्वेदी स्मृति स्वर्ण पदक एवं विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक
राज सिंह (एम.सी.ए.) – सीताराम जिंदल फाउंडेशन स्वर्ण पदक एवं विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक
अंकिता रस्तोगी (एम.एस.डब्ल्यू.) – प्रो. सी.पी. गोयल स्मृति स्वर्ण पदक एवं विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक
अंजली चेलानी (एम.बी.ए.) – सीताराम जिंदल फाउंडेशन स्वर्ण पदक एवं विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक
MGKVP 48th Convocation 2026 : प्रेस वार्ता में रहे मौजूद
प्रेस वार्ता में कुलसचिव डॉ. सुनीता पांडेय, कुलानुशासक प्रो. के.के. सिंह, परीक्षा नियंत्रक दीप्ति मिश्रा सहित विश्वविद्यालय के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।