Kashi Vidyapith Shaikshanik Pravas : महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में कुलपति प्रो. आनन्द कुमार त्यागी ने डॉ. नागेन्द्र कुमार सिंह द्वारा संपादित ‘शैक्षणिक प्रवास’ पत्रिका का लोकार्पण किया तथा ‘विद्या का आनन्द विद्यापीठ’ डॉक्यूमेंट्री का प्रथम प्रदर्शन हुआ। जानिए कार्यक्रम की पूरी जानकारी।
Kashi Vidyapith Shaikshanik Pravas : काशी विद्यापीठ में ‘शैक्षणिक प्रवास’ पत्रिका का लोकार्पण, ‘विद्या का आनन्द विद्यापीठ’ डॉक्यूमेंट्री का हुआ प्रथम प्रदर्शन
Kashi Vidyapith Shaikshanik Pravas : डॉ. नागेन्द्र कुमार सिंह के संपादन और निर्देशन में तैयार दोनों कृतियों का कुलपति प्रो. आनन्द कुमार त्यागी ने किया विमोचन
Kashi Vidyapith Shaikshanik Pravas : वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में रविवार को शिक्षा, शोध और विश्वविद्यालय की गौरवशाली विरासत को समर्पित दो महत्वपूर्ण रचनात्मक कृतियों का लोकार्पण किया गया। विश्वविद्यालय के महामना मदन मोहन मालवीय हिन्दी पत्रकारिता संस्थान के निदेशक एवं पत्रकारिता एवं जनसंचार विभागाध्यक्ष डॉ. नागेन्द्र कुमार सिंह द्वारा संपादित ‘शैक्षणिक प्रवास’ पत्रिका तथा उनके निर्देशन में निर्मित ‘विद्या का आनन्द विद्यापीठ’ डॉक्यूमेंट्री का कुलपति प्रो. आनन्द कुमार त्यागी ने औपचारिक विमोचन किया। इस अवसर पर डॉक्यूमेंट्री का प्रथम प्रदर्शन भी किया गया, जिसे उपस्थित शिक्षकों, अधिकारियों एवं विद्यार्थियों ने सराहा।
Kashi Vidyapith Shaikshanik Pravas : डॉ. भगवान दास केंद्रीय पुस्तकालय के समिति कक्ष में आयोजित कार्यक्रम में कुलपति प्रो. आनन्द कुमार त्यागी ने कहा कि ‘शैक्षणिक प्रवास’ केवल एक पत्रिका नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की जिज्ञासा, अनुभव और सीख का जीवंत दस्तावेज है। वहीं ‘विद्या का आनन्द विद्यापीठ’ डॉक्यूमेंट्री विश्वविद्यालय की ऐतिहासिक विरासत, राष्ट्रीय चेतना और राष्ट्र निर्माण की भावना को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करती है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1921 में राष्ट्रीय आंदोलन की पृष्ठभूमि में स्थापित महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ केवल एक शिक्षण संस्थान नहीं, बल्कि त्याग, स्वाभिमान और राष्ट्र निर्माण की प्रयोगशाला रहा है। यह डॉक्यूमेंट्री उस ऐतिहासिक विरासत, संघर्ष और संकल्प को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पत्रिका और डॉक्यूमेंट्री दोनों विश्वविद्यालय के अन्य विभागों को भी इस प्रकार के शैक्षणिक एवं रचनात्मक कार्यों के लिए प्रेरित करेंगी।
Kashi Vidyapith Shaikshanik Pravas : विद्यार्थियों के शैक्षणिक अनुभवों का दस्तावेज बनी ‘शैक्षणिक प्रवास’
पत्रिका के संपादक डॉ. नागेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि ‘शैक्षणिक प्रवास’ में विश्वविद्यालय के महामना मदन मोहन मालवीय हिन्दी पत्रकारिता संस्थान, पर्यटन अध्ययन संस्थान, मनोविज्ञान विभाग तथा समाज कार्य विभाग के विद्यार्थियों के शैक्षणिक भ्रमण, अध्ययन यात्राओं और उनके अनुभवों को संकलित किया गया है। उन्होंने कहा कि जब विद्यार्थी मीडिया संस्थानों, संसद, न्यायालय, ऐतिहासिक स्थलों और विभिन्न सामाजिक क्षेत्रों का भ्रमण करते हैं तथा वहां की कार्यप्रणाली को निकट से समझते हैं, तब उनकी कक्षा में अर्जित शिक्षा वास्तविक जीवन के अनुभव में परिवर्तित हो जाती है। पत्रिका का प्रत्येक पृष्ठ विद्यार्थियों की सीख, जिज्ञासा, चुनौतियों और उनके समाधान की कहानी कहता है।
Kashi Vidyapith Shaikshanik Pravas : डॉक्यूमेंट्री में दिखी विद्यापीठ की गौरवगाथा
‘विद्या का आनन्द विद्यापीठ’ डॉक्यूमेंट्री का निर्देशन डॉ. नागेन्द्र कुमार सिंह ने किया है। डॉक्यूमेंट्री की लेखन टीम में डॉ. नागेन्द्र पाठक, डॉ. शिवजी सिंह और डॉ. अजय वर्मा शामिल रहे। वहीं इसका वॉयस ओवर अनिरुद्ध पाण्डेय ने किया, जबकि पुलकित जायसवाल और समर प्रताप सिंह ने निर्माण कार्य में सहयोग दिया। डॉक्यूमेंट्री में महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ की स्थापना, स्वतंत्रता आंदोलन में उसकी भूमिका, शैक्षणिक उपलब्धियां, सामाजिक योगदान तथा वर्तमान विकास यात्रा को प्रभावशाली दृश्य और शोधपरक प्रस्तुति के माध्यम से दर्शाया गया है।
Kashi Vidyapith Shaikshanik Pravas : संपादकीय टीम और अतिथियों की रही उपस्थिति
‘शैक्षणिक प्रवास’ पत्रिका के उप-संपादक डॉ. चन्द्रशील पाण्डेय तथा सह-संपादक डॉ. मुंकेश कुमार शुक्ल हैं। कार्यक्रम का संचालन डॉ. प्रभा शंकर मिश्र ने किया।
इस अवसर पर कुलसचिव डॉ. सुनीता पाण्डेय, कुलानुशासक प्रो. के.के. सिंह, परीक्षा नियंत्रक दीप्ति मिश्रा, डॉ. श्रीराम त्रिपाठी, डॉ. वैष्णवी शुक्ला, डॉ. चन्द्रशील पाण्डेय, अनिरुद्ध पाण्डेय, पुलकित जायसवाल, साजिया, समर प्रताप सिंह सहित विश्वविद्यालय के अनेक शिक्षक, अधिकारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।