Bhadohi Road Accident : भदोही के रजपुरा चौराहे पर तेज रफ्तार ट्रक से कुचलकर ट्रांसपोर्ट संचालक की मौत। घटना के बाद लोगों ने किया सड़क जाम, पुलिस ने स्थिति संभाली।
Bhadohi Road Accident : उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सभी को झकझोर दिया। रजपुरा चौराहे के पास तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से एक ट्रांसपोर्ट संचालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने सड़क जाम कर जमकर हंगामा किया।
मृतक की पहचान शैलेश पांडेय उर्फ बबलू (50) के रूप में हुई है, जो जौनपुर जिले के पंचवल, रामपुर के निवासी थे और ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़े थे। बताया जा रहा है कि वे हर मंगलवार को विंध्यवासिनी धाम में दर्शन के लिए जाया करते थे।
Bhadohi Road Accident : मंगलवार सुबह भी वे घर से दर्शन के लिए निकले थे, लेकिन घर से महज 15 मिनट की दूरी पर ही यह हादसा हो गया। जैसे ही वे रजपुरा चौराहे पर पहुंचे, उसी दौरान औराई की ओर से आ रहा तेज रफ्तार ट्रक अचानक मुड़ा और उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। ट्रक के पहिए के नीचे आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। हादसे से नाराज स्थानीय लोगों ने रजपुरा चौराहे पर जाम लगा दिया और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। करीब 15-20 मिनट तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। क्षेत्राधिकारी अशोक कुमार मिश्रा और कोतवाल सच्चिदानंद पांडेय ने लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी तलाश जारी है।
Bhadohi Road Accident : यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर करता है। प्रशासन द्वारा सख्त कार्रवाई और सड़क सुरक्षा नियमों के पालन की आवश्यकता है, ताकि ऐसे हादसों को रोका जा सके।