Varanasi Car Accident : वाराणसी के मंडुवाडीह क्षेत्र में तेज रफ्तार टियागो ईवी कार ने मां और पांच साल के बेटे को कुचल दिया। हादसे में मासूम की मौत हो गई जबकि महिला गंभीर रूप से घायल है। चालक मौके से फरार हो गया।

Varanasi Car Accident : वाराणसी में दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार कार ने मां-बेटे को कुचला, पांच साल के मासूम की मौत
Varanasi Car Accident : वाराणसी के मंडुवाडीह थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। मड़ौली स्थित क्राइस्ट स्कूल के सामने तेज रफ्तार टियागो ईवी कार ने पैदल जा रही मां और उसके पांच वर्षीय बेटे को कुचल दिया। हादसे में मासूम वंश शर्मा की मौत हो गई, जबकि उसकी मां सरिता शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद चालक कार छोड़कर मौके से फरार हो गया।
Varanasi Car Accident : बाजार से लौटते समय हुआ हादसा
Varanasi Car Accident : जानकारी के अनुसार सुल्तानपुर जिले के गोविंदपुर निवासी विपिन शर्मा मंडुवाडीह के मड़ौली स्थित वाराणसी इंक्लेव कॉलोनी में किराये के मकान में रहते हैं। विपिन शर्मा मंडुवाडीह-ककरमत्ता फ्लाईओवर के पास स्थित एक होटल में चालक का काम करते हैं।
Varanasi Car Accident : शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे उनकी पत्नी सरिता शर्मा अपने इकलौते बेटे वंश शर्मा के साथ बाजार से सब्जी खरीदकर पैदल घर लौट रही थीं। जैसे ही दोनों क्राइस्ट स्कूल के सामने पहुंचे, मोड़ैला की ओर से तेज रफ्तार में आ रही टियागो ईवी कार ने फुटपाथ पर चल रहे मां-बेटे को जोरदार टक्कर मार दी।
Varanasi Car Accident : डिवाइडर से टकराई कार, चालक फरार
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। दोनों को पहले पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। वहां डॉक्टरों ने पांच वर्षीय वंश शर्मा को मृत घोषित कर दिया, जबकि सरिता शर्मा का इलाज जारी है।
Varanasi Car Accident : बेटे की मौत से परिवार में मचा कोहराम
इकलौते बेटे की मौत की खबर मिलते ही पिता विपिन शर्मा बेसुध हो गए। अस्पताल में बेटे का शव देखकर परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
Varanasi Car Accident : पुलिस ने कार कब्जे में ली
मंडुवाडीह इंस्पेक्टर अजय राज वर्मा ने बताया कि दुर्घटना में शामिल टियागो ईवी कार का पंजीकरण जितेंद्र कुमार के नाम पर है। पुलिस वाहन स्वामी और चालक के बारे में जानकारी जुटा रही है। बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को क्रेन की मदद से बरेका पुलिस चौकी परिसर में खड़ा कराया है। पिता विपिन शर्मा की तहरीर के आधार पर कार मालिक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जा रही है।
Varanasi Car Accident : 12 दिनों में दूसरी बड़ी दुर्घटना
स्थानीय लोगों के अनुसार मंडुवाडीह-मड़ौली मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। पिछले 12 दिनों में 2.5 किलोमीटर के दायरे में यह दूसरी बड़ी सड़क दुर्घटना है। इससे पहले 10 मई की रात भुल्लनपुर पीएसी के पास तेज रफ्तार थार वाहन ने बाइक सवार सोनी राजभर और उनकी पांच वर्षीय बेटी को कुचल दिया था। उस हादसे में मां-बेटी की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि बाइक चला रहे मनीष राजभर गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
Varanasi Car Accident : स्थानीय लोगों में आक्रोश
क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि मंडुवाडीह-मड़ौली रोड पर वाहनों की रफ्तार पर कोई नियंत्रण नहीं है। शाम के समय सड़क किनारे शराब और बीयर पीने वालों की भीड़ लग जाती है, जिससे सड़क हादसों का खतरा और बढ़ जाता है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से सड़क पर स्पीड कंट्रोल, पुलिस पेट्रोलिंग और ट्रैफिक व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसे दर्दनाक हादसों को रोका जा सके।