Varanasi Hotel Murder Case : वाराणसी होटल हत्याकांड: साली की गला रेतकर हत्या, युवक ने फंदे से दी जान

Varanasi Hotel Murder Case : वाराणसी के बाबतपुर स्थित होटल में युवक ने प्रेम संबंध और शादी के विवाद में युवती की गला रेतकर हत्या कर दी। इसके बाद खुद फंदे से लटककर जान दे दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Varanasi Hotel Murder Case : वाराणसी। पत्नी बताकर साली के साथ होटल में ठहरा युवक, गला रेतकर हत्या के बाद खुद भी फंदे से लटका; जनवरी में होनी थी युवती की शादी

Varanasi Hotel Murder Case : वाराणसी में होटल के कमरे में युवक और युवती के शव मिलने से सनसनी, युवती की गला रेतकर हत्या; युवक ने फांसी लगाकर दी जान, मौके से सिंदूर की डिब्बी बरामद

Varanasi Hotel Murder Case : वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में एक होटल के कमरे में युवक और युवती के शव मिलने से हड़कंप मच गया। युवक ने युवती की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी और इसके बाद खुद भी फंदे से लटककर जान दे दी। शुरुआती पुलिस जांच में मामला प्रेम संबंध, शादी के दबाव और पारिवारिक विवाद से जुड़ा सामने आया है। युवती की शादी दूसरी जगह तय हो चुकी थी और उसकी सगाई भी हो गई थी। जनवरी में उसकी शादी होनी थी। इसी बात को लेकर युवक नाराज चल रहा था।

Varanasi Hotel Murder Case : घटना बड़ागांव थाना क्षेत्र में बाबतपुर एयरपोर्ट रोड स्थित केजे इंटरनेशनल होटल की है। मृतकों की पहचान मंडुवाडीह के बीएलडब्ल्यू निवासी जय विकास (20) और बड़ागांव के बसनी निवासी प्रिया केसरी (23) के रूप में हुई है। हैरानी की बात यह है कि दोनों के बीच पारिवारिक रिश्ता भी था। प्रिया की बड़ी बहन की शादी जय विकास के बड़े भाई से हुई थी। इसी रिश्ते के चलते दोनों एक-दूसरे को जानते थे।

Varanasi Hotel Murder Case : पत्नी बताकर होटल में बुक कराया कमरा

जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब एक बजे जय विकास और प्रिया केसरी बाबतपुर एयरपोर्ट रोड स्थित केजे इंटरनेशनल होटल पहुंचे। दोनों ने खुद को पति-पत्नी बताते हुए होटल में कमरा बुक कराया था। होटल के प्रवेश रजिस्टर में दोनों ने आधार कार्ड के माध्यम से अपनी पहचान और पता दर्ज कराया। कमरा मिलने के बाद दोनों अंदर चले गए। बताया जा रहा है कि उन्होंने खाने-पीने का सामान भी ऑर्डर किया था। होटल कर्मचारियों को शुरुआत में किसी तरह की असामान्य गतिविधि का अंदेशा नहीं हुआ।

Varanasi Hotel Murder Case : उधर, प्रिया सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे घर से ब्यूटी पार्लर जाने की बात कहकर निकली थी। वह बड़ागांव में यूनियन बैंक के पास स्थित अनन्या ब्यूटी पार्लर में काम करती थी। शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता होने लगी। परिवार के लोगों ने उसके मोबाइल पर कई बार फोन किया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। इसके बाद परिजनों ने पुलिस से संपर्क किया। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन की जांच की तो दोनों की लोकेशन बाबतपुर क्षेत्र में मिली। इसके बाद पुलिस ने उनकी तलाश शुरू की।

Varanasi Hotel Murder Case : डिनर का ऑर्डर लेने पहुंचा होटल स्टाफ, अंदर से नहीं मिली आवाज

होटल कर्मचारियों के मुताबिक, सोमवार रात करीब 10 बजे स्टाफ डिनर का ऑर्डर लेने के लिए कमरे के बाहर पहुंचा। कर्मचारियों ने कई बार दरवाजा खटखटाया और अंदर मौजूद लोगों को आवाज दी, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।

काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर होटल कर्मचारियों को शक हुआ। उन्होंने इसकी जानकारी होटल मैनेजर को दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

Varanasi Hotel Murder Case : पुलिस टीम दोनों के परिजनों को साथ लेकर होटल पहुंची। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी प्रयास के बाद जब दरवाजा तोड़ा गया तो अंदर का दृश्य देखकर सभी के होश उड़ गए। कमरे में प्रिया केसरी का शव बाथरूम के दरवाजे के पास पड़ा था। उसके गले पर धारदार हथियार से वार के निशान थे। वहीं, जय विकास का शव कमरे में लगे पंखे से लटका हुआ मिला। पुलिस के मुताबिक, युवक ने प्रिया के दुपट्टे का इस्तेमाल कर फंदा बनाया था।

Varanasi Hotel Murder Case : शादी कहीं और तय होने से नाराज था जय विकास

डीसीपी गोमती जोन नीतू कादयान के मुताबिक, जय विकास और प्रिया के बीच प्रेम संबंध थे। दोनों की मुलाकात प्रिया की बड़ी बहन की शादी के बाद हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और उनका रिश्ता प्रेम संबंध में बदल गया। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि प्रिया की शादी दूसरी जगह तय हो चुकी थी। उसकी सगाई भी हो गई थी और जनवरी में विवाह होना निर्धारित था। प्रिया के परिजन इस रिश्ते के पक्ष में नहीं थे। बताया जा रहा है कि युवती भी परिवार की इच्छा के अनुसार दूसरी जगह शादी करने के लिए तैयार हो गई थी।

Varanasi Hotel Murder Case : इस बात से जय विकास नाराज था। पुलिस के अनुसार, वह प्रिया पर उससे शादी करने का दबाव बना रहा था। बताया जा रहा है कि जय अपने साथ सिंदूर की डिब्बी लेकर होटल पहुंचा था। घटनास्थल से पुलिस को सिंदूर की डिब्बी भी बरामद हुई है।

पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि होटल के कमरे में दोनों के बीच किस बात को लेकर विवाद हुआ और घटना किन परिस्थितियों में हुई।

Varanasi Hotel Murder Case : फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज खंगाले

घटना की जानकारी मिलते ही एडीसीपी समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और फॉरेंसिक टीम को बुलाया। टीम ने होटल के कमरे से विभिन्न साक्ष्य जुटाए और जरूरी वस्तुओं से फिंगरप्रिंट लिए। इसके साथ ही होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि दोनों होटल कब पहुंचे थे और उनके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी आया था या नहीं। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना की पूरी परिस्थितियों का पता लगाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *