PM Modi Varanasi Visit : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28-29 अप्रैल को वाराणसी दौरे पर आएंगे, जहां वे बरेका में जनसभा को संबोधित करेंगे और करोड़ों की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे। प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

PM Modi Varanasi Visit : उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहर वाराणसी में एक बार फिर राजनीतिक हलचल तेज होने जा रही है, क्योंकि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 और 29 अप्रैल को दो दिवसीय दौरे पर काशी पहुंचेंगे। इस दौरान वे बनारस लोकोमोटिव वर्क्स (BLW) परिसर में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे और साथ ही करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे।
PM Modi Varanasi Visit : इस प्रस्तावित जनसभा को लेकर प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद हो गया है। भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए बरेका के अलावा संपूर्णानंद स्टेडियम और काशी विद्यापीठ मैदान को वैकल्पिक स्थल के रूप में तैयार किया जा रहा है। अंतिम निर्णय मौसम और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए लिया जाएगा। प्रधानमंत्री के इस दौरे में कई महत्वपूर्ण विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास संभावित है। जिला प्रशासन ने विभिन्न विभागों से परियोजनाओं की सूची मांगी है, जिन्हें प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) को भेजकर अंतिम मंजूरी ली जाएगी। इन योजनाओं का उद्देश्य वाराणसी के बुनियादी ढांचे, यातायात और नागरिक सुविधाओं को और मजबूत करना है।

PM Modi Varanasi Visit : दौरे की तैयारियों के तहत लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (बाबतपुर एयरपोर्ट) से लेकर बरेका तक के पूरे मार्ग का कायाकल्प किया जा रहा है। लोक निर्माण विभाग को सड़कों को ‘पैचलेस’ बनाने का जिम्मा सौंपा गया है, जिसके लिए जेई स्तर पर सर्वे जारी है। इसके अलावा लहरतारा से मंडुवाडीह के बीच निर्माणाधीन फ्लाईओवर क्षेत्र में भी विशेष मरम्मत और सौंदर्यीकरण का कार्य किया जा रहा है।
PM Modi Varanasi Visit : सुरक्षा के लिहाज से भी प्रशासन कोई कसर नहीं छोड़ रहा है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पूरे रूट का बारीकी से निरीक्षण कर रहे हैं। इस क्रम में पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने प्रस्तावित कार्यक्रम स्थलों और पुलिस लाइन का निरीक्षण कर सुरक्षा, प्रोटोकॉल और समन्वय व्यवस्था की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान ‘जी-12’ आवासीय परिसर के निर्माण कार्य की गुणवत्ता और समयसीमा पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही पुलिस लाइन और अन्य आवासीय परिसरों में स्वच्छता, कूड़ा निस्तारण और मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए हैं। प्रधानमंत्री का यह दौरा न सिर्फ राजनीतिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, बल्कि इससे वाराणसी के विकास को नई गति मिलने की भी उम्मीद जताई जा रही है।