PM Modi Birthday : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर 17 सितंबर को हर बूथ पर 200 ‘आशीर्वाद के दीये’ जलाए जाएंगे। काशी से वडनगर तक 22 दिवसीय बाइक यात्रा और विशेष धार्मिक कार्यक्रम होंगे।
PM Modi Birthday : पीएम मोदी के जन्मदिन पर हर बूथ पर जलेंगे 200 ‘आशीर्वाद के दीये’, काशी से वडनगर तक निकलेगी 22 दिवसीय बाइक यात्रा
PM Modi Birthday : वाराणसी, 16 सितंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और सार्वजनिक जीवन में उनके 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान के तहत 17 सितंबर की शाम प्रदेश के प्रत्येक बूथ पर 200 ‘आशीर्वाद के दीये’ जलाए जाएंगे। इसके अलावा काशी में विशेष धार्मिक अनुष्ठान, प्रधानमंत्री की 25 वर्षों की जनसेवा पर प्रदर्शनी और काशी से गुजरात के वडनगर तक 22 दिवसीय बाइक यात्रा सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
PM Modi Birthday : यह जानकारी उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं वाराणसी के प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना ने बुधवार को सर्किट हाउस में भाजपा और जिला प्रशासन की समन्वय बैठक को संबोधित करते हुए दी। उन्होंने कहा कि अभियान का संदेश ‘जिसने जीवन संवारा, उसे आशीर्वाद हमारा’ है।
PM Modi Birthday : हर बूथ पर जलेंगे 200 ‘आशीर्वाद के दीये’
सुरेश खन्ना ने बताया कि 17 सितंबर की शाम पूरे प्रदेश में एक साथ प्रत्येक बूथ पर 200 दीप जलाने का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह केवल दीप प्रज्ज्वलन का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और जनसेवा के प्रति जनता की ओर से आभार एवं आशीर्वाद व्यक्त करने का अभियान है। उन्होंने कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाने में सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थी और स्थानीय नागरिक स्वयं सहभागी होंगे। अभियान के माध्यम से सेवा, जनभागीदारी और सामाजिक सरोकारों को जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
PM Modi Birthday : काशी से वडनगर तक 22 दिवसीय बाइक यात्रा
भाजपा के राष्ट्रीय संयोजक एवं सांसद वी.डी. शर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर उनकी कर्मभूमि काशी से जन्मभूमि वडनगर तक 22 दिवसीय भव्य बाइक यात्रा का शुभारंभ होगा। यात्रा का उद्देश्य युवाओं को सेवा कार्यों से जोड़ना और देश की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, लाभार्थियों से संवाद और जनचौपाल जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही काशी की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को गुजरात के वडनगर से जोड़ने का संदेश दिया जाएगा।
PM Modi Birthday : काशी विश्वनाथ का पवित्र नदियों के जल से होगा अभिषेक
प्रदेश के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार जेपीएस राठौर ने बताया कि बाइक यात्रा के शुभारंभ से पहले काशी स्थित ज्योतिर्लिंग काशी विश्वनाथ मंदिर में प्रमुख नदियों और पवित्र संगमों के जल से अभिषेक किया जाएगा। विधिवत पूजा-अर्चना के बाद वाराणसी से वडनगर तक बाइक यात्रा रवाना होगी। उन्होंने बताया कि यात्रा के लिए गंगा, यमुना, आमी, राप्ती, नर्मदा, गोमती, बेतुआ, अलकनंदा, कुआनो, वरुणा और सरयू सहित विभिन्न नदियों एवं संगमों का पवित्र जल एकत्र किया गया है।
PM Modi Birthday : मुख्यमंत्री योगी और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह करेंगे फ्लैग ऑफ
भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने बताया कि बाइक यात्रा के शुभारंभ कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मौजूद रहेंगे। दोनों नेता फ्लैग ऑफ कर बाइक यात्रा को वडनगर के लिए रवाना करेंगे। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित सेवा संकल्प अभियान में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी सहित कई विशिष्ट जनों के शामिल होने की संभावना है। विभिन्न स्थानों पर स्थानीय नागरिकों, सामाजिक संगठनों और युवाओं की ओर से स्वागत कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
PM Modi Birthday : रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में लगेगी प्रदर्शनी
सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और 25 वर्षों की जनसेवा से जुड़े कार्यों पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इसके लिए रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में प्रदर्शनी आयोजित करने की तैयारी है। इसमें प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन से जुड़े विभिन्न कार्यों और सेवा गतिविधियों को प्रदर्शित किया जाएगा।
PM Modi Birthday : सांस्कृतिक एकता का संदेश देगी यात्रा
अशोक चौरसिया ने कहा कि काशी से वडनगर तक निकलने वाली सेवा संकल्प बाइक यात्रा देश की सांस्कृतिक एकता, श्रद्धा और राष्ट्रीय भावना का संदेश लेकर आगे बढ़ेगी। यात्रा के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों की आध्यात्मिक परंपराओं, नदियों, तीर्थों और सांस्कृतिक विरासत के प्रति सम्मान का संदेश दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि काशी से वडनगर तक की यह यात्रा श्रद्धा, संस्कृति और संकल्प को जोड़ने वाली 22 दिवसीय आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक यात्रा के रूप में आयोजित की जा रही है।
PM Modi Birthday : बैठक में ये लोग रहे मौजूद
समन्वय बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय सचिव एवं प्रदेश सह प्रभारी जगदीश पटेल, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं काशी क्षेत्र प्रभारी रमेश सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश कोरी, प्रदेश महामंत्री दिलीप पटेल, कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर, राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा, अश्विनी त्यागी, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मोर्या, विधायक अवधेश सिंह, टी. राम, युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्रा, जिलाध्यक्ष रामसकल पटेल, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, नवरतन राठी, अमित राय, अनूप जायसवाल, जगदीश त्रिपाठी, अनिल गुप्ता, संतोष सोलापुरकर और नवीन कपूर सहित भाजपा पदाधिकारी तथा जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।