MGKVP Run for Unity : राष्ट्रीय एकता दिवस पर महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में एनएसएस की ओर से शपथ ग्रहण समारोह और रन फॉर यूनिटी आयोजित हुई। कुलपति प्रो. आनन्द कुमार त्यागी ने सरदार पटेल के आदर्शों पर चलने और राष्ट्रीय एकता मजबूत करने का संदेश दिया।
MGKVP Run for Unity : सरदार पटेल का जीवन सामूहिक संकल्प और राष्ट्रीय प्रतिबद्धता की देता है प्रेरणा : प्रो. आनन्द कुमार त्यागी
MGKVP Run for Unity : राष्ट्रीय एकता दिवस पर काशी विद्यापीठ में निकली ‘रन फॉर यूनिटी’, कुलपति ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
MGKVP Run for Unity : वाराणसी। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में शनिवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की ओर से शपथ ग्रहण समारोह और ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया। इस दौरान विश्वविद्यालय के शिक्षकों, अधिकारियों और एनएसएस स्वयंसेवकों ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता, आपसी भाईचारे और देश की आंतरिक सुरक्षा को बनाए रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के पंत प्रशासनिक भवन के सामने स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष हुआ। यहां कुलपति प्रो. आनन्द कुमार त्यागी ने उपस्थित शिक्षकों, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारियों और स्वयंसेवकों को राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की शपथ दिलाई। सभी ने देश की एकता, संप्रभुता और आंतरिक सुरक्षा बनाए रखने के साथ ही आपसी सद्भाव एवं भाईचारे को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता जताई।
MGKVP Run for Unity : इस अवसर पर कुलपति प्रो. आनन्द कुमार त्यागी ने कहा कि भारत की वास्तविक शक्ति उसकी विविधता में निहित एकता है। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपनी अद्भुत नेतृत्व क्षमता, दृढ़ इच्छाशक्ति और दूरदर्शिता के बल पर स्वतंत्रता के बाद देशी रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनका जीवन हमें सामूहिक संकल्प, संगठन क्षमता और राष्ट्रीय प्रतिबद्धता की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं की जिम्मेदारी है कि वे सरदार पटेल के विचारों और आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करें तथा राष्ट्र की एकता एवं अखंडता को मजबूत बनाने में सक्रिय योगदान दें। युवाओं को सामाजिक सद्भाव, आपसी सहयोग और राष्ट्रीय एकजुटता के प्रति सजग रहना चाहिए।
MGKVP Run for Unity : इसके बाद कुलपति प्रो. त्यागी ने हरी झंडी दिखाकर ‘रन फॉर यूनिटी’ को रवाना किया। दौड़ विश्वविद्यालय परिसर स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा से शुरू होकर मलदहिया स्थित लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा तक पहुंची। इसमें एनएसएस स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागी राष्ट्रीय एकता, अखंडता, भाईचारे और राष्ट्रप्रेम से जुड़े नारे लगाते हुए आगे बढ़े। दौड़ के माध्यम से लोगों को एकजुटता और सामाजिक समरसता का संदेश दिया गया।
MGKVP Run for Unity : मलदहिया स्थित सरदार पटेल की प्रतिमा पर पहुंचने के बाद एनएसएस समन्वयक डॉ. राहुल गुप्ता ने स्वयंसेवकों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल का व्यक्तित्व राष्ट्रीय एकता, संगठन क्षमता, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का प्रतीक है। आज के दौर में उनके विचारों की प्रासंगिकता और भी बढ़ गई है। डॉ. गुप्ता ने कहा कि राष्ट्रीय एकता का अर्थ केवल देश की भौगोलिक सीमाओं की अखंडता बनाए रखना नहीं है, बल्कि इसमें सामाजिक सद्भाव, सांस्कृतिक विविधता का सम्मान, आपसी विश्वास और संवैधानिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता भी शामिल है। देश की मजबूती के लिए जरूरी है कि प्रत्येक नागरिक अपनी जिम्मेदारियों को समझे और एकजुट होकर राष्ट्र निर्माण में योगदान दे।
कार्यक्रम में कुलानुशासक डॉ. अम्बरीश राय, संकायाध्यक्ष छात्र कल्याण प्रो. राजेश कुमार मिश्र, डॉ. शशि प्रकाश सोनकर, डॉ. प्रभा शंकर मिश्र, डॉ. महेश, डॉ. ध्यानेंद्र मिश्र, डॉ. दिनेश, डॉ. सुरेखा, डॉ. रश्मि, डॉ. पूर्णिमा, डॉ. अश्वनी, डॉ. रमेश प्रजापति, डॉ. राम प्रकाश यादव, डॉ. अविनाश सिंह, स्वतंत्र कुमार सिंह और ओम प्रकाश यादव सहित अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।