MGKVP Admission 2026: महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में बी.ए. नियमित सीटों की दूसरी काउन्सिलिंग 22 जुलाई को होगी। अब तक 1037 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है। 18 जुलाई को बी.एस-सी. गणित, बी.एस-सी. बायो, बी.म्यूज. और बी.एफ.ए. की काउन्सिलिंग भी आयोजित की जाएगी।
MGKVP Admission 2026: काशी विद्यापीठ में बी.ए. की द्वितीय काउन्सिलिंग 22 जुलाई को, अब तक 1037 विद्यार्थियों ने लिया प्रवेश
MGKVP Admission 2026: वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के स्नातक प्रवेश की प्रक्रिया लगातार जारी है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने बी.ए. पाठ्यक्रम की नियमित सीटों के लिए द्वितीय काउन्सिलिंग की तिथि घोषित कर दी है। यह काउन्सिलिंग 22 जुलाई 2026 को विश्वविद्यालय के वाणिज्य एवं प्रबन्ध संकाय में आयोजित की जाएगी। वहीं बी.ए. प्रवेश प्रक्रिया के तहत अब तक 1037 विद्यार्थियों का प्रवेश पूर्ण हो चुका है।
MGKVP Admission 2026: कुलसचिव डॉ. सुनीता पाण्डेय ने बताया कि काउन्सिलिंग के बाद चयनित अभ्यर्थियों को उसी दिन काउन्सिलिंग स्थल पर बनाए गए काउंटर पर ऑनलाइन माध्यम से प्रवेश शुल्क जमा करना अनिवार्य होगा। शुल्क का भुगतान पेटीएम, गूगल पे, डेबिट कार्ड, यूपीआई सहित अन्य डिजिटल माध्यमों से किया जा सकेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई अभ्यर्थी निर्धारित समय सीमा के भीतर शुल्क जमा नहीं करता है तो उसका प्रवेश स्वतः निरस्त माना जाएगा और उसे दोबारा अवसर नहीं दिया जाएगा। साथ ही काउन्सिलिंग में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को किसी प्रकार का यात्रा भत्ता भी देय नहीं होगा।
MGKVP Admission 2026: बी.ए. में पांचवें दिन 251 विद्यार्थियों ने लिया प्रवेश
प्रवेश सेल के उप-समन्वयक प्रो. नलिनी श्याम कामिल ने बताया कि बी.ए. काउन्सिलिंग के पांचवें दिन शुक्रवार को 251 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया। इसके साथ ही बी.ए. पाठ्यक्रम में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों की कुल संख्या 1037 पहुंच गई है। उन्होंने बताया कि सभी विद्यार्थियों द्वारा ऑनलाइन शुल्क जमा करने के बाद उन्हें काउन्सिलिंग स्थल पर ही परिचय पत्र (आई-कार्ड) एवं पुस्तकालय कार्ड जारी कर दिए गए, जिससे विद्यार्थियों को अलग से विश्वविद्यालय आने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
MGKVP Admission 2026: 18 जुलाई को इन पाठ्यक्रमों की होगी काउन्सिलिंग
प्रो. कामिल ने जानकारी दी कि 18 जुलाई को बी.एस-सी. गणित की तृतीय काउन्सिलिंग तथा बी.एस-सी. बायो, बी.म्यूज. और बी.एफ.ए. की द्वितीय काउन्सिलिंग आयोजित की जाएगी। इन पाठ्यक्रमों की मेरिट सूची विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है। उन्होंने अभ्यर्थियों से अपील की कि प्रवेश प्रक्रिया से जुड़ी सभी नवीनतम सूचनाओं, काउन्सिलिंग कार्यक्रम और अन्य निर्देशों के लिए विश्वविद्यालय की वेबसाइट का नियमित रूप से अवलोकन करते रहें, क्योंकि सभी महत्वपूर्ण सूचनाएं वहीं प्रकाशित की जा रही हैं।
MGKVP Admission 2026: इस दौरान प्रवेश समन्वयक प्रो. बंशीधर पाण्डेय, स्नातक स्तरीय काउन्सिलिंग संयोजक डॉ. राहुल गुप्ता, प्रो. रमन पंत, प्रो. राकेश तिवारी, डॉ. दुर्गेश उपाध्याय, डॉ. आयुष कुमार, डॉ. धनंजय विश्वकर्मा, डॉ. आरती विश्वकर्मा, डॉ. वरुण कुमार, डॉ. विजय रंजन, विनोद कुमार, शुभेक्षु कुमार, संदीप कुमार, परशुराम एवं सुरक्षा अधिकारी हेमन्त मिश्र सहित अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।