MG Kashi Vidyapith Professor Promotion : महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में कार्य परिषद ने 12 प्राध्यापकों को प्रोफेसर और दो शिक्षकों को एसोसिएट प्रोफेसर पद पर पदोन्नति की मंजूरी दी।

MG Kashi Vidyapith Professor Promotion : काशी विद्यापीठ में 12 प्राध्यापक बने प्रोफेसर, दो को मिला एसोसिएट प्रोफेसर का पद
वाराणसी: महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में शैक्षणिक पदोन्नति को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। विश्वविद्यालय के 12 प्राध्यापकों को प्रोफेसर पद पर पदोन्नति मिली है, जबकि दो शिक्षकों को एसोसिएट प्रोफेसर बनाया गया है। सोमवार को कुलपति प्रो. आनन्द कुमार त्यागी की अध्यक्षता में आयोजित कार्य परिषद की बैठक में चयन समितियों की संस्तुतियों को मंजूरी प्रदान की गई। इस फैसले से विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों और संस्थानों में कार्यरत शिक्षकों को बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। विश्वविद्यालय के पंत प्रशासनिक भवन स्थित डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन समिति कक्ष में कार्य परिषद की बैठक आयोजित हुई। इसमें विश्वविद्यालय के विभिन्न शैक्षणिक पदों पर करियर एडवांसमेंट स्कीम (CAS) के तहत पदोन्नति से संबंधित प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया गया। विभिन्न विषयों में चयन समिति की ओर से साक्षात्कार की प्रक्रिया पूरी किए जाने के बाद प्रस्तुत संस्तुतियों को कार्य परिषद ने अपनी स्वीकृति प्रदान की।

MG Kashi Vidyapith Professor Promotion : इन 12 शिक्षकों को मिली प्रोफेसर पद पर पदोन्नति
कार्य परिषद की मंजूरी के बाद महामना मदन मोहन मालवीय हिन्दी पत्रकारिता संस्थान के डॉ. नागेंद्र कुमार सिंह को प्रोफेसर पद पर पदोन्नति मिली है। इसके अलावा दर्शनशास्त्र विभाग के डॉ. अमरीष राय, मनोविज्ञान विभाग की डॉ. प्रतिभा सिंह, अंग्रेजी विभाग के डॉ. नवरत्न सिंह, डॉ. कविता आर्या और डॉ. नीरज कुमार सोनकर को भी प्रोफेसर बनाया गया है। समाजशास्त्र विभाग से डॉ. सौम्य यादव, डॉ. राहुल गुप्ता और डॉ. जयप्रकाश यादव को प्रोफेसर पद पर पदोन्नति मिली है। वहीं, हिंदी विभाग के डॉ. अविनाश कुमार सिंह, इतिहास विभाग के डॉ. रविंद्र कुमार गौतम और संस्कृत विभाग के डॉ. दीपक कुमार को भी प्रोफेसर पद की जिम्मेदारी मिली है।
MG Kashi Vidyapith Professor Promotion : दो शिक्षकों को एसोसिएट प्रोफेसर पद पर पदोन्नति

प्रोफेसर पद पर 12 शिक्षकों की पदोन्नति के साथ ही विश्वविद्यालय के दो अन्य शिक्षकों को एसोसिएट प्रोफेसर बनाया गया है। इनमें समाजकार्य विभाग की डॉ. भारती कुरील और इतिहास विभाग की डॉ. अंजना वर्मा शामिल हैं। कार्य परिषद की स्वीकृति के बाद इनकी पदोन्नति का रास्ता साफ हो गया है।
MG Kashi Vidyapith Professor Promotion : आउटसोर्स कर्मचारियों के पारिश्रमिक में भी होगी बढ़ोतरी
बैठक में शिक्षकों की पदोन्नति के अलावा विश्वविद्यालय में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों के हित में भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। उच्च शिक्षा अनुभाग-3 के आदेश के क्रम में शासनादेश के अनुरूप आउटसोर्स कार्मिकों का पारिश्रमिक निर्धारित करने और उनके पारिश्रमिक में बढ़ोतरी करने पर सहमति बनी। इस निर्णय से विश्वविद्यालय में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है। बैठक में कुलसचिव डॉ. सुनीता पाण्डेय, सहायक कुलसचिव डॉ. आनन्द कुमार सिंह सहित कार्य परिषद के सम्मानित सदस्य उपस्थित रहे। विश्वविद्यालय के 12 शिक्षकों को प्रोफेसर और दो शिक्षकों को एसोसिएट प्रोफेसर पद पर पदोन्नति मिलने से शैक्षणिक जगत में उत्साह का माहौल है। इसे विश्वविद्यालय के शैक्षणिक विकास और शिक्षकों के करियर की दृष्टि से एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।