MGKVP UG Counselling 2026 : महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में सत्र 2026-27 के स्नातक पाठ्यक्रमों की प्रवेश काउन्सिलिंग 27 जून से शुरू होगी। पहले दिन बीएसडब्ल्यू, बीएससी टेक्सटाइल एंड हैंडलूम, बी.ड्रामा और बीएससी टूरिज्म एंड हॉस्पिटैलिटी ऑपरेशन्स की काउन्सिलिंग आयोजित की जाएगी।
MGKVP UG Counselling 2026 : काशी विद्यापीठ में 27 जून से स्नातक प्रवेश काउन्सिलिंग शुरू, बीएसडब्ल्यू सहित चार पाठ्यक्रमों की होगी काउन्सिलिंग
MGKVP UG Counselling 2026 : वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ परिसर में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक पाठ्यक्रमों की प्रवेश काउन्सिलिंग 27 जून से प्रारम्भ होने जा रही है। विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार काउन्सिलिंग प्रक्रिया 27 जून से 23 जुलाई तक विभिन्न पाठ्यक्रमों के लिए चरणबद्ध तरीके से आयोजित की जाएगी।
MGKVP UG Counselling 2026 : प्रवेश सेल की उप-समन्वयक प्रो. नलिनी श्याम कामिल ने बताया कि काउन्सिलिंग की विस्तृत समय-सारिणी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है। अभ्यर्थी निर्धारित तिथि एवं स्थान पर समय से उपस्थित होकर अपने प्रवेश की औपचारिकताएं पूरी कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि काउन्सिलिंग के प्रथम दिन 27 जून को चार स्नातक पाठ्यक्रमों के लिए काउन्सिलिंग आयोजित की जाएगी।
MGKVP UG Counselling 2026 : बी.एस-सी. (टेक्सटाइल एंड हैंडलूम) की काउन्सिलिंग विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संकाय में, बी.ड्रामा (थियेटर आर्ट्स) की काउन्सिलिंग ललित कला विभाग में, बी.एस-सी. इन टूरिज्म एंड हॉस्पिटैलिटी ऑपरेशन्स की काउन्सिलिंग पर्यटन अध्ययन संस्थान (गांधी अध्ययन पीठ) में तथा बी.एस.डब्ल्यू. (बैचलर ऑफ सोशल वर्क) की काउन्सिलिंग समाज कार्य विभाग में संपन्न होगी।
MGKVP UG Counselling 2026 : प्रो. कामिल ने कहा कि जिन अभ्यर्थियों को विश्वविद्यालय की ओर से ई-मेल के माध्यम से काउन्सिलिंग लिंक भेजा गया है, वे अपने सभी मूल प्रमाण-पत्र, प्रमाण-पत्रों की एक-एक स्वप्रमाणित फोटोप्रति, दो स्टाम्प साइज फोटो तथा अपनी श्रेणी से संबंधित अद्यतन प्रमाण-पत्र के साथ निर्धारित तिथि को पूर्वाह्न 10:30 बजे से काउन्सिलिंग स्थल पर उपस्थित हों। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रवेश शुल्क भी उसी दिन जमा किया जाएगा, इसलिए अभ्यर्थी आवश्यक तैयारी के साथ आएं।
MGKVP UG Counselling 2026 : विश्वविद्यालय प्रशासन ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित नवीनतम सूचनाओं के लिए नियमित रूप से विश्वविद्यालय की वेबसाइट का अवलोकन करते रहें। प्रवेश काउन्सिलिंग से जुड़ी सूचनाएं केवल ई-मेल अथवा एसएमएस के माध्यम से ही भेजी जाएंगी।
MGKVP UG Counselling 2026 : इसके अलावा व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की प्रवेश परीक्षा 29 एवं 30 जून को आयोजित की जाएगी। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थी विश्वविद्यालय की वेबसाइट से अपना प्रवेश-पत्र डाउनलोड कर लें तथा निर्धारित समय पर अपने परीक्षा केन्द्र पर पहुंचना सुनिश्चित करें।