Kashi Tamil Sangamam 5.0 : महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में काशी तमिल संगमम्-5.0 के उद्घाटन समारोह का सजीव प्रसारण हुआ। कुलपति प्रो. आनन्द कुमार त्यागी ने इसे सांस्कृतिक एकता और राष्ट्रीय एकात्मता का उत्सव बताया।
Kashi Tamil Sangamam 5.0 : काशी तमिल संगमम् भारत की सांस्कृतिक एकता और राष्ट्रीय एकात्मता का महत्वपूर्ण उत्सव : प्रो. आनन्द कुमार त्यागी
Kashi Tamil Sangamam 5.0 : काशी विद्यापीठ में काशी तमिल संगमम्-5.0 के उद्घाटन समारोह का सजीव प्रसारण, तिरुक्कुरल की थीम पर आयोजित हुई निबंध प्रतियोगिता; छात्र प्रशांत कुमार मिश्रा रहे विश्वविद्यालय स्तरीय चयन परीक्षा के विजेता
Kashi Tamil Sangamam 5.0 : वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में शनिवार को काशी तमिल संगमम्-5.0 के उद्घाटन समारोह का सजीव प्रसारण किया गया। विश्वविद्यालय के गांधी अध्ययन पीठ में आयोजित इस कार्यक्रम में उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी के संबोधन का प्रसारण किया गया। इस दौरान विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी, शोधार्थी और छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
Kashi Tamil Sangamam 5.0 : कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के कुलपति प्रो. आनन्द कुमार त्यागी ने कहा कि काशी तमिल संगमम् भारत की सांस्कृतिक एकता, भाषाई विविधता और राष्ट्रीय एकात्मता का एक महत्वपूर्ण उत्सव है। काशी और तमिलनाडु के बीच प्राचीन काल से ही गहरे सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और ऐतिहासिक संबंध रहे हैं। काशी तमिल संगमम् इन संबंधों को नई ऊर्जा देने तथा देश की विविध सांस्कृतिक परंपराओं को एक-दूसरे के करीब लाने का सार्थक प्रयास है। उन्होंने कहा कि भारत की विशेषता उसकी विविध भाषाओं, संस्कृतियों और परंपराओं में निहित एकता है। ऐसे आयोजन देश की सांस्कृतिक विरासत को समझने, साझा करने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। काशी और तमिलनाडु के बीच ज्ञान, दर्शन, साहित्य एवं आध्यात्मिक परंपराओं का पुराना संबंध रहा है। काशी तमिल संगमम् इस विरासत को आधुनिक संदर्भों में आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रहा है।
Kashi Tamil Sangamam 5.0 : विश्वविद्यालय की कुलसचिव डॉ. सुनीता पाण्डेय ने बताया कि काशी तमिल संगमम्-5.0 के अंतर्गत आयोजित विश्वविद्यालय स्तरीय चयन परीक्षा में एमए अर्थशास्त्र के छात्र प्रशांत कुमार मिश्रा विजेता रहे हैं। चयनित छात्र आगामी शैक्षणिक एवं शोध कार्यक्रमों में विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करते हुए सहभागिता करेंगे। उन्होंने कहा कि इस तरह के राष्ट्रीय आयोजनों में विद्यार्थियों की भागीदारी से उन्हें देश की विभिन्न भाषाओं, साहित्य और सांस्कृतिक परंपराओं को करीब से समझने का अवसर मिलता है।
Kashi Tamil Sangamam 5.0 : संस्थान की कार्यक्रम समन्वयक प्रो. नंदिनी सिंह ने बताया कि महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ काशी तमिल संगमम्-5.0 में सहभागी संस्थान के रूप में विभिन्न शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन कर रहा है। इसी क्रम में हिंदी विभाग के माध्यम से संगमम् की थीम ‘तिरुक्कुरल पयिलोवम् – तिरुक्कुरल अभ्यास करें’ पर आधारित निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई। उन्होंने बताया कि तिरुक्कुरल की शिक्षाओं और संदेशों के माध्यम से भारतीय ज्ञान परंपरा, नैतिक मूल्यों तथा सांस्कृतिक आदर्शों को विद्यार्थियों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को तमिल साहित्य की महान रचना तिरुक्कुरल के विचारों और जीवनोपयोगी संदेशों से परिचित होने का अवसर मिला।
Kashi Tamil Sangamam 5.0 : कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलानुशासक प्रो. अम्बरीष राय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, शिक्षक, शोधार्थी और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। काशी तमिल संगमम्-5.0 के उद्घाटन समारोह के सजीव प्रसारण के माध्यम से विश्वविद्यालय परिसर में भी दक्षिण और उत्तर भारत की सांस्कृतिक विरासत, भाषाई विविधता तथा राष्ट्रीय एकता का संदेश गूंजा।