Birla Hospital Varanasi Maternity Ward : वाराणसी के राजा बलदेव दास बिड़ला अस्पताल में आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने आधुनिक महिला एवं प्रसूति वार्ड का लोकार्पण किया। नए वार्ड में लेबर रूम, ICU, हिस्टेरोस्कोपी, लैप्रोस्कोपी और मातृ-शिशु स्वास्थ्य की आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

Birla Hospital Varanasi Maternity Ward : वाराणसी, बिड़ला अस्पताल में आधुनिक महिला एवं प्रसूति वार्ड का लोकार्पण, आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ बोले- हर मां और बच्चे को मिलेगी सुरक्षित एवं सम्मानजनक स्वास्थ्य सेवा
Birla Hospital Varanasi Maternity Ward : वाराणसी। प्रदेश सरकार के आयुष, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने रविवार को मछोदरी स्थित राजा बलदेव दास बिड़ला अस्पताल में नवनिर्मित आधुनिक महिला एवं प्रसूति वार्ड का विधिवत लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता प्रत्येक मां और नवजात शिशु को सुरक्षित, सम्मानजनक एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को लगातार सुदृढ़ कर रही है। बिड़ला अस्पताल में शुरू किया गया यह अत्याधुनिक महिला एवं प्रसूति वार्ड क्षेत्र की हजारों महिलाओं के लिए अत्यंत लाभकारी साबित होगा और उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधाएं अपने शहर में ही उपलब्ध हो सकेंगी।
Birla Hospital Varanasi Maternity Ward : आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा नया महिला एवं प्रसूति वार्ड
डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने बताया कि नए वार्ड में आधुनिक लेबर रूम, आईसीयू, प्रसव पूर्व एवं प्रसव पश्चात देखभाल की समुचित व्यवस्था की गई है। यहां 24 घंटे विशेषज्ञ स्त्री एवं प्रसूति रोग चिकित्सक तथा प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ उपलब्ध रहेगा, जिससे गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं को बेहतर एवं सुरक्षित चिकित्सा सेवाएं मिल सकेंगी। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आधुनिक चिकित्सा पद्धति के साथ-साथ आयुष चिकित्सा प्रणाली का भी समन्वय किया जाएगा। इससे मरीजों को एलोपैथिक उपचार के साथ प्राकृतिक एवं आयुष आधारित उपचार का लाभ मिलेगा और प्रसव पूर्व तथा प्रसव के बाद महिलाओं के स्वास्थ्य में तेजी से सुधार होगा।
Birla Hospital Varanasi Maternity Ward : आयुष्मान योजना के तहत मिल रहा ₹5 लाख तक का निःशुल्क उपचार
कार्यक्रम के दौरान संस्था के उपाध्यक्ष दीपक बजाज ने अस्पताल की विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी देते हुए बताया कि अस्पताल में आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पात्र गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को 5 लाख रुपये तक का निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अस्पताल में 8 बेड का अत्याधुनिक डायलिसिस यूनिट संचालित है, जहां प्रत्येक माह लगभग 500 डायलिसिस किए जाते हैं। इसके अलावा अस्पताल में ऑर्थोपेडिक सर्जरी, न्यूरो सर्जरी, गायनिक सर्जरी, जनरल एवं लैप्रोस्कोपिक सर्जरी जैसी आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हैं। फेको मशीन द्वारा मोतियाबिंद के निःशुल्क ऑपरेशन भी किए जा रहे हैं। साथ ही आयुर्वेद एवं होम्योपैथिक चिकित्सा सेवाएं भी मरीजों को प्रदान की जा रही हैं।
Birla Hospital Varanasi Maternity Ward : पूर्वांचल की महिलाओं को मिलेगी अत्याधुनिक हिस्टेरोस्कोपी और लैप्रोस्कोपी की सुविधा
अस्पताल की स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. अनन्या अग्रवाल ने बताया कि नए महिला वार्ड की शुरुआत पूर्वांचल की महिलाओं के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इसके साथ ही अस्पताल में अत्याधुनिक हिस्टेरोस्कोपी एवं लैप्रोस्कोपी सेवाएं भी प्रारंभ कर दी गई हैं, जो पूर्वी उत्तर प्रदेश की उन्नत चिकित्सा सुविधाओं में शामिल हैं। उन्होंने बताया कि इन आधुनिक तकनीकों के माध्यम से गर्भाशय की गांठ (Fibroid), ओवेरियन सिस्ट, एंडोमेट्रियोसिस, असामान्य रक्तस्राव तथा अन्य जटिल स्त्री रोगों का न्यूनतम चीरे के साथ प्रभावी उपचार संभव हो सकेगा। इन प्रक्रियाओं में मरीज को अपेक्षाकृत कम दर्द, कम रक्तस्राव तथा शीघ्र स्वास्थ्य लाभ मिलता है।
Birla Hospital Varanasi Maternity Ward : मरीजों से मिले मंत्री, हर संभव सहयोग का दिया भरोसा

जनसंपर्क अधिकारी गौरव राठी ने बताया कि लोकार्पण के बाद मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया। उन्होंने भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना तथा चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को संवेदनशीलता और समर्पण के साथ सेवा देने के निर्देश दिए। साथ ही अस्पताल के विकास एवं स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।
Birla Hospital Varanasi Maternity Ward : संस्था का उद्देश्य- हर व्यक्ति तक पहुंचे गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा
संस्था के सचिव जगदीश झुंझुनवाला ने कहा कि संस्था का लक्ष्य समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक न्यूनतम लागत पर उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार के साथ अस्पताल लगातार जनसेवा के अपने उद्देश्य को आगे बढ़ा रहा है।
Birla Hospital Varanasi Maternity Ward : कार्यक्रम में रहे प्रमुख लोग उपस्थित
इस अवसर पर आर.के. चौधरी, स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रियदर्शनी अग्रवाल, डॉ. अनन्या अग्रवाल, संजीव कुमार शाह, गौरीशंकर नेवर, गौरव राठी, नेफ्रोलॉजिस्ट डॉ. ऋषभ जायसवाल, डॉ. सुशील कुमार जायसवाल, अनिल अग्रवाल, डॉ. सुभाष श्रीवास्तव, डॉ. आर.एन. पाठक, दीनानाथ झुंझुनवाला सहित बड़ी संख्या में चिकित्सक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ का पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया।