Amrit Bharat Train Body Shell Mystery : अमृत भारत ट्रेन परियोजना से जुड़ी बताई जा रही लोकोमोटिव बॉडी शेल बिहार के कैमूर में GST शिकायत के 24 घंटे के भीतर रहस्यमय तरीके से गायब हो गई। रेलवे और GST विभाग की चुप्पी से सवाल और गहरे हो गए हैं।

Amrit Bharat Train Body Shell Mystery : अमृत भारत ट्रेन इंजन बॉडी शेल पर रहस्य गहराया, GST शिकायत के 24 घंटे के भीतर हाईवे किनारे से हुई गायब
Amrit Bharat Train Body Shell Mystery : चंदौली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी अमृत भारत ट्रेन परियोजना से जुड़ी बताई जा रही एक लोकोमोटिव बॉडी शेल को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। बिहार के कैमूर जिले के दुर्गावती-भभुआ क्षेत्र में नौबतपुर बॉर्डर के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे टेंट के नीचे पिछले लगभग 15 दिनों से खड़ी भारी-भरकम संरचना अचानक गायब हो जाने से कई सवाल खड़े हो गए हैं। खास बात यह है कि यह घटनाक्रम उस समय सामने आया जब मामले में जीएसटी विभाग में शिकायत दर्ज कराई गई थी और शिकायत के महज 24 घंटे के भीतर उक्त संरचना वहां से हटा ली गई।
Amrit Bharat Train Body Shell Mystery : स्थानीय लोगों के अनुसार रेलवे परियोजना से जुड़ी बताई जा रही यह विशाल बॉडी शेल लंबे समय से खुले हाईवे किनारे खड़ी थी। इसकी मौजूदगी को लेकर क्षेत्र में पहले से ही चर्चाएं चल रही थीं। लोगों का कहना है कि यदि यह वास्तव में करोड़ों रुपये की रेलवे परियोजना का हिस्सा थी, तो इसे खुले स्थान पर इतने दिनों तक क्यों रखा गया और इसकी सुरक्षा व्यवस्था क्यों नहीं की गई।

Amrit Bharat Train Body Shell Mystery : मामला तब और गंभीर हो गया जब जीएसटी विभाग में इसकी शिकायत किए जाने के अगले ही दिन रातों-रात पूरी संरचना को वहां से हटा दिया गया। इतनी बड़ी और भारी संरचना को अचानक हटाए जाने से लोगों के मन में कई तरह के संदेह पैदा हो गए हैं। स्थानीय नागरिकों का सवाल है कि आखिर इसे किसके निर्देश पर हटाया गया और इसे कहां ले जाया गया।
Amrit Bharat Train Body Shell Mystery : इस संबंध में जब बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के जनसंपर्क अधिकारी से संपर्क किया गया तो उन्होंने मामले की जानकारी होने से इनकार किया। हालांकि उन्होंने कहा कि यदि उक्त बॉडी शेल दोबारा बरेका लाई जाती है, तो उसकी तकनीकी जांच कराई जाएगी। जांच में यदि वह निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर खरी नहीं उतरती है तो उसे अस्वीकार कर दिया जाएगा।
Amrit Bharat Train Body Shell Mystery : वहीं दूसरी ओर, बिहार जीएसटी विभाग के अधिकारियों ने भी मामले की जानकारी से अनभिज्ञता जाहिर की। बाद में संबंधित अधिकारियों से दोबारा संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। इससे मामले को लेकर और अधिक रहस्य पैदा हो गया है।
Amrit Bharat Train Body Shell Mystery : घटना के बाद चंदौली और कैमूर क्षेत्र में यह मुद्दा चर्चा का विषय बना हुआ है। लोग यह जानना चाहते हैं कि अमृत भारत ट्रेन की कथित लोकोमोटिव बॉडी शेल आखिर कहां से आई, इतने दिनों तक हाईवे किनारे क्यों रखी गई और शिकायत दर्ज होने के तुरंत बाद इसे किस उद्देश्य से हटाया गया।
Amrit Bharat Train Body Shell Mystery : फिलहाल रेलवे, जीएसटी विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियों की ओर से कोई स्पष्ट आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। ऐसे में इस पूरे प्रकरण को लेकर कई सवाल अभी भी अनुत्तरित हैं। अब लोगों की नजर संबंधित विभागों की जांच और आधिकारिक प्रतिक्रिया पर टिकी हुई है, जिससे इस रहस्यमयी घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ सके।