Varanasi : भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है और संगठन ही हमारी असली पहचान है। जो कार्यकर्ता संगठन द्वारा सौंपे गए दायित्वों को निष्ठा और ईमानदारी से निभाता है, वही सच्चा कार्यकर्ता होता है। कार्यकर्ताओं के बल पर ही भाजपा 2027 के विधानसभा चुनाव में 2017 से भी बड़ी जीत दर्ज करेगी।
रोहनिया स्थित भाजपा क्षेत्रीय कार्यालय में वाराणसी जिला व महानगर के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और मंडल अध्यक्षों की बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 2027 के चुनाव में अब महज 13 महीने शेष हैं और इस अवधि में संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत करना होगा।

उन्होंने कहा कि वाराणसी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संसदीय क्षेत्र है और वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को पूरा करने के लिए उत्तर प्रदेश का सशक्त होना आवश्यक है। इसके लिए कार्यकर्ताओं को पूरी प्रतिबद्धता के साथ जुटना होगा।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की आवाज आज दुनिया गंभीरता से सुनती है। कोरोना काल में बिना भेदभाव देश को संभालने से लेकर वैश्विक मंचों पर भारत की प्रतिष्ठा बढ़ाने तक, यह कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है।

भव्य स्वागत, कार्यकर्ताओं का उत्साह
काशी आगमन पर प्रदेश अध्यक्ष का शंखनाद, ढोल-नगाड़ों, पुष्पवर्षा और “हर-हर महादेव” के उद्घोष के साथ भव्य स्वागत किया गया। महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने आरती उतारकर तिलक किया। इसके बाद उन्होंने पं. दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण किया।
मतदाता पुनरीक्षण पर जोर
प्रदेश अध्यक्ष ने एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित हो चुकी है। कार्यकर्ता सूची का गहन अध्ययन करें ताकि कोई पात्र मतदाता न छूटे और कोई अपात्र नाम शामिल न हो।

काशी क्षेत्र की बैठक में भावुक हुए प्रदेश अध्यक्ष
रोहनिया के जगतपुर स्थित गोकुल धाम रिसोर्ट में आयोजित काशी क्षेत्र के 16 जिलों के पदाधिकारियों व जनप्रतिनिधियों की बैठक में पंकज चौधरी भावुक दिखे। उन्होंने कहा कि कड़ाके की ठंड के बावजूद कार्यकर्ताओं का प्रेम और समर्पण उन्हें अभिभूत करता है। संगठन और कार्यकर्ताओं के भरोसे पर ही उन्हें यह जिम्मेदारी मिली है।
पत्रकार वार्ता में केंद्र सरकार की योजनाओं पर चर्चा
सर्किट हाउस में आयोजित पत्रकार वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि एनडीए सरकार का फोकस गरीब, किसान, महिला और युवा पर है। उन्होंने “विकसित भारत रोजगार गारंटी एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) अधिनियम 2025” को भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कदम बताते हुए कहा कि टेक्नोलॉजी आधारित निगरानी, समयबद्ध भुगतान और जवाबदेही से ग्रामीण विकास को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने मतदाता सूची पुनरीक्षण को चुनाव आयोग की प्रक्रिया बताते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ता बूथ स्तर पर सक्रिय होकर हर योग्य मतदाता का नाम सुनिश्चित करेंगे।

प्रमुख उपस्थिति
बैठकों और पत्रकार वार्ता में राज्यसभा सदस्य अमरपाल मौर्य, प्रदेश महामंत्री संजय राय, कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर, महापौर अशोक तिवारी, जिलाध्यक्ष व एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।