Kashi Tamil Sangamam 5.0 : वाराणसी के नमो घाट पर उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने काशी तमिल संगमम् 5.0 का उद्घाटन किया। वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या के 3 हजार विद्यार्थियों को 50 शिक्षक तिरुक्कुरल पढ़ाएंगे।
Kashi Tamil Sangamam 5.0 : नमो घाट पर उपराष्ट्रपति ने किया काशी तमिल संगमम् 5.0 का उद्घाटन, तीन शहरों में 3 हजार विद्यार्थियों को पढ़ाया जाएगा तिरुक्कुरल
Kashi Tamil Sangamam 5.0 : वाराणसी। काशी और तमिलनाडु के सदियों पुराने सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और शैक्षणिक संबंधों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से शनिवार को नमो घाट पर काशी तमिल संगमम् के पांचवें संस्करण का भव्य शुभारंभ हुआ। उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने डिजिटल बटन दबाकर आयोजन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे। दोनों अतिथियों ने तमिलनाडु से आए विद्यार्थियों, शिक्षकों और प्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनका स्वागत किया।
Kashi Tamil Sangamam 5.0 : उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन विशेष विमान से वाराणसी पहुंचे। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका स्वागत किया। इसके बाद दोनों नेता नमो घाट पहुंचे, जहां काशी तमिल संगमम् के पांचवें संस्करण के उद्घाटन समारोह में शामिल हुए।
Kashi Tamil Sangamam 5.0 : 12 दिसंबर तक चलने वाले इस आयोजन का उद्देश्य काशी और तमिलनाडु के बीच प्राचीन काल से चले आ रहे सांस्कृतिक, धार्मिक, भाषाई और शैक्षणिक संबंधों को और मजबूत करना है। इसके माध्यम से दोनों क्षेत्रों की साझा विरासत, परंपराओं और ज्ञान-विज्ञान की परंपरा से युवाओं को परिचित कराया जाएगा। इस बार आयोजन की थीम ‘तिरुक्कुरल पयिल्वोम’ यानी ‘आइए तिरुक्कुरल सीखें’ रखी गई है।
Kashi Tamil Sangamam 5.0 : इस थीम के माध्यम से तमिल साहित्य की महान कृति तिरुक्कुरल के संदेशों को हिंदी भाषी विद्यार्थियों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। तमिल कवि और महान दार्शनिक तिरुवल्लुवर द्वारा रचित तिरुक्कुरल में दो-दो पंक्तियों के छंदों के माध्यम से नैतिकता, सदाचार, मानवीय मूल्यों, सामाजिक व्यवहार और जीवन दर्शन की गहरी बातें सरल तरीके से प्रस्तुत की गई हैं। इस पहल के जरिए तमिल साहित्य और भारतीय ज्ञान परंपरा को भाषाई सीमाओं से आगे ले जाने का प्रयास किया जा रहा है।
Kashi Tamil Sangamam 5.0 : सात जत्थों में आएंगे 1400 प्रतिभागी, काशी के साथ प्रयागराज-अयोध्या का भी करेंगे भ्रमण
काशी तमिल संगमम् 5.0 में तमिलनाडु के विभिन्न क्षेत्रों से करीब 1,400 प्रतिभागियों के शामिल होने की योजना है। आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार, कन्याकुमारी, चेन्नई और कोयंबटूर समेत तमिलनाडु के अलग-अलग हिस्सों से सात जत्थे वाराणसी पहुंचेंगे। प्रत्येक जत्थे में लगभग 200 प्रतिनिधि शामिल होंगे।
Kashi Tamil Sangamam 5.0 : प्रतिभागियों के लिए आठ दिवसीय कार्यक्रम तैयार किया गया है। इसमें चार दिन यात्रा के लिए निर्धारित हैं, जबकि शेष चार दिनों में वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या के प्रमुख धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। इसके अलावा विभिन्न शैक्षणिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों को उत्तर प्रदेश की समृद्ध विरासत से परिचित कराया जाएगा।
Kashi Tamil Sangamam 5.0 : वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या में 50 शिक्षक पढ़ाएंगे तिरुक्कुरल
काशी तमिल संगमम् 5.0 की सबसे महत्वपूर्ण पहल तमिलनाडु के शिक्षकों द्वारा उत्तर प्रदेश के विद्यार्थियों को तिरुक्कुरल का अध्ययन कराना है। इसके तहत तमिलनाडु के हिंदी जानने वाले 50 शिक्षक प्रदेश के स्कूलों और कॉलेजों में कक्षाएं संचालित करेंगे। योजना के अनुसार, वाराणसी में 20 शिक्षक विद्यार्थियों को तिरुक्कुरल पढ़ाएंगे। वहीं प्रयागराज और अयोध्या में 15-15 शिक्षक इस जिम्मेदारी को संभालेंगे। इस शैक्षणिक पहल से तीनों शहरों के करीब 3,000 विद्यार्थियों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
शिक्षक तिरुवल्लुवर की रचनाओं और उनके जीवनोपयोगी संदेशों को हिंदी में समझाएंगे, जिससे विद्यार्थी तमिल साहित्य की महान परंपरा को नजदीक से जान सकेंगे। इस प्रयास से विद्यार्थियों को दक्षिण भारतीय भाषा, साहित्य, दर्शन और संस्कृति को समझने का अवसर मिलेगा।
Kashi Tamil Sangamam 5.0 : भारतीय भाषाओं और सांस्कृतिक एकता को मिलेगा बढ़ावा
काशी तमिल संगमम् के पांचवें संस्करण में साहित्य और शिक्षा को सांस्कृतिक आदान-प्रदान का प्रमुख माध्यम बनाया गया है। तिरुक्कुरल को केंद्र में रखकर आयोजित की जा रही गतिविधियां उत्तर और दक्षिण भारत के बीच भाषाई एवं सांस्कृतिक संवाद को नई दिशा देंगी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय के कला संकाय के भारतीय भाषा विभाग के डॉ. जगदीशन भी इस कार्यक्रम के संचालन में सहयोग कर रहे हैं। आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों, शिक्षकों और प्रतिनिधियों को एक-दूसरे की भाषाओं, परंपराओं और जीवन मूल्यों को समझने का अवसर मिलेगा। काशी और तमिलनाडु के ऐतिहासिक संबंधों को नई पीढ़ी से जोड़ने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।