Seva Sankalp Bike Yatra : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन और जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर से सेवा संकल्प अभियान शुरू होगा। काशी से वडनगर तक 500 सेवा यात्री बाइक यात्रा पर रवाना होंगे।
Seva Sankalp Bike Yatra : राजनाथ-योगी दिखाएंगे ‘सेवा संकल्प बाइक यात्रा’ को हरी झंडी, 17 सितंबर को काशी से वडनगर रवाना होंगे 500 सेवा यात्री
Seva Sankalp Bike Yatra : वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने और उनके जन्मदिन के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। इसी अभियान के तहत काशी से गुजरात के वडनगर तक ‘सेवा संकल्प बाइक यात्रा’ निकाली जाएगी। यात्रा को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह हरी झंडी दिखाएंगे। काशी के रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में आयोजित होने वाले शुभारंभ कार्यक्रम में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत कई प्रमुख नेता और गणमान्य लोग मौजूद रहेंगे।
Seva Sankalp Bike Yatra : काशी से वडनगर तक 500 सेवा यात्रियों का सफर
सेवा संकल्प बाइक यात्रा में काशी से करीब 500 सेवा यात्री बाइक के माध्यम से वडनगर के लिए रवाना होंगे। यात्रा उत्तर प्रदेश में 50 जिलों, 88 रात्रि पड़ाव और 187 ठहरावों से होकर गुजरेगी। इसके लिए 10 अलग-अलग रूट निर्धारित किए गए हैं। विभिन्न राज्यों से आने वाले युवा भी यात्रा में शामिल होंगे। यात्रा का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन से प्रेरणा लेकर युवाओं को सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण से जोड़ना बताया गया है। यात्रा के दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद और जनसेवा से जुड़े कार्यक्रमों को प्रमुखता दी जाएगी।
Seva Sankalp Bike Yatra : भाजपा नेताओं के मुताबिक, वडनगर प्रधानमंत्री मोदी के संघर्ष और प्रारंभिक जीवन का प्रतीक है, जबकि काशी उनकी आस्था, संस्कृति और वर्तमान जनसेवा की कर्मभूमि का प्रतिनिधित्व करती है। ऐसे में काशी से वडनगर तक की यह यात्रा सेवा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को जोड़ने का माध्यम बनेगी।
Seva Sankalp Bike Yatra : गंगाजल से होगा बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक
सेवा संकल्प यात्रा की शुरुआत से पहले काशी में धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। सेवा यात्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचकर गंगाजल से बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक करेंगे। इसके साथ ही 11 हवन कुंडों पर हवन का आयोजन किया जाएगा। हवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सभी सेवा यात्रियों के मंगलमय यात्रा की कामना की जाएगी। बटुकों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार किया जाएगा और सेवा यात्रियों का तिलक कर स्वागत होगा। डमरू दलों का वादन और साधु-संतों का आशीर्वाद कार्यक्रम को आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक स्वरूप प्रदान करेगा।
Seva Sankalp Bike Yatra : जेपीएस राठौर ने बताया यात्रा का उद्देश्य
सर्किट हाउस में आयोजित व्यवस्था टोली की बैठक में राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार जे.पी.एस. राठौर ने कहा कि काशी से वडनगर और वडनगर से काशी की यह यात्रा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा, सुशासन और सार्वजनिक जीवन से प्रेरणा लेकर युवाओं को सेवा तथा राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का प्रयास है। उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद किया जाएगा और सेवा गतिविधियों को प्राथमिकता दी जाएगी। उत्तर प्रदेश में यात्रा 50 जिलों से होकर गुजरेगी और 88 रात्रि विश्राम तथा 187 पड़ाव निर्धारित किए गए हैं।
Seva Sankalp Bike Yatra : ‘सेवा यात्री ही यात्रा का हृदय’ : हेमांग जोशी
भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद हेमांग जोशी ने कहा कि इस तरह की सेवा संकल्प यात्रा भाजपा के इतिहास में पहले नहीं हुई है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन को निरंतर सेवा का उदाहरण बताते हुए कहा कि यात्रा का मूल उद्देश्य युवाओं को सेवा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण से जोड़ना है। उन्होंने बताया कि पश्चिम बंगाल, ओडिशा, सिक्किम, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ समेत विभिन्न राज्यों से युवा सेवा यात्री काशी पहुंच रहे हैं। उन्होंने व्यवस्था टोली को यात्रियों के ठहरने, भोजन, स्वागत और अन्य व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जोशी ने यात्रा के दौरान लखपति दीदी, ड्रोन दीदी, सहकारी योजनाओं के लाभार्थियों, युवाओं, पीएम श्री, नवोदय विद्यालय और केंद्रीय विद्यालयों से जुड़े लाभार्थियों से संवाद पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मंचीय भाषणों को सीमित रखते हुए सेवा गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाया जाना चाहिए।
Seva Sankalp Bike Yatra : 16 सितंबर से काशी पहुंचेंगे सेवा यात्री
प्रदेश महामंत्री दिलीप पटेल ने कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर मिनट-टू-मिनट व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही। उन्होंने 16 सितंबर को आने वाले करीब 500 सेवा यात्रियों के आवास, भोजन, वाहन और होटलवार कमरा आवंटन पहले से तय करने के निर्देश दिए।
17 सितंबर को करीब 50 सेवा यात्रियों को सुबह 9:30 बजे काशी विश्वनाथ धाम पहुंचाने और इसके बाद रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर ले जाने की व्यवस्था भी तय की गई है।
Seva Sankalp Bike Yatra : तीन प्रमुख कार्यक्रमों की जिम्मेदारी तय
भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि काशी विश्वनाथ धाम के कार्यक्रम का समन्वय शहर दक्षिणी विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी करेंगे। प्रदर्शनी की जिम्मेदारी राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा को दी गई है। वहीं रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में होने वाले मुख्य कार्यक्रम का समन्वय राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार रविंद्र जायसवाल और महापौर अशोक तिवारी करेंगे।
Seva Sankalp Bike Yatra : बैठक में राष्ट्रीय मंत्री एवं प्रदेश सह प्रभारी जगदीश पटेल, प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश कोरी, राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा, रविंद्र जायसवाल, प्रदेश महामंत्री दिलीप पटेल, प्रदेश अध्यक्ष युवा मोर्चा रोहित मिश्रा, महापौर अशोक तिवारी, काशी क्षेत्र प्रभारी रमेश सिंह, विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, डॉ. अवधेश सिंह, सौरभ श्रीवास्तव, एमएलसी धर्मेंद्र सिंह, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, जिलाध्यक्ष राम सकल पटेल और जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या समेत बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।