Seva Sankalp Abhiyan : भाजपा काशी क्षेत्र 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाएगा। काशी विश्वनाथ से वडनगर तक बाइक यात्रा निकलेगी और 31,168 बूथों पर विभिन्न कार्यक्रम होंगे।
Seva Sankalp Abhiyan : कर्मभूमि से जन्मभूमि तक बाइक यात्रा, गूंजेगा पीएम मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन का संदेश
Seva Sankalp Abhiyan : वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा काशी क्षेत्र 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक माह का व्यापक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाएगा। अभियान के जरिए सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने की तैयारी की गई है। अभियान का प्रमुख आकर्षण काशी से गुजरात के वडनगर तक प्रस्तावित बाइक यात्रा होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर को काशी विश्वनाथ मंदिर में 10 नदियों के जल से जलाभिषेक के बाद बाइक यात्रा का शुभारंभ किया जाएगा। लगभग 20 दिन की यात्रा के बाद सात अक्टूबर को वडनगर में इसका समापन होगा।
Seva Sankalp Abhiyan : रोहनिया स्थित भाजपा काशी क्षेत्र कार्यालय में नवनियुक्त पदाधिकारियों और क्षेत्र कार्यसमिति सदस्यों की बैठक में क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ की विस्तृत रूपरेखा और कार्यक्रमों का ब्लूप्रिंट प्रस्तुत किया। उन्होंने काशी क्षेत्र के सभी 16 जिलों में अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित करने के निर्देश दिए। अभियान के तहत 71 विधानसभा क्षेत्रों, 337 मंडलों और 31,168 बूथों तक विभिन्न कार्यक्रमों को पहुंचाने की तैयारी है।
Seva Sankalp Abhiyan : काशी से वडनगर तक जुड़ेगा प्रधानमंत्री का सार्वजनिक जीवन
‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ‘वडनगर से वाराणसी यात्रा’ को विशेष महत्व दिया गया है। भाजयुमो के नेतृत्व में प्रस्तावित बाइक यात्रा 17 सितंबर को काशी विश्वनाथ मंदिर में 10 नदियों के जल से जलाभिषेक के बाद रवाना होगी। करीब 20 दिनों की यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर संपर्क और जनभागीदारी से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सात अक्टूबर को यात्रा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जन्मभूमि वडनगर पहुंचेगी।
Seva Sankalp Abhiyan : भाजपा इस यात्रा को केवल बाइक रैली के रूप में नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन की यात्रा को उनकी जन्मभूमि वडनगर और कर्मभूमि काशी से जोड़ने वाले संदेश के रूप में प्रस्तुत करने की तैयारी में है। क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने युवा मोर्चा के काशी क्षेत्र प्रभारी से बाइक यात्रा की अब तक की तैयारियों का फीडबैक भी लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
Seva Sankalp Abhiyan : 31 हजार से अधिक बूथों पर होगा ‘आशीर्वाद का दीया’
अभियान के तहत काशी क्षेत्र के करीब 31,168 बूथों पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित करने की योजना है। इसमें कार्यकर्ताओं के साथ युवाओं, महिलाओं और विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है। अशोक चौरसिया ने कहा कि प्रधानमंत्री को देश के कार्यकर्ता और नागरिक सबसे बड़ा उपहार अपना आशीर्वाद और विश्वास देकर ही दे सकते हैं। इसी भावना के साथ ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम को व्यापक जनभागीदारी से जोड़ने की तैयारी की गई है। बूथ समितियों और पन्ना प्रमुखों को अभियान को घर-घर तक पहुंचाने की जिम्मेदारी दी जाएगी।
Seva Sankalp Abhiyan : स्कूलों में ‘सपनों का भारत’, गांवों में चौपाल
‘सेवा संकल्प अभियान’ को पार्टी संगठन तक सीमित न रखते हुए समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाने की योजना है। ‘सपनों का भारत’ कार्यक्रम के तहत सरकारी और निजी विद्यालयों में विकसित भारत के संकल्प से जुड़ी गतिविधियां और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
ग्रामीण क्षेत्रों में ‘ग्राम चौपाल एवं सीधा संवाद’ के जरिए लोगों से संपर्क किया जाएगा। इसके अलावा सोशल मीडिया, व्हाट्सऐप, स्थानीय प्रचार माध्यमों, रचनात्मक सामग्री और इन्फ्लुएंसर्स के माध्यम से अभियान को युवाओं और नई पीढ़ी तक पहुंचाने की तैयारी है।
Seva Sankalp Abhiyan : एक माह में होंगे 13 प्रमुख कार्यक्रम
भाजपा काशी क्षेत्र के अनुसार एक माह के अभियान के दौरान 13 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें ‘नमो सेवा गाथा’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘वडनगर से वाराणसी यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान’, ‘रंगोली राष्ट्र एवं घर-घर से राष्ट्र तक’, ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ और ‘जनसेवा महाकुंभ’ प्रमुख हैं।
Seva Sankalp Abhiyan : इसके अलावा प्रमुख स्मारकों पर लेजर शो, प्रमुख तीर्थस्थलों पर महायज्ञ एवं विशेष अनुष्ठान और ग्राम चौपाल जैसे कार्यक्रम भी अभियान का हिस्सा होंगे। पार्टी की कोशिश है कि प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन को सेवा, सुशासन, विकास और गरीब कल्याण से जोड़ते हुए समाज के अलग-अलग वर्गों के बीच अभियान की पहुंच बनाई जाए।
Seva Sankalp Abhiyan : जनभागीदारी को अभियान की प्राथमिकता
क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के साथ विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है। उन्होंने सभी सेवा कार्यक्रमों में जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया और पदाधिकारियों से अभियान को केवल संगठनात्मक गतिविधि के बजाय जनभागीदारी वाला अभियान बनाने का आह्वान किया।
Seva Sankalp Abhiyan : भाजपा काशी क्षेत्र के प्रवक्ता नवरतन राठी ने बताया कि क्षेत्र अध्यक्ष ने बैठक में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत काशी क्षेत्र के विभिन्न जिलों में आयोजित होने वाले सेवा कार्यक्रमों के सफल क्रियान्वयन और मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी क्षेत्र के पदाधिकारियों को सौंपी है।
Seva Sankalp Abhiyan : बैठक का संचालन क्षेत्रीय महामंत्री अनूप जायसवाल ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन महामंत्री अजीत रावत ने किया। बैठक में क्षेत्र उपाध्यक्ष नवरतन राठी, अनिल श्रीवास्तव, अमित राय, विपिन सिंह, राकेश शर्मा, क्षेत्र मंत्री जगदीश त्रिपाठी, प्रवीण सिंह गौतम, सतीश पांडेय, देवेंद्र मौर्या, उत्तम ओझा, अनिल गुप्ता, अखंड सिंह, संतोष सोलापुरकर, शैलेन्द्र मिश्रा, सोनू पंडित समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।