Ganga Water Level Varanasi : वाराणसी में गंगा का जलस्तर 66.64 मीटर पहुंचा। 84 घाटों का संपर्क टूटा, मणिकर्णिका-हरिश्चंद्र घाट पर सीढ़ियों पर अंतिम संस्कार और दशाश्वमेध घाट की आरती छत पर कराई जा रही है।
Ganga Water Level Varanasi : वाराणसी। गंगा के लगातार बढ़ते जलस्तर ने काशी के घाटों और तटवर्ती इलाकों में चिंता बढ़ा दी है। मंगलवार को गंगा का पानी कई प्रमुख घाटों की सीढ़ियों तक पहुंच गया। इसके चलते 84 घाटों का आपसी संपर्क टूट गया है। कई घाटों पर स्नान स्थल जलमग्न हो गए हैं और श्रद्धालुओं की आवाजाही प्रभावित हुई है।
Ganga Water Level Varanasi : मणिकर्णिका और हरिश्चंद्र घाट पर अंतिम संस्कार की जगह कम
गंगा का पानी बढ़ने से मणिकर्णिका और हरिश्चंद्र घाट पर अंतिम संस्कार की व्यवस्था प्रभावित हुई है। पानी सीढ़ियों तक पहुंचने के कारण शवों के अंतिम संस्कार के लिए उपलब्ध स्थान कम पड़ने लगा है। कई स्थानों पर सीढ़ियों पर ही अंतिम संस्कार किया जा रहा है। स्थिति इसी तरह बनी रही और जलस्तर में और बढ़ोतरी हुई तो अंतिम संस्कार के लिए जगह की समस्या और गंभीर हो सकती है।
Ganga Water Level Varanasi : कई घाटों की सीढ़ियां पानी में डूबीं
गंगा का पानी लगातार ऊपर आने से कई घाटों की सीढ़ियां डूब गई हैं। एक घाट से दूसरे घाट तक जाने वाले रास्ते भी जलमग्न हो गए हैं। संत रविदास घाट और नया सामने घाट के स्नान स्थल पूरी तरह पानी में डूब चुके हैं। अस्सी घाट पर भी पानी आरती स्थल के नीचे तक पहुंच गया है। घाटों पर पानी और फिसलन के बीच आवाजाही होने से हादसे का खतरा बढ़ गया है। प्रशासन ने कई स्थानों पर बैरिकेडिंग कर लोगों को नदी के करीब जाने से रोकना शुरू कर दिया है।
Ganga Water Level Varanasi : छत पर कराई जा रही दशाश्वमेध घाट की गंगा आरती
जलस्तर बढ़ने का असर काशी की प्रसिद्ध दशाश्वमेध घाट गंगा आरती पर भी पड़ा है। गंगा सेवा निधि की ओर से अब आरती छत पर कराई जा रही है। जलस्तर बढ़ने के बाद आरती स्थल को पांचवीं बार बदला गया है। गंगा सेवा निधि के अध्यक्ष सुशांत मिश्रा के अनुसार, जब तक गंगा का जलस्तर सामान्य नहीं होता, तब तक आरती छत पर ही कराई जाएगी। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए भीड़ को नियंत्रित किया जा रहा है।
Ganga Water Level Varanasi : नमो घाट के प्लेटफॉर्म तक पहुंचा पानी
गंगा का पानी नमो घाट के प्लेटफॉर्म तक भी पहुंच गया है। घाटों पर बढ़ते पानी के कारण सामान्य गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
Ganga Water Level Varanasi : 66.64 मीटर पहुंचा गंगा का जलस्तर
मंगलवार सुबह 6 बजे वाराणसी में गंगा का जलस्तर 66.64 मीटर दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटे में वाराणसी में 46.6 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम वैज्ञानिक मनोज श्रीवास्तव के अनुसार, अगले 24 घंटे तक मौसम का मिजाज इसी तरह बने रहने की संभावना है। सोमवार रात गंगा के जलस्तर में करीब 5 सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ोतरी हुई। बाद में बढ़ाव की गति घटकर लगभग 2 सेंटीमीटर प्रति घंटे हो गई। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार, अगले 24 घंटे में गंगा के जलस्तर में और बढ़ोतरी की संभावना है।
Ganga Water Level Varanasi : वरुणा नदी में पलट प्रवाह से बढ़ा खतरा
गंगा का जलस्तर बढ़ने के साथ वरुणा नदी में भी पलट प्रवाह शुरू हो गया है। इससे वरुणा किनारे बसे मोहल्लों में जलभराव का खतरा बढ़ गया है। आशंका है कि जलस्तर और बढ़ने पर एक दर्जन से अधिक मोहल्ले प्रभावित हो सकते हैं। इसके अलावा दो हजार से अधिक पावरलूम और हथकरघे प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। स्थिति गंभीर होने पर एक हजार से अधिक परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की जरूरत पड़ सकती है।
Ganga Water Level Varanasi : नाव संचालन बंद, NDRF और जल पुलिस की निगरानी
गंगा में तेज बहाव और बढ़ते जलस्तर को देखते हुए नाव संचालन पर रोक लगा दी गई है। NDRF और जल पुलिस की टीमें घाटों पर लगातार गश्त कर रही हैं। जवान श्रद्धालुओं और पर्यटकों को नदी में उतरने से रोक रहे हैं। घाटों पर सुरक्षा निर्देशों का पालन कराने के साथ तटवर्ती क्षेत्रों की स्थिति पर भी नजर रखी जा रही है।
Ganga Water Level Varanasi : सावन में श्रद्धालुओं की भीड़, प्रशासन अलर्ट
सावन के चलते काशी के घाटों और मंदिर क्षेत्रों में श्रद्धालुओं तथा कांवरियों की भीड़ बनी हुई है। ऐसे में गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे तेज बहाव वाले क्षेत्रों में नदी के करीब न जाएं, बैरिकेडिंग पार न करें और घाटों पर तैनात सुरक्षा कर्मियों के निर्देशों का पालन करें।