Lucknow BCA Student Murder : लखनऊ के पारा क्षेत्र में 17 वर्षीय बीसीए छात्रा स्मृति पांडेय की घर में गला रेतकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने घायल हालत में मिले क्लासमेट देवांश पाठक को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जांच में प्रेम संबंध और विवाद के बाद हत्या की बात सामने आई है।
Lucknow BCA Student Murder : लखनऊ में घर के भीतर बीसीए छात्रा की निर्मम हत्या, क्लासमेट गिरफ्तार
Lucknow BCA Student Murder : लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र के नरपतखेड़ा इलाके में बुधवार को एक 17 वर्षीय बीसीए छात्रा की उसके ही घर में धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद मौके से गंभीर रूप से घायल मिले छात्रा के क्लासमेट को पुलिस ने इलाज के बाद गिरफ्तार कर लिया। शुरुआती जांच में दोनों के बीच पिछले करीब दो वर्षों से प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है। पुलिस प्रेम संबंध में विवाद और शक को हत्या की संभावित वजह मानकर मामले की जांच कर रही है।
Lucknow BCA Student Murder : घर लौटी बहन ने देखा खून से लथपथ शव
मृतका की पहचान स्मृति पांडेय (17) के रूप में हुई है, जो टीएस मिश्रा कॉलेज में बीसीए प्रथम वर्ष की छात्रा थी। घटना के समय स्मृति घर में अकेली थी। उसकी बड़ी बहन कॉलेज गई हुई थी, जबकि माता-पिता अपने गृह जनपद अमेठी गए थे। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे बड़ी बहन घर पहुंची तो मुख्य दरवाजा खुला मिला। पहली मंजिल के कमरे में पहुंचने पर उसने स्मृति को खून से लथपथ मृत अवस्था में देखा। वहीं कमरे में उसका सहपाठी देवांश पाठक भी घायल हालत में पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे।
Lucknow BCA Student Murder : अस्पताल में छात्रा को मृत घोषित किया गया
पुलिस ने दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद स्मृति को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल युवक का उपचार कराया गया। हालत सामान्य होने पर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।
Lucknow BCA Student Murder : पुलिस का दावा- योजना बनाकर चाकू लेकर पहुंचा था आरोपी
डीसीपी कमलेश दीक्षित के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अपने साथ सब्जी काटने वाला चाकू लेकर छात्रा के घर पहुंचा था। पुलिस का कहना है कि आरोपी को शक था कि स्मृति किसी अन्य युवक से बातचीत करती थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक हो गई। पूछताछ में आरोपी ने दावा किया कि विवाद के दौरान छात्रा ने अपनी कलाई काटने की कोशिश की। चाकू छीनने के दौरान उसे भी चोट लगी। इसके बाद गुस्से में उसने छात्रा के गले पर कई वार कर दिए।
Lucknow BCA Student Murder : हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया है। साथ ही आरोपी का मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है, ताकि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पुष्टि की जा सके।
Lucknow BCA Student Murder : दो साल से थे प्रेम संबंध में
पुलिस जांच में सामने आया है कि स्मृति और देवांश पहले इंटरमीडिएट में साथ पढ़ते थे। इसके बाद दोनों ने एक ही कॉलेज में बीसीए प्रथम वर्ष में प्रवेश लिया। दोनों के बीच पिछले करीब दो वर्षों से प्रेम संबंध थे। हालांकि हाल के दिनों में दोनों के बीच विवाद बढ़ गया था।
Lucknow BCA Student Murder : पड़ोसियों ने सुनी थीं चीखने की आवाजें
स्थानीय लोगों के मुताबिक घटना के दौरान घर से बहस और चीखने की आवाजें आई थीं। लोगों ने इसे घरेलू विवाद समझकर कोई हस्तक्षेप नहीं किया। बाद में छात्रा की हत्या की जानकारी मिलने पर पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
Lucknow BCA Student Murder : परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
स्मृति के पिता शैलेंद्र पांडेय भारतीय सेना से नायब सूबेदार पद से सेवानिवृत्त हैं और वर्तमान में एनसीसी में प्रशिक्षक के रूप में कार्यरत हैं। मां गृहिणी हैं, जबकि भाई प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है। घटना के समय पूरा परिवार अमेठी गया हुआ था।
Lucknow BCA Student Murder : पुलिस कर रही हर पहलू से जांच
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि मोबाइल डेटा, कॉल रिकॉर्ड, डिजिटल साक्ष्य और फोरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के सभी कारणों का स्पष्ट खुलासा किया जाएगा।