Har Ghar Tiranga 2026: भाजपा काशी क्षेत्र ने हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने के लिए रणनीति तैयार की। 10 से 15 अगस्त तक 16 संगठनात्मक जिलों में विशेष मॉनिटरिंग के साथ घर-घर तिरंगा फहराने का अभियान चलाया जाएगा।
Har Ghar Tiranga 2026: वाराणसी, 5 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले ‘हर घर तिरंगा’ और ‘तिरंगा यात्रा’ अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी काशी क्षेत्र ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बुधवार को रोहनिया स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में भाजपा काशी क्षेत्र की क्षेत्रीय टोली की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान की रूपरेखा, संगठनात्मक जिम्मेदारियों, कार्यकर्ताओं की भूमिका तथा सभी 16 संगठनात्मक जिलों में प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
Har Ghar Tiranga 2026: बैठक की अध्यक्षता भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने की। उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान केवल राष्ट्रीय ध्वज फहराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता, संविधान के प्रति सम्मान और विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का एक प्रभावी जनआंदोलन बन चुका है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि 10 से 15 अगस्त तक प्रत्येक घर तक तिरंगा पहुंचाने और हर परिवार को अपने घर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने कहा कि जब किसी घर पर तिरंगा लहराता है तो वह केवल एक ध्वज नहीं होता, बल्कि उस परिवार की राष्ट्र के प्रति आस्था, सम्मान और समर्पण का प्रतीक बन जाता है। यही भावना इस अभियान को देशव्यापी जनअभियान का स्वरूप प्रदान कर रही है।
Har Ghar Tiranga 2026: बैठक में अभियान को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए क्षेत्रीय स्तर पर जिम्मेदारियों का भी निर्धारण किया गया। भाजपा काशी क्षेत्र के मीडिया प्रभारी नवरतन राठी ने बताया कि नागेश्वर देव पांडेय को तिरंगा यात्रा अभियान का क्षेत्र संयोजक नियुक्त किया गया है।
Har Ghar Tiranga 2026: वहीं शैलेंद्र मौर्य, नम्रता चौरसिया, अजीत रावत और देवेंद्र मौर्य को क्षेत्र सह संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने बताया कि नियुक्त पदाधिकारी काशी क्षेत्र के सभी 16 संगठनात्मक जिलों के साथ निरंतर समन्वय स्थापित करेंगे तथा अभियान की नियमित मॉनिटरिंग करेंगे, जिससे प्रत्येक जिले में निर्धारित कार्यक्रम समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से संपन्न हो सके। इसके साथ ही अभियान के दौरान आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की समीक्षा भी लगातार की जाएगी।
Har Ghar Tiranga 2026: बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए संगठन की विभिन्न इकाइयों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी बल दिया। कार्यकर्ताओं से अपील की गई कि वे अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ें और स्वतंत्रता दिवस को राष्ट्रीय गौरव एवं जनभागीदारी के उत्सव के रूप में मनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
Har Ghar Tiranga 2026: भाजपा काशी क्षेत्र का मानना है कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के माध्यम से राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को नई ऊर्जा मिलेगी तथा विकसित भारत के संकल्प को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने में यह अभियान महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।