Yoga for Heart Health : महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ द्वारा जिला जेल में आयोजित योग प्रशिक्षण कार्यक्रम के तीसरे दिन संवासिनियों को उच्च रक्तचाप एवं हृदय रोग प्रबंधन से संबंधित योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराया गया। विशेषज्ञों ने योग के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य लाभों पर प्रकाश डाला।
Yoga for Heart Health : वाराणसी। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के उपलक्ष्य में महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के समाज कार्य संकाय एवं महिला अध्ययन केंद्र द्वारा जिला जेल में आयोजित एक सप्ताहीय योग प्रशिक्षण कार्यक्रम के तीसरे दिन गुरुवार को महिला संवासिनियों को उच्च रक्तचाप एवं हृदय रोग प्रबंधन से संबंधित विशेष योगाभ्यास कराया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को योग के माध्यम से शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक रूप से सशक्त बनाना तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना है।
Yoga for Heart Health : कार्यक्रम की संयोजिका एवं समाज कार्य संकाय की अध्यक्ष प्रो. वंदना सिन्हा ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्तमान समय में बदलती जीवनशैली और बढ़ते तनाव के कारण हृदय रोग एवं उच्च रक्तचाप जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। ऐसे में योग एक प्रभावी एवं प्राकृतिक उपाय के रूप में सामने आया है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास न केवल शरीर को स्वस्थ और ऊर्जावान बनाता है, बल्कि मानसिक शांति, भावनात्मक संतुलन और सकारात्मक सोच को भी बढ़ावा देता है। योग स्वस्थ वातावरण के निर्माण और जीवन की गुणवत्ता को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
Yoga for Heart Health : योग सत्र के दौरान महिला संवासिनियों को सूक्ष्म व्यायाम, ताड़ासन, वृक्षासन, कटिचक्रासन, भुजंगासन, मकरासन तथा शशांकासन का अभ्यास कराया गया। विशेषज्ञों के अनुसार ये योगासन हृदय की कार्यक्षमता को बेहतर बनाने, रक्त संचार को सुचारु रखने तथा उच्च रक्तचाप को नियंत्रित करने में सहायक माने जाते हैं।
Yoga for Heart Health : इसके अलावा प्रतिभागियों को अनुलोम-विलोम, नाड़ी शोधन एवं भ्रामरी प्राणायाम का अभ्यास भी कराया गया। इन प्राणायाम तकनीकों के माध्यम से तनाव, चिंता और मानसिक दबाव को कम करने के साथ-साथ हृदय स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के उपाय बताए गए। ध्यान सत्र में ओंकार उच्चारण एवं सोऽहम ध्यान के माध्यम से संवासिनियों को मानसिक शांति, आत्मिक संतुलन और एकाग्रता का अनुभव कराया गया।
Yoga for Heart Health : कार्यक्रम की सह-संयोजक एवं योग प्रशिक्षिका डॉ. चंद्रमणि ने महिलाओं को योग के महत्व तथा उनके शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले सकारात्मक प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास महिलाओं के समग्र स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के साथ-साथ उच्च रक्तचाप और हृदय संबंधी बीमारियों की रोकथाम में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
Yoga for Heart Health : योग प्रशिक्षिका प्रज्ञा सिंह ने विभिन्न योगासनों का प्रदर्शन करते हुए संवासिनियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया। उन्होंने योगासनों की सही विधि और उनसे मिलने वाले स्वास्थ्य लाभों की जानकारी देते हुए महिलाओं को नियमित अभ्यास के लिए प्रेरित किया।
Yoga for Heart Health : कार्यक्रम के दौरान महिला संवासिनियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और योगाभ्यास के माध्यम से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के विभिन्न उपायों की जानकारी प्राप्त की। आयोजकों ने बताया कि सप्ताह भर चलने वाले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में विभिन्न स्वास्थ्य विषयों पर आधारित योग सत्र आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे प्रतिभागियों को योग के वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक पक्षों से परिचित कराया जा सके।