BHU East Zone Inter University Cricket : ईस्ट जोन इंटर यूनिवर्सिटी क्रिकेट टूर्नामेंट 2025-26 में बीएचयू की पुरुष क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार दूसरी जीत दर्ज की। घातक गेंदबाजी और संयमित बल्लेबाजी से विश्व भारती विश्वविद्यालय को एकतरफा हराया।
BHU East Zone Inter University Cricket : काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) की पुरुष क्रिकेट टीम ने ईस्ट जोन इंटर यूनिवर्सिटी क्रिकेट टूर्नामेंट 2025-26 में शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार दूसरी जीत दर्ज की है। रैवेनशा विश्वविद्यालय, कटक (ओडिशा) द्वारा आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में बीएचयू ने अपने सशक्त खेल से प्रतिद्वंद्वी टीमों को चौंकाया है। पहले मुकाबले में जीत के बाद दूसरे मैच में भी बीएचयू ने विश्व भारती विश्वविद्यालय को एकतरफा अंदाज में हराकर अपने इरादे साफ कर दिए। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी विश्व भारती की टीम बीएचयू के घातक गेंदबाजों के सामने पूरी तरह बिखर गई।

BHU East Zone Inter University Cricket : बीएचयू की घातक गेंदबाजी, 14.4 ओवर में ढेर हुई विश्व भारती
बीएचयू के गेंदबाजों ने शुरू से ही दबाव बनाते हुए विश्व भारती विश्वविद्यालय की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। पूरी टीम मात्र 14.4 ओवर में 56 रन पर सिमट गई। नीलतपेंदु ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में सिर्फ नौ रन देकर तीन विकेट झटके। इसके अलावा सारंग नाथ त्रिपाठी, मानवेन्द्र यादव और वात्सल यादव ने दो-दो विकेट लेकर विपक्षी टीम को वापसी का कोई मौका नहीं दिया।
BHU East Zone Inter University Cricket : लक्ष्य का आसान पीछा, संयमित बल्लेबाजी का प्रदर्शन

57 रनों के छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी बीएचयू की टीम ने संयम और आत्मविश्वास के साथ बल्लेबाजी की। बल्लेबाजों ने अनावश्यक जोखिम न लेते हुए लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया और टीम को लगातार दूसरी जीत दिलाई।
BHU East Zone Inter University Cricket : मजबूत दावेदारी पेश कर रही बीएचयू
लगातार दो जीत के साथ बीएचयू की टीम ने टूर्नामेंट में अपनी मजबूत दावेदारी पेश कर दी है। गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों ही विभागों में टीम का संतुलित प्रदर्शन आने वाले मुकाबलों के लिए शुभ संकेत माना जा रहा है। विश्वविद्यालय के खेल प्रेमियों और समर्थकों में इस शानदार शुरुआत को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।