Varanasi Surveillance Cameras : वाराणसी के 20 और प्रमुख चौराहों पर 3.07 करोड़ रुपये की लागत से हाईटेक सर्विलांस कैमरे लगाए जाएंगे। टोयोटा के सहयोग से शुरू होने वाली परियोजना फरवरी 2027 तक पूरी होगी। इससे यातायात, सड़क सुरक्षा और अपराध नियंत्रण में मदद मिलेगी।
Varanasi Surveillance Cameras : काशी के 20 और चौराहों पर लगेंगे हाईटेक सर्विलांस कैमरे, 3.07 करोड़ रुपये होंगे खर्च; फरवरी 2027 तक पूरा होगा प्रोजेक्ट
Varanasi Surveillance Cameras : वाराणसी: काशी में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए एक बड़ी पहल की गई है। शहर के 20 और प्रमुख एवं संवेदनशील चौराहों पर अत्याधुनिक सर्विलांस कैमरे लगाए जाएंगे। इस परियोजना पर टोयोटा किर्लोस्कर मोटर प्राइवेट लिमिटेड (TKM) की ओर से कॉर्पोरेट सामाजिक जिम्मेदारी (CSR) के तहत 3.07 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। वाराणसी स्मार्ट सिटी लिमिटेड और टोयोटा किर्लोस्कर मोटर के बीच इस संबंध में समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इस परियोजना का उद्देश्य शहर में बढ़ते यातायात दबाव को नियंत्रित करना, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करना और अपराधों पर प्रभावी निगरानी रखना है। नए कैमरों को काशी इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से जोड़ा जाएगा। इससे पुलिस और सुरक्षाकर्मी 24 घंटे शहर के प्रमुख चौराहों की रीयल-टाइम निगरानी कर सकेंगे। किसी भी दुर्घटना, जाम या आपात स्थिति की जानकारी मिलने पर संबंधित थाने को तत्काल अलर्ट भेजा जाएगा।
Varanasi Surveillance Cameras : महापौर और नगर आयुक्त की मौजूदगी में हुआ एमओयू
सिगरा स्थित त्रिनेत्र भवन में शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में वाराणसी स्मार्ट सिटी लिमिटेड और टोयोटा किर्लोस्कर मोटर के अधिकारियों ने समझौता ज्ञापन का आदान-प्रदान किया। इस दौरान महापौर अशोक कुमार तिवारी, नगर आयुक्त एवं स्मार्ट सिटी के सीईओ शाश्वत त्रिपुरारी, स्मार्ट सिटी के महाप्रबंधक अमरेंद्र तिवारी और टोयोटा किर्लोस्कर मोटर के ईवीपी विक्रम गुलाटी मौजूद रहे। समझौते के तहत शहर के 20 ऐसे प्रमुख चौराहों पर आधुनिक निगरानी व्यवस्था विकसित की जाएगी, जहां यातायात का दबाव अधिक रहता है और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। इन स्थानों का चयन पुलिस प्रशासन के सर्वेक्षण और उसके अनुरोध के आधार पर किया गया है। टोयोटा की टीम पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर सभी 20 चौराहों का स्थलीय निरीक्षण भी कर चुकी है।
Varanasi Surveillance Cameras : काशी में सालाना करीब 3000 सड़क हादसे, रोजाना 500 यातायात उल्लंघन
स्मार्ट सिटी और यातायात पुलिस विभाग के सर्वेक्षण के मुताबिक, वाराणसी में संकरी सड़कें, बढ़ती आबादी और पर्यटकों की भारी आमद यातायात व्यवस्था के सामने बड़ी चुनौती हैं। शहर में हर साल लगभग 7 से 9 करोड़ पर्यटकों के आने का अनुमान है। इसके चलते प्रमुख मार्गों और चौराहों पर अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2025 में वाराणसी में करीब 3,000 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गईं। वहीं, प्रतिदिन यातायात नियमों के उल्लंघन के लगभग 500 मामले सामने आते हैं। इनमें सिग्नल तोड़ना, ओवरस्पीडिंग, हेलमेट नहीं पहनना और लेन अनुशासन का पालन नहीं करना जैसे मामले शामिल हैं।
पूर्व में शहर के 98 संवेदनशील स्थानों को चिह्नित किया गया था। इनमें से 21 चौराहों पर पहले ही आईटीएमएस (इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम) और एटीसीएस (एडैप्टिव ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम) लगाए जा चुके हैं। अब शेष महत्वपूर्ण स्थानों में से 20 चौराहों पर नई निगरानी व्यवस्था स्थापित की जाएगी।

Varanasi Surveillance Cameras : ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क से जुड़ेगा कमांड सेंटर, 24 घंटे होगी निगरानी
परियोजना के तहत लगाए जाने वाले सभी कैमरों को ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क (OFN) के माध्यम से काशी इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के ट्रैफिक कंट्रोल रूम से जोड़ा जाएगा। इससे संबंधित चौराहों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा सकेगी। कमांड सेंटर में तैनात पुलिसकर्मी और सुरक्षाकर्मी कैमरों के जरिए लाइव फुटेज की निगरानी करेंगे। किसी चौराहे पर सड़क दुर्घटना होने, वाहनों की लंबी कतार लगने या किसी अन्य आपात स्थिति का पता चलने पर तत्काल संबंधित थाने को अलर्ट भेजा जाएगा। इससे पुलिस और यातायात विभाग की टीम समय रहते मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई कर सकेगी। इस व्यवस्था से न केवल यातायात प्रबंधन में सुधार होगा, बल्कि संदिग्ध गतिविधियों और अपराधों की पहचान करने में भी मदद मिलेगी। साथ ही, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों की पहचान करना पहले से आसान हो जाएगा।
Varanasi Surveillance Cameras : फरवरी 2027 तक पूरा होगा काम, नियमों के पालन में 30 प्रतिशत सुधार का लक्ष्य
वाराणसी में इस परियोजना के तहत कैमरों और अन्य उपकरणों की स्थापना एवं कमीशनिंग का कार्य इसी माह शुरू करने की योजना है। इसके बाद दिसंबर 2026 में सिस्टम इंटीग्रेशन किया जाएगा। पूरी परियोजना को फरवरी 2027 तक पूरा कर हैंडओवर करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।परियोजना से यातायात नियमों के पालन में 20 से 30 प्रतिशत तक सुधार आने का अनुमान है। इसके अलावा सिग्नल जंपिंग और ओवरस्पीडिंग जैसी घटनाओं में भी 20 से 30 प्रतिशत तक कमी लाने का लक्ष्य रखा गया है।
Varanasi Surveillance Cameras : ऑटोमेटेड निगरानी व्यवस्था से यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों की पहचान करने की क्षमता में 50 प्रतिशत से अधिक बढ़ोतरी होने की उम्मीद है। इससे यातायात पुलिस को नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने में सहूलियत मिलेगी।
300 ऑटो, टैक्सी और बस चालकों को मिलेगा प्रशिक्षण यह परियोजना सिर्फ कैमरे लगाने और यातायात की निगरानी तक सीमित नहीं रहेगी। इसके दूसरे चरण में शहर के सार्वजनिक परिवहन से जुड़े चालकों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा। इसके तहत लगभग 300 ऑटो, टैक्सी और बस चालकों के लिए सड़क सुरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में सुरक्षित ड्राइविंग, यातायात नियमों के पालन और सड़क पर सावधानी बरतने के बारे में जानकारी दी जाएगी। साथ ही चालकों के लिए सामान्य स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाए जाएंगे। इस पहल से सालाना लगभग 3,000 से अधिक लोगों को सीधे तौर पर लाभ मिलने का अनुमान है। इसका उद्देश्य सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के साथ-साथ सार्वजनिक परिवहन से जुड़े लोगों को भी सुरक्षित यातायात व्यवस्था का हिस्सा बनाना है।
Varanasi Surveillance Cameras : अस्पतालों और सरकारी बालिका विद्यालयों में भी टोयोटा ने किए काम
कार्यक्रम के दौरान टोयोटा किर्लोस्कर मोटर की ओर से वाराणसी में पहले किए गए सीएसआर कार्यों की भी जानकारी दी गई। कंपनी ने जिला अस्पताल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को आधुनिक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराए हैं। इन सुविधाओं से 20 लाख से अधिक मरीजों को लाभ मिलने की बात कही गई।
इसके अलावा कंपनी की ओर से वाराणसी के भदैनी, मलदहिया, रामनगर और टिकरी स्थित सरकारी बालिका विद्यालयों में स्वच्छता सुविधाओं के तहत शौचालयों का निर्माण भी कराया गया है। इन प्रयासों के जरिए स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वच्छता और सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में सहयोग किया जा रहा है।
त्रिनेत्र भवन के कमांड सेंटर में 2700 कैमरों से निगरानी एमओयू कार्यक्रम से पहले नगर आयुक्त और टोयोटा के प्रतिनिधिमंडल ने सिगरा स्थित त्रिनेत्र भवन के कमांड सेंटर का निरीक्षण किया। इस दौरान वाराणसी स्मार्ट सिटी के प्रबंधक (आईटी) राहुल तिवारी ने प्रतिनिधिमंडल को कमांड सेंटर की तकनीकी व्यवस्था और कार्यप्रणाली की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि त्रिनेत्र भवन में कुल 2,700 कैमरे लगाए गए हैं। इनमें काशी कमांड सेंटर के अंतर्गत 108 एएनपीआर कैमरे और 2,169 सर्विलांस कैमरे शामिल हैं। इस केंद्र के माध्यम से शहर में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट) और यातायात प्रबंधन की निगरानी भी की जाती है।
एक नजर में काशी कमांड सेंटर की सुविधाएं
- 459 कैमरे: एडवांस सर्विलांस सेंटर में कैमरों के माध्यम से निगरानी।
- 132 एएनपीआर कैमरे: वाहनों की नंबर प्लेट की पहचान और चालान प्रक्रिया में सहयोग।
- 76 आरएलवीडी कैमरे: रेड लाइट उल्लंघन की निगरानी।
- 55 पब्लिक एड्रेस सिस्टम: शहर के 55 स्थानों पर सार्वजनिक उद्घोषणा की सुविधा।
- 15 पर्यावरण निगरानी केंद्र: पर्यावरण से जुड़े उपकरणों के माध्यम से निगरानी।
- 13 इलेक्ट्रॉनिक डिस्प्ले बोर्ड: यातायात और अन्य जरूरी सूचनाएं प्रदर्शित करने की व्यवस्था।
कार्यक्रम में वाराणसी स्मार्ट सिटी के मुख्य महाप्रबंधक अमरेंद्र तिवारी, महाप्रबंधक (वित्त) संदीप तिवारी, प्रबंधक (आईटी) राहुल तिवारी सहित टोयोटा किर्लोस्कर मोटर के महाप्रबंधक (सीएसआर) रोशन आर, महाप्रबंधक (एसबीयू) सुखदीप ढींगरा, राजेंद्र गोयनका और राहुल गोयनका समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।