UP College Student Murder Case : वाराणसी के उदय प्रताप कॉलेज में छात्र सूर्य प्रताप सिंह की हत्या के मामले में छात्रों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को खून से पत्र लिखकर न्याय की मांग की है। आरोपी पर सख्त कार्रवाई और निष्पक्ष जांच की उठी मांग।

UP College Student Murder Case : वाराणसी के उदय प्रताप कॉलेज में छात्र सूर्य प्रताप सिंह की हत्या के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। घटना के एक महीने बाद भी कार्रवाई से असंतुष्ट छात्रों का आक्रोश लगातार बढ़ रहा है। मंगलवार को छात्रों ने एक अनोखा और भावनात्मक विरोध दर्ज करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को खून से पत्र लिखकर न्याय की गुहार लगाई। छात्रों का कहना है कि 20 मार्च को कॉलेज परिसर में हुई इस सनसनीखेज हत्या के बाद भी प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। उन्होंने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई, जेल स्थानांतरण और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
UP College Student Murder Case : क्या है पूरा मामला?

20 मार्च की सुबह उदय प्रताप कॉलेज परिसर में छात्र सूर्य प्रताप सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में कॉलेज के ही छात्र मंजीत सिंह को मुख्य आरोपी बनाया गया, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। हालांकि, छात्रों का आरोप है कि आरोपी जेल में रहते हुए भी उन्हें धमकी दिलवा रहा है, जिससे उनके अंदर भय का माहौल बना हुआ है।
UP College Student Murder Case : छात्रों की मुख्य मांगें
छात्रों और पूर्व छात्र नेताओं ने प्रशासन के सामने कई अहम मांगें रखी हैं-आरोपी को मंडल से बाहर किसी अन्य जेल में शिफ्ट किया जाए। आरोपी के भाई की तत्काल गिरफ्तारी हो। जांच कमेटी में बदलाव कर निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाए।छात्रों को सुरक्षा प्रदान की जाए।

UP College Student Murder Case : प्रशासन पर लापरवाही के आरोप
पूर्व छात्र नेता प्रतीक सिंह ने कहा कि घटना को एक महीना बीत चुका है, लेकिन अब तक जांच कमेटी ने काम शुरू नहीं किया है। यह प्रशासनिक उदासीनता छात्रों में असुरक्षा की भावना पैदा कर रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी का भाई सोशल मीडिया पर जातिसूचक टिप्पणियां कर रहा है और धमकी भरे वीडियो वायरल कर रहा है, लेकिन पुलिस ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की।

UP College Student Murder Case : छात्रों को मिल रही धमकियां
पूर्व छात्र चंदन सिंह ने दावा किया कि उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं और मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने पुलिस पर सुरक्षा देने में विफल रहने का आरोप लगाया।
UP College Student Murder Case : बढ़ता आक्रोश, न्याय की मांग तेज
इस पूरे मामले में छात्रों का आक्रोश अब आंदोलन का रूप लेता जा रहा है। खून से लिखा गया पत्र इस बात का संकेत है कि छात्र अब किसी भी कीमत पर न्याय चाहते हैं। छात्रों ने साफ कहा है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, उनका विरोध जारी रहेगा।