Kanwar Yatra 2026 : सावन कांवड़ यात्रा को लेकर योगी सरकार ने सुरक्षा और व्यवस्था कड़ी की। कांवड़ मार्गों पर नॉनवेज प्रतिबंध, दुकानों पर नेमप्लेट-QR कोड और रेट लिस्ट अनिवार्य, 24 घंटे CCTV व ड्रोन से निगरानी होगी।
Kanwar Yatra 2026 : वाराणसी। सावन के पवित्र माह में कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुचारु बनाने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। प्रदेश के आयुष, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने कहा कि कांवड़ यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और यात्रा की पवित्रता सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
मीडिया से बातचीत में आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने बताया कि कांवड़ मार्गों पर मीट-मांस की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य कांवड़ यात्रा की पवित्रता और सुचिता को बनाए रखना है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रशासन द्वारा सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Kanwar Yatra 2026 : दुकानों पर नेमप्लेट, QR कोड और रेट लिस्ट अनिवार्य
मंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए दुकानदारों को अपनी दुकानों के बाहर नेमप्लेट, QR कोड और रेट लिस्ट प्रदर्शित करना अनिवार्य किया गया है। QR कोड के माध्यम से ग्राहक संबंधित दुकानदार की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। साथ ही खाद्य पदार्थों में मिलावट की शिकायतों और गुणवत्ता को लेकर भी प्रशासन की निगरानी जारी है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि कांवड़ यात्रियों को मार्ग में किसी प्रकार की असुविधा न हो और उन्हें आवश्यक खाद्य सामग्री निर्धारित दरों एवं पारदर्शी व्यवस्था के तहत उपलब्ध हो।
Kanwar Yatra 2026 : 24 घंटे CCTV और ड्रोन से होगी निगरानी
कांवड़ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में डॉ. दयाशंकर मिश्र ने बताया कि यात्रा मार्गों पर हाईटेक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। संवेदनशील स्थानों पर 24 घंटे CCTV कैमरों के जरिए निगरानी की जाएगी। इसके साथ ही ड्रोन के माध्यम से भी कांवड़ मार्गों और आसपास के क्षेत्रों पर नजर रखी जाएगी। उन्होंने बताया कि विभिन्न स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए कमांड एंड कंट्रोल सेंटर भी स्थापित किया गया है, जहां से यात्रा मार्गों की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी।
Kanwar Yatra 2026 : प्रयागराज से वाराणसी तक एक लेन कांवड़ियों के लिए आरक्षित
मंत्री के मुताबिक प्रयागराज से वाराणसी तक कांवड़ यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक लेन विशेष रूप से कांवड़ियों के लिए आरक्षित की गई है। इसका उद्देश्य पैदल यात्रा करने वाले शिवभक्तों को सुरक्षित और सुगम मार्ग उपलब्ध कराना है।
उन्होंने कहा कि यात्रा मार्गों पर पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की लगातार निगरानी रहेगी। संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है।
Kanwar Yatra 2026 : समाज भी कांवड़ियों की सेवा में जुटा
आयुष मंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि सेवा और आस्था से जुड़ा बड़ा सामाजिक आयोजन भी है। उन्होंने कहा, “श्रद्धा जगाई नहीं जाती, श्रद्धा जगती है। समाज का हर वर्ग कांवड़ियों की सेवा में लगा है।”
उन्होंने बताया कि सरकार के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक संस्थाएं भी कांवड़ यात्रियों के लिए भोजन, ठहरने और चिकित्सा जैसी सुविधाओं की व्यवस्था में सहयोग कर रही हैं। सरकार का लक्ष्य है कि इस वर्ष कांवड़ यात्रा ऐतिहासिक और पूरी तरह व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो।
Kanwar Yatra 2026 : संवेदनशील जिलों में पुलिस अलर्ट
जनसंपर्क अधिकारी गौरव राठी ने बताया कि प्रदेश सरकार की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का सभी संबंधित जिलों में कड़ाई से पालन कराया जा रहा है। कांवड़ यात्रा के मद्देनजर मेरठ, बागपत, वाराणसी, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, संभल और अलीगढ़ सहित संवेदनशील जिलों में पुलिस को अलर्ट पर रखा गया है।
Kanwar Yatra 2026 : प्रशासन की ओर से यात्रा मार्गों पर सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता, भोजन, पेयजल और चिकित्सा जैसी व्यवस्थाओं पर भी नजर रखी जा रही है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि कांवड़ यात्रियों को यात्रा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जाए। सरकार का दावा है कि सुरक्षा और सुविधा के लिए किए गए इन इंतजामों से कांवड़ यात्रा को अधिक सुरक्षित, व्यवस्थित और सुगम बनाया जा सकेगा।