MGKVP Deeksharambh 2026: महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत, कुलपति ने दिए सफलता के मंत्र

MGKVP Deeksharambh 2026: महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ, वाराणसी में दीक्षारंभ-2026 कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कुलपति प्रो. आनन्द कुमार त्यागी ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उत्कृष्ट शिक्षा, अनुशासन, नैतिक मूल्यों और सामाजिक उत्तरदायित्व के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।

MGKVP Deeksharambh 2026: दीक्षारंभ-2026- महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में नवप्रवेशित विद्यार्थियों का भव्य स्वागत, कुलपति बोले- उत्कृष्ट शिक्षा और नैतिक मूल्यों के साथ आगे बढ़ें छात्र

MGKVP Deeksharambh 2026: वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में शनिवार को नवप्रवेशित स्नातक विद्यार्थियों के लिए दीक्षारंभ-2026 (इंडक्शन प्रोग्राम) का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। गांधी अध्ययनपीठ सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य नए विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की गौरवशाली परंपरा, शैक्षणिक संस्कृति, राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 (NEP-2020), विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली तथा विभिन्न शैक्षणिक एवं सहशैक्षणिक गतिविधियों से परिचित कराना था।

MGKVP Deeksharambh 2026: कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलपति प्रो. आनन्द कुमार त्यागी ने की। उन्होंने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का विद्यापीठ परिवार में आत्मीय स्वागत करते हुए कहा कि महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ केवल उच्च शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की भावना से प्रेरित एक ऐतिहासिक संस्थान है। यहां विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ अनुशासन, नैतिकता, सामाजिक उत्तरदायित्व और मानवीय मूल्यों का भी संस्कार दिया जाता है।

MGKVP Deeksharambh 2026: कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय अपने गौरवशाली इतिहास और समृद्ध परंपराओं के साथ आधुनिक शिक्षा प्रणाली को अपनाते हुए विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने छात्रों से शिक्षा के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास, नवाचार, शोध, सामाजिक सहभागिता और राष्ट्रहित के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वे अपनी प्रतिभा, मेहनत और सकारात्मक सोच के बल पर समाज और देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।

MGKVP Deeksharambh 2026: विद्यापीठ केवल डिग्री नहीं, संस्कार भी देता है

डीन अकादमिक एवं प्रवेश समन्वयक प्रो. बंशीधर पाण्डेय ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए विश्वविद्यालय की ऐतिहासिक विरासत और स्वतंत्रता आंदोलन में उसके महत्वपूर्ण योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ केवल डिग्री प्रदान करने वाला संस्थान नहीं है, बल्कि ऐसे जिम्मेदार नागरिक तैयार करता है जिनके हाथों में कौशल, मस्तिष्क में ज्ञान, हृदय में संवेदना और जीवन में मानवता का प्रकाश होता है।

उन्होंने विद्यार्थियों से विश्वविद्यालय की समृद्ध परंपराओं को आगे बढ़ाने और शिक्षा के साथ सामाजिक दायित्वों का भी निर्वहन करने का आग्रह किया।

MGKVP Deeksharambh 2026: विश्वविद्यालय की सुविधाओं से कराया गया परिचय

कार्यक्रम में डॉ. राहुल गुप्ता और डॉ. आयुष कुमार ने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं छात्रोपयोगी सुविधाओं पर आधारित विस्तृत प्रस्तुति दी। प्रस्तुति के माध्यम से विद्यार्थियों को केंद्रीय पुस्तकालय, आधुनिक प्रयोगशालाओं, छात्र सहायता सेवाओं, खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियों, राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS), राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC), शोध एवं नवाचार, डिजिटल संसाधनों सहित विश्वविद्यालय की विभिन्न सुविधाओं की जानकारी दी गई।

साथ ही विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय परिसर में उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग कर अपने शैक्षणिक और व्यक्तिगत विकास को नई दिशा देने के लिए प्रेरित किया गया।

MGKVP Deeksharambh 2026: हर समस्या के समाधान के लिए प्रशासन रहेगा तत्पर

कुलसचिव डॉ. सुनीता पाण्डेय ने कहा कि महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ एक गौरवशाली एवं ऐतिहासिक संस्था है, जिसे अनेक महान विभूतियों ने अपनी प्रतिभा और कर्म से प्रतिष्ठा दिलाई है। उन्होंने विद्यार्थियों को भरोसा दिलाया कि विश्वविद्यालय प्रशासन उनकी प्रत्येक शैक्षणिक आवश्यकता और समस्या के समाधान के लिए सदैव उपलब्ध रहेगा।

MGKVP Deeksharambh 2026: विश्वविद्यालय जीवन का करें भरपूर उपयोग

वाणिज्य एवं प्रबंधशास्त्र संकायाध्यक्ष प्रो. सुधीर कुमार शुक्ला ने विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय जीवन को सीखने, नेतृत्व क्षमता विकसित करने और उत्कृष्टता प्राप्त करने का अवसर बताते हुए उसका अधिकतम लाभ उठाने की सलाह दी। कार्यक्रम का संचालन डॉ. आरती विश्वकर्मा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन कुलानुशासक प्रो. के.के. सिंह ने दिया।

MGKVP Deeksharambh 2026: इस अवसर पर प्रो. राजेश कुमार मिश्र, प्रो. निलिनी श्याम कामिल, प्रो. अमिता सिंह, प्रो. संजय, प्रो. ब्रजेश कुमार सिंह, प्रो. अखिलेश यादव, प्रो. भारती रस्तोगी, प्रो. रमन पंत, डॉ. नीरज धनकड़, डॉ. दुर्गेश कुमार उपाध्याय, डॉ. धनंजय विश्वकर्मा तथा परीक्षा नियंत्रक दीप्ति मिश्रा सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, अधिकारी एवं नवप्रवेशित विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *