MGKVP BA Admission 2026 : महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ (MGKVP) में बीए एडमिशन 2026-27 की काउन्सिलिंग के पहले दिन 176 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया। 18 जुलाई तक चलने वाली काउन्सिलिंग, जरूरी दस्तावेज, ऑनलाइन फीस जमा करने और बैंकिंग जागरूकता शिविर की पूरी जानकारी पढ़ें।

MGKVP BA Admission 2026 : काशी विद्यापीठ में बीए प्रवेश काउन्सिलिंग शुरू, पहले दिन 176 विद्यार्थियों ने लिया दाखिला, 18 जुलाई तक चलेगी प्रक्रिया
MGKVP BA Admission 2026 : वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ (एमजीकेवीपी) में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक (बी.ए.) प्रवेश काउन्सिलिंग की प्रक्रिया सोमवार से शुरू हो गई। काउन्सिलिंग के पहले ही दिन कुल 176 विद्यार्थियों ने प्रवेश लेकर नए सत्र की शुरुआत की। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी चयनित अभ्यर्थियों की काउन्सिलिंग पूरी कर ऑनलाइन शुल्क जमा कराने के बाद उन्हें मौके पर ही परिचय पत्र (आईडी कार्ड) और लाइब्रेरी कार्ड उपलब्ध कराए।
MGKVP BA Admission 2026 : प्रवेश सेल के उप-समन्वयक प्रो. नलिनी श्याम कामिल ने बताया कि बी.ए. काउन्सिलिंग की प्रक्रिया 18 जुलाई 2026 तक जारी रहेगी। जिन अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि के लिए ई-मेल के माध्यम से काउन्सिलिंग लिंक भेजा गया है, उन्हें गेट पास के साथ तय समय पर उपस्थित होना अनिवार्य है।
MGKVP BA Admission 2026 : काउन्सिलिंग स्थल पर लगा बैंकिंग जागरूकता शिविर
बी.ए. काउन्सिलिंग के दौरान वाणिज्य संकाय परिसर में इंडियन बैंक द्वारा विशेष बैंकिंग जागरूकता एवं खाता खोलने का शिविर आयोजित किया गया। शिविर का उद्देश्य नवप्रवेशी विद्यार्थियों को बैंकिंग सुविधाओं से जोड़ना और वित्तीय साक्षरता के प्रति जागरूक करना था। बैंक अधिकारियों ने विद्यार्थियों को बैंक खाता खोलने की प्रक्रिया, डिजिटल बैंकिंग, यूपीआई, एटीएम, डेबिट कार्ड, इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग तथा सुरक्षित ऑनलाइन लेन-देन के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही बैंक की विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी देकर विद्यार्थियों को वित्तीय रूप से सशक्त बनने के लिए प्रेरित किया गया।

MGKVP BA Admission 2026 : इन दस्तावेजों के साथ पहुंचना होगा
प्रो. नलिनी श्याम कामिल ने बताया कि जिन अभ्यर्थियों को काउन्सिलिंग के लिए बुलाया गया है, उन्हें निम्नलिखित दस्तावेजों के साथ उपस्थित होना होगा—
विश्वविद्यालय द्वारा जारी गेट पास
सभी मूल शैक्षिक प्रमाण पत्र
सभी प्रमाण पत्रों की एक-एक स्वप्रमाणित फोटो कॉपी
दो पासपोर्ट साइज फोटो
आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए अद्यतन श्रेणी प्रमाण पत्र
उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि पर पूर्वाह्न 10:30 बजे वाणिज्य एवं प्रबंधन शास्त्र संकाय में उपस्थित होना होगा।
MGKVP BA Admission 2026 : उसी दिन जमा करनी होगी ऑनलाइन फीस
विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि काउन्सिलिंग पूरी होने के बाद चयनित अभ्यर्थियों को उसी दिन ऑनलाइन माध्यम से प्रवेश शुल्क जमा करना अनिवार्य होगा। शुल्क का भुगतान Paytm, Google Pay, UPI, डेबिट कार्ड सहित अन्य डिजिटल माध्यमों से किया जा सकेगा। समय पर शुल्क जमा नहीं करने पर प्रवेश प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है।

MGKVP BA Admission 2026 : वेबसाइट पर उपलब्ध है मेरिट सूची
प्रो. कामिल ने बताया कि बी.ए. प्रवेश की मेरिट सूची विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है। अभ्यर्थी वेबसाइट पर जाकर अपनी मेरिट देख सकते हैं और गेट पास डाउनलोड कर सकते हैं। उन्होंने सभी अभ्यर्थियों से अपील की कि प्रवेश प्रक्रिया से जुड़ी हर नई सूचना के लिए विश्वविद्यालय की वेबसाइट का नियमित रूप से अवलोकन करते रहें, क्योंकि काउन्सिलिंग संबंधी जानकारी केवल ई-मेल अथवा अन्य डिजिटल माध्यमों से ही उपलब्ध कराई जाएगी।
MGKVP BA Admission 2026 : ये रहे मौजूद
काउन्सिलिंग के दौरान प्रवेश समन्वयक प्रो. बंशीधर पाण्डेय, स्नातक स्तरीय काउन्सिलिंग संयोजक डॉ. राहुल गुप्ता, प्रो. रमन पंत, प्रो. राकेश तिवारी, डॉ. दुर्गेश उपाध्याय, डॉ. आयुष कुमार, डॉ. धनंजय विश्वकर्मा, डॉ. आरती विश्वकर्मा, डॉ. वरुण कुमार, डॉ. विजय रंजन, विनोद कुमार, शुभेक्षु कुमार एवं हेमन्त मिश्र सहित विश्वविद्यालय के कई शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।