Kashi Vidyapeeth PG Admission 2026 : काशी विद्यापीठ में पीजी प्रवेश को लेकर प्रवेश समिति की बैठक हुई। CGPA से प्रतिशत निर्धारण के नियम तय किए गए। जानें BHU समेत विभिन्न विश्वविद्यालयों के लिए प्रतिशत निकालने का फार्मूला।
Kashi Vidyapeeth PG Admission 2026 : वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में स्नातकोत्तर (PG) पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया को लेकर गुरुवार को प्रवेश समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कुलपति प्रो. आनन्द कुमार त्यागी ने की। बैठक में आगामी स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों की काउन्सिलिंग की तैयारियों, विभिन्न विश्वविद्यालयों से स्नातक उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के सीजीपीए को प्रतिशत में परिवर्तित करने तथा वरीयता सूची तैयार करने सहित कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई।
Kashi Vidyapeeth PG Admission 2026 : कुलपति प्रो. आनन्द कुमार त्यागी ने बताया कि अलग-अलग विश्वविद्यालयों में सीजीपीए को प्रतिशत में बदलने के लिए अलग-अलग नियम होने के कारण प्रवेश के दौरान अभ्यर्थियों की वरीयता सूची तैयार करने में असमानता की स्थिति बन सकती है। इसे दूर करने के लिए काशी विद्यापीठ ने सीजीपीए से प्रतिशत निर्धारण के लिए स्पष्ट नियम जारी किया है। इससे विभिन्न विश्वविद्यालयों से स्नातक करने वाले अभ्यर्थियों के लिए वरीयता प्रतिशत निर्धारित करने में एकरूपता बनी रहेगी।
Kashi Vidyapeeth PG Admission 2026 : BHU के अभ्यर्थियों के लिए अलग फार्मूला
प्रवेश समिति के निर्णय के अनुसार काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (BHU) से स्नातक करने वाले अभ्यर्थियों के सीजीपीए को प्रतिशत में बदलने के लिए उनके सीजीपीए में 10 से गुणा कर 4.5 घटाया जाएगा। इस प्रक्रिया से प्राप्त प्रतिशत को अभ्यर्थी का वरीयता प्रतिशत माना जाएगा।
उदाहरण के तौर पर यदि किसी अभ्यर्थी का सीजीपीए 8 है, तो निर्धारित फार्मूले के अनुसार 8×10=80 और उसमें से 4.5 घटाने पर 75.5 प्रतिशत प्राप्त होगा। यही प्रतिशत वरीयता सूची तैयार करने में मान्य होगा।
Kashi Vidyapeeth PG Admission 2026 : काशी विद्यापीठ समेत तीन विश्वविद्यालयों के लिए 9.5 का फार्मूला
बैठक में तय किया गया कि महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ, महाराजा सुहेल देव विश्वविद्यालय, आजमगढ़ और जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय, बलिया से स्नातक उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के लिए सीजीपीए से प्रतिशत निर्धारण हेतु सीजीपीए में 9.5 से गुणा किया जाएगा। इससे प्राप्त प्रतिशत को ही अभ्यर्थी का वरीयता प्रतिशत माना जाएगा। उदाहरण के लिए 8 सीजीपीए वाले अभ्यर्थी का वरीयता प्रतिशत 8×9.5 यानी 76 प्रतिशत होगा।
Kashi Vidyapeeth PG Admission 2026 : अन्य विश्वविद्यालयों के लिए 10 से गुणा होगा CGPA
इसके अलावा उत्तर प्रदेश के शेष अन्य केन्द्रीय एवं राज्य विश्वविद्यालयों से स्नातक उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के सीजीपीए से प्रतिशत निर्धारित करने के लिए सीजीपीए में 10 से गुणा किया जाएगा। इस गणना से प्राप्त प्रतिशत को अभ्यर्थी का वरीयता प्रतिशत माना जाएगा।
Kashi Vidyapeeth PG Admission 2026 : पीजी काउन्सिलिंग की तैयारियों की समीक्षा
बैठक में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों की आगामी काउन्सिलिंग को व्यवस्थित एवं पारदर्शी तरीके से संचालित करने की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। प्रवेश प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता और वरीयता निर्धारण में किसी प्रकार की असमानता न हो, इसके लिए निर्धारित नियमों के अनुपालन पर जोर दिया गया। प्रवेश समिति की बैठक में कुलसचिव डॉ. सुनीता पाण्डेय, प्रवेश समन्वयक प्रो. बंशीधर पाण्डेय सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
Kashi Vidyapeeth PG Admission 2026 : CGPA से प्रतिशत निर्धारण का फार्मूला एक नजर में
स्नातक विश्वविद्यालय
प्रतिशत निर्धारण का नियम
काशी हिन्दू विश्वविद्यालय
CGPA × 10 − 4.5
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ
CGPA × 9.5
महाराजा सुहेल देव विश्वविद्यालय, आजमगढ़
CGPA × 9.5
जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय, बलिया
CGPA × 9.5
उत्तर प्रदेश के अन्य केंद्रीय/राज्य विश्वविद्यालय
CGPA × 10