Dev Deepawali 2026: दशाश्वमेध घाट पर 51 हजार दीपों से होगी रोशनी, अनूप जलोटा देंगे प्रस्तुति

Dev Deepawali 2026: वाराणसी में 24 नवंबर को देव दीपावली 2026 का भव्य आयोजन होगा। दशाश्वमेध घाट पर 51 हजार दीप जलेंगे, 21 अर्चकों की महाआरती और पद्मश्री अनूप जलोटा की प्रस्तुति होगी।

Dev Deepawali 2026: देव दीपावली पर 51 हजार दीपों से जगमगाएगा दशाश्वमेध घाट, 21 अर्चकों की महाआरती और अनूप जलोटा की होगी स्वरांजलि

Dev Deepawali 2026: वाराणसी। धर्म और आध्यात्मिकता के साथ राष्ट्रवाद की भावना को समर्पित काशी का विश्व प्रसिद्ध देव दीपावली महोत्सव इस वर्ष 24 नवंबर 2026, मंगलवार को दशाश्वमेध घाट पर भव्य रूप में आयोजित किया जाएगा। महोत्सव के दौरान 21 कुंतल फूल-मालाओं और 51 हजार दीपों से दशाश्वमेध घाट को सजाया जाएगा। गंगा सेवा निधि की ओर से आयोजित इस महोत्सव में 21 अर्चकों द्वारा वैदिक विधि-विधान से मां गंगा की भव्य महाआरती की जाएगी। वहीं, प्रख्यात गायक पद्मश्री अनूप जलोटा मां गंगा के तट पर अपनी स्वरांजलि प्रस्तुत करेंगे। शनिवार, 21 नवंबर को दोपहर तीन बजे दशाश्वमेध घाट स्थित गंगा सेवा निधि कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में संस्था के अध्यक्ष सुशान्त मिश्र ने महोत्सव की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गंगा सेवा निधि पिछले तीन दशकों से अधिक समय से आध्यात्मिकता और राष्ट्रवाद के संकल्प के साथ देव दीपावली महोत्सव का आयोजन करती आ रही है। इस वर्ष भी आयोजन को भव्य और यादगार बनाने की तैयारियां पूरी की जा रही हैं।

Dev Deepawali 2026: 21 अर्चकों की महाआरती से गूंजेगा दशाश्वमेध घाट

देव दीपावली के अवसर पर दशाश्वमेध घाट पर 21 ब्राह्मणों द्वारा भगवती मां गंगा का वैदिक रीति से पूजन किया जाएगा। पूजन कार्यक्रम प्रो. चन्द्रमौली उपाध्याय, पं. श्रीधर पाण्डेय और गंगा सेवा निधि के प्रमुख अर्चक आचार्य रणधीर के नेतृत्व में संपन्न होगा। श्री राम जनम योगी के शंखनाद के साथ महाआरती का शुभारंभ होगा। इस दौरान गंगा सेवा निधि के 21 ब्राह्मण, दुर्गा चरण इंटर कॉलेज की 42 कन्याएं ऋद्धि-सिद्धि के स्वरूप में तथा श्री काशी विश्वनाथ डमरू दल के 10 स्वयंसेवक आयोजन में शामिल होंगे। मां गंगा की महाआरती के दौरान हजारों दीपों से घाट और आसपास स्थित भवनों का कोना-कोना रोशनी से जगमगा उठेगा।

Dev Deepawali 2026: पद्मश्री अनूप जलोटा देंगे स्वरांजलि, देशभक्ति गीतों की भी होगी प्रस्तुति

महोत्सव की शुरुआत गंगा सेवा निधि के संस्थापक स्मृतिशेष पं. सत्येन्द्र मिश्र को अतिथियों द्वारा पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ होगी। इसके बाद प्रो. रेवती साकलकर और उनके सह-कलाकारों द्वारा गणपति वंदना एवं देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी जाएगी। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण प्रख्यात गायक पद्मश्री अनूप जलोटा की प्रस्तुति होगी। वह मां गंगा के पावन तट पर अपनी स्वरांजलि अर्पित करेंगे।

Dev Deepawali 2026: कारगिल विजय की स्मृति में शुरू हुआ आकाशदीप संकल्प, वीर जवानों को मिलेगा भागीरथ शौर्य सम्मान

गंगा सेवा निधि द्वारा वर्ष 1999 में कारगिल युद्ध में भारत की विजय के उपलक्ष्य में अमर बलिदानियों की पुण्य स्मृति में आकाशदीप संकल्प का विस्तार करते हुए इसे राष्ट्रीय स्वरूप दिया गया था। इसके तहत संस्था की ओर से संपूर्ण कार्तिक मास में देश के अमर वीर योद्धाओं की स्मृति में आकाशदीप प्रज्ज्वलित किए जाते हैं। देव दीपावली महोत्सव के साथ ही इस वर्ष भी आकाशदीप संकल्प का समापन होगा। इस अवसर पर देश के वीर बलिदानियों को ‘भागीरथ शौर्य सम्मान’ प्रदान करने के साथ आर्थिक सहायता देकर सम्मानित किया जाएगा। संस्था के संस्थापक स्मृतिशेष पं. सत्येन्द्र मिश्र की स्मृति में भी आकाशदीप प्रज्ज्वलित किया गया है।

Dev Deepawali 2026: शहीद जवानों की स्मृति में होगा सम्मान समारोह

संपूर्ण कार्तिक मास में गंगा सेवा निधि द्वारा देश की सुरक्षा में अपने प्राण न्योछावर करने वाले जवानों की स्मृति में आकाशदीप जलाए गए हैं। इस क्रम में 95वीं बटालियन सीआरपीएफ के अमर बलिदानी शशिकांत सिंह (CT/DVR), जो सेवा के दौरान सड़क दुर्घटना में शहीद हुए थे, 183वीं बटालियन सीआरपीएफ के बलिदानी सुनील कुमार तथा रेलवे सुरक्षा बल के कांस्टेबल महताब खान और कांस्टेबल कोलाहल यादव को देव दीपावली महोत्सव के अवसर पर भागीरथ शौर्य सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। संस्था का उद्देश्य देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले जवानों के योगदान को सम्मान देना और समाज के सामने उनके त्याग एवं समर्पण की प्रेरणादायक गाथा को प्रस्तुत करना है।

Dev Deepawali 2026: अमर जवान ज्योति पर सैन्य अधिकारियों द्वारा होगी रीथ लेइंग

कार्यक्रम के दौरान गंगा सेवा निधि द्वारा निर्मित अमर जवान ज्योति पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। संस्था के संस्थापक सदस्य अवनी कुमार धर संस्था की ओर से रीथ लेइंग करेंगे। इसके बाद ब्रिगेडियर उमेश ए. परब, 39 जीटीसी वाराणसी, एयर कमांडर सुरेन्द्र मलिक वी.एम., एयर ऑफिसर कमांडिंग, 4 एयर फोर्स सेलेक्शन बोर्ड वाराणसी, कमाण्डेन्ट राजेश्वर बालापुरकर, 95वीं बटालियन सीआरपीएफ, कमाण्डेन्ट अनूप सिंह बिष्ट, 11वीं बटालियन एनडीआरएफ तथा श्रीमती सुचिता सिंह, कमाण्डेन्ट सीआईएसएफ वाराणसी और इंस्पेक्टर भुवनेश्वरी, आरपीएफ (एनईआर) द्वारा श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।
इस अवसर पर 39 जीटीसी के जवानों द्वारा लास्ट पोस्ट और गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा। यह आयोजन देश के अमर शहीदों के प्रति कृतज्ञता और सम्मान की भावना को समर्पित रहेगा।

Dev Deepawali 2026: सेना और सुरक्षा बलों के वरिष्ठ अधिकारी होंगे शामिल

महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में लेफ्टिनेंट जनरल संजय मिश्रा, एवीएसएम, जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ, सेंट्रल कमांड, लखनऊ उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता ज्ञानेन्द्र प्रताप सिंह (आईपीएस), महानिदेशक, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), नई दिल्ली करेंगे। अति विशिष्ट अतिथियों में प्रवीण कुमार, महानिदेशक, सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ), नई दिल्ली; ब्रिगेडियर उमेश ए. परब, 39 जीटीसी वाराणसी; सुरेन्द्र मलिक वी.एम., एयर कमांडर एवं एयर ऑफिसर कमांडिंग, 4 एयर फोर्स सेलेक्शन बोर्ड वाराणसी; कमाण्डेन्ट राजेश्वर बालापुरकर, 95वीं बटालियन सीआरपीएफ वाराणसी; कमाण्डेन्ट अनूप सिंह बिष्ट, 11वीं बटालियन एनडीआरएफ वाराणसी; इंस्पेक्टर भुवनेश्वरी, आरपीएफ (एनईआर) वाराणसी तथा वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त पंकज चुग सहित शासन-प्रशासन से जुड़े अधिकारी उपस्थित रहेंगे।

Dev Deepawali 2026: गंगा स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का दिलाया जाएगा संकल्प

गंगा सेवा निधि द्वारा वर्षों से देव दीपावली महोत्सव के माध्यम से ‘एक संकल्प गंगा किनारे’ अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों को मां गंगा की स्वच्छता एवं निर्मलता बनाए रखने, पर्यावरण संरक्षण और जल संरक्षण का संकल्प दिलाया जाएगा। संस्था की ओर से श्रद्धालुओं से अपील की जाएगी कि वे मां गंगा को स्वच्छ और निर्मल बनाए रखने में अपना योगदान दें तथा गंगा सेवा निधि के इस अभियान में सहभागी बनें। संस्था का मानना है कि गंगा की अविरलता और निर्मलता बनाए रखने के लिए जनभागीदारी बेहद जरूरी है।

Dev Deepawali 2026: श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए 24 सीसीटीवी कैमरे, 250 स्वयंसेवक रहेंगे तैनात

देव दीपावली महोत्सव में देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विशेष इंतजाम किए गए हैं। गंगा सेवा निधि की ओर से घाट पर 24 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। व्यवस्था में सहयोग के लिए भारत सेवा श्रम संघ के 100 स्वयंसेवक और गंगा सेवा निधि के 150 वालंटियर्स सुरक्षा उपकरणों के साथ मौजूद रहेंगे। इसके अलावा राजकीय चिकित्सालय की ओर से चिकित्सकों की टीम और एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है। वहीं, 11वीं वाहिनी एनडीआरएफ की ओर से वाटर एंबुलेंस भी उपलब्ध रहेगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को तत्काल सहायता पहुंचाई जा सके।

Dev Deepawali 2026: घर बैठे भी कर सकेंगे मां गंगा की महाआरती के दर्शन

जो श्रद्धालु किसी कारणवश दशाश्वमेध घाट नहीं पहुंच सकेंगे, वे घर बैठे भी देव दीपावली महोत्सव की महाआरती का सीधा प्रसारण देख सकेंगे। गंगा सेवा निधि द्वारा अपने आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर महाआरती और आयोजन का लाइव प्रसारण किया जाएगा।

यूट्यूब चैनल का लिंक: https://www.youtube.com/@gangaaartigangasevanidhi2261

Dev Deepawali 2026: पत्रकार वार्ता में संस्था के अध्यक्ष सुशान्त मिश्र, संरक्षक इन्दु शेखर शर्मा, अवनी कुमार धर, सचिव (सोसाइटी) सुरजीत कुमार सिंह और सचिव (ट्रस्ट) हनुमान यादव ने महोत्सव की तैयारियों और आयोजन की जानकारी साझा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *