Dalmandi Bulldozer Action : वाराणसी के दालमंडी इलाके में चौड़ीकरण योजना के तहत बुलडोजर एक्शन शुरू हो गया है। भारी पुलिस फोर्स की मौजूदगी में मकान और दुकानों को तोड़ा जा रहा है, दुकानदारों का विरोध जारी।
Dalmandi Bulldozer Action : वाराणसी में दालमंडी चौड़ीकरण योजना के तहत सोमवार को आखिरकार बुलडोजर एक्शन शुरू हो गया। भारी पुलिस बल, प्रशासन और पीडब्ल्यूडी की टीम की मौजूदगी में दालमंडी क्षेत्र में ध्वस्तीकरण अभियान चलाया गया। सुबह बुलडोजर ने चौक थाने की ओर से दालमंडी में प्रवेश किया और सबसे पहले मलबा हटाने का काम शुरू किया गया। प्रशासन ने किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पूरे इलाके में बैरिकेडिंग कर दी थी। गलियों में आम लोगों की आवाजाही रोकी गई और जगह-जगह सुरक्षाकर्मी तैनात रहे। अधिकारियों की निगरानी में मजदूरों द्वारा हथौड़े से तोड़फोड़ की गई, जिसके बाद बुलडोजर से मकानों और दुकानों को गिराया गया।

Dalmandi Bulldozer Action : दुकानदारों का विरोध, प्रशासन से हुई तीखी बहस
जैसे ही बुलडोजर दालमंडी पहुंचा, दुकानदारों और मकान मालिकों ने विरोध शुरू कर दिया। कई लोग अपने मकानों और दुकानों के सामने खड़े हो गए और कार्रवाई रोकने की मांग करने लगे। दुकानदार अदनान खान ने बताया कि प्रशासन पिछले दो महीने से एक ही बात दोहरा रहा है। उनका कहना था कि उनके मकान का नक्शा पास नहीं है, जबकि उनका दावा है कि मकान नियमों के तहत बनाया गया है। हालांकि अधिकारियों के समझाने के बाद अदनान खान ने खुद ही अपने मकान को तोड़ने का फैसला किया। वे विभागीय कर्मचारियों के साथ तीसरे तल पर पहुंचे और स्वयं हथौड़ा चलाकर मकान तोड़ने की शुरुआत की। यह दृश्य इलाके में चर्चा का विषय बना रहा।

Dalmandi Bulldozer Action : मुख्तार खान के भवन पर चला बुलडोजर
दुकानदारों के विरोध के बीच दोपहर बाद नई सड़क की ओर लंगड़ा हाफिज मस्जिद के सामने स्थित मुख्तार खान के भवन पर बुलडोजर कार्रवाई शुरू की गई। पहले मजदूरों ने ऊपरी हिस्से को हथौड़े से तोड़ा, इसके बाद बुलडोजर से प्रथम तल को ध्वस्त किया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारी लगातार लोगों को पीछे हटने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने की चेतावनी देते रहे। राहगीरों और मीडियाकर्मियों को भी मकान के आसपास से हटा दिया गया ताकि किसी तरह की दुर्घटना न हो।

Dalmandi Bulldozer Action : कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में जारी रहेगा अभियान
प्रशासन का कहना है कि दालमंडी चौड़ीकरण योजना के तहत यह कार्रवाई पूरी तरह नियमानुसार की जा रही है। आने वाले दिनों में भी ध्वस्तीकरण अभियान जारी रहेगा। अधिकारियों ने साफ किया है कि जिन भवनों को अवैध या मानकों के विपरीत पाया गया है, उन पर कार्रवाई होगी।