Banaras Biennale 2026 : आस्था और अर्थव्यवस्था के समन्वय का नया मंच बनेगा बनारस बिनाले, सीएम योगी ने किया शुभारंभ

Banaras Biennale 2026 : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बीएचयू में सीआईआई बनारस बिनाले-2026 का शुभारंभ किया। सीएम ने कहा कि बनारस बिनाले आस्था और अर्थव्यवस्था के बीच समन्वय का बेहतरीन प्रयास है।

Banaras Biennale 2026 : काशी की कला, संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत को वैश्विक पहचान दिलाने की पहल; बीएचयू में सीआईआई बनारस बिनाले-2026 का उद्घाटन, मुख्यमंत्री बोले- परंपरा के साथ आधुनिकता को भी स्वीकार रही काशी

Banaras Biennale 2026 : वाराणसी। काशी की सांस्कृतिक विरासत, आध्यात्मिक परंपराओं और आधुनिक विकास को वैश्विक मंच प्रदान करने की दिशा में शनिवार को एक महत्वपूर्ण पहल हुई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में सीआईआई बनारस बिनाले-2026 का औपचारिक शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कार्यक्रम की पुस्तिका का विमोचन भी किया। मुख्यमंत्री ने बनारस बिनाले को आस्था और अर्थव्यवस्था के बीच अद्भुत समन्वय स्थापित करने का बेहतरीन प्रयास बताते हुए कहा कि जिस तरह काशी अपनी जीवंतता और सांस्कृतिक निरंतरता के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध है, उसी तरह बनारस बिनाले भी अपनी अलग पहचान बनाएगा। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में काशी की पौराणिकता, ऐतिहासिकता, आध्यात्मिकता और आधुनिकता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संस्कृति और अर्थव्यवस्था एक-दूसरे की पूरक हैं। आस्था और आर्थिकी के रास्ते भले अलग-अलग हों, लेकिन दोनों की मंजिल समाज और राष्ट्र का विकास है। महाकुंभ इसका बड़ा उदाहरण है, जहां आस्था के साथ आर्थिक गतिविधियों को भी व्यापक गति मिलती है।

Banaras Biennale 2026 : परंपरा और आधुनिकता का अद्भुत संगम है काशी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अविनाशी काशी भारत की संस्कृति, अध्यात्म, ज्ञान और संगीत की अद्भुत भूमि है। काशी की पहचान केवल उसकी प्राचीन परंपराओं तक सीमित नहीं है, बल्कि इस शहर ने आधुनिकता को भी खुले मन से स्वीकार किया है। यहां की गलियां, घाट, गंगा की धारा, बनारसी वस्त्र, संगीत और ज्ञान की परंपरा आज भी शहर की जीवंतता का प्रमाण हैं। उन्होंने कहा कि काशी प्राचीन काल से ही आध्यात्मिक और ज्ञान परंपरा का प्रमुख केंद्र रही है। यहां शास्त्रार्थ की परंपरा ने भारतीय ज्ञान को नई दिशा दी। पाणिनी की रचनाओं और अनेक प्राचीन कथाओं में भी काशी का उल्लेख मिलता है। मुख्यमंत्री ने प्रसिद्ध लेखक मार्क ट्वेन के काशी संबंधी विचारों का जिक्र करते हुए कहा कि यह नगरी इतिहास और परंपराओं से भी प्राचीन मानी जाती है।

Banaras Biennale 2026 : तुलसीदास, कबीर और प्रेमचंद की साहित्यिक विरासत

सीएम योगी ने काशी की साहित्यिक और सांस्कृतिक विरासत को याद करते हुए कहा कि गोस्वामी तुलसीदास ने इसी धरती पर रामचरितमानस की रचना की। संत कबीर ने अपने दोहों के माध्यम से समाज को नई दिशा दी और मानवीय मूल्यों का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि आधुनिक हिंदी साहित्य को मुंशी प्रेमचंद, जयशंकर प्रसाद और भारतेंदु हरिश्चंद्र जैसे महान साहित्यकारों ने समृद्ध किया। भगवान बुद्ध ने भी अपने उपदेशों के लिए सारनाथ को चुना था। इस तरह काशी और उसके आसपास का क्षेत्र सदियों से ज्ञान, दर्शन, साहित्य और आध्यात्मिक संवाद का केंद्र रहा है। मुख्यमंत्री के अनुसार, बनारस बिनाले जैसे आयोजन इसी समृद्ध विरासत को समकालीन कला और वैश्विक सांस्कृतिक संवाद से जोड़ने का काम करेंगे।

Banaras Biennale 2026 : वेनिस और कोच्चि के बाद काशी पहुंचा बनारस बिनाले

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बनारस बिनाले की परिकल्पना और उसके सांस्कृतिक महत्व पर चर्चा करते हुए बताया कि इस प्रकार के बिनाले आयोजन की परंपरा वर्ष 1995 में वेनिस से शुरू हुई थी। भारत में वर्ष 2012 में इसकी शुरुआत हुई और अब वेनिस तथा कोच्चि के बाद यह आयोजन काशी पहुंचा है। उन्होंने कहा कि बनारस बिनाले-2026 के माध्यम से देश-विदेश के कलाकार, क्यूरेटर, सांस्कृतिक संस्थाएं, विद्वान, शिल्पकार और रचनाकार एक साझा मंच पर आएंगे। इससे कला, संस्कृति और रचनात्मकता के क्षेत्र में विचारों का आदान-प्रदान होगा तथा काशी की सांस्कृतिक पहचान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई मजबूती मिलेगी। बीएचयू का भारत कला भवन, ज्ञान प्रवाह, नागरी प्रचारिणी सभा, पेशवा हवेली और अन्य सांस्कृतिक संस्थान इस आयोजन की सांस्कृतिक यात्रा को विशेष आधार प्रदान करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि बनारस बिनाले का पहला संस्करण एक नई परंपरा की नींव रख रहा है। उनका सपना है कि ज्ञान की प्राचीन राजधानी काशी को आधुनिक कला और सांस्कृतिक संवाद की भी प्रमुख राजधानी के रूप में पहचान मिले।

Banaras Biennale 2026 : आस्था के केंद्रों से मजबूत हो रही स्थानीय अर्थव्यवस्था

मुख्यमंत्री ने कहा कि काशी विश्वनाथ धाम, गंगा के 84 घाट, गंगा आरती, नमो घाट, अलकनंदा क्रूज और गंगा विलास जैसी सुविधाओं ने वाराणसी की पहचान को नई ऊंचाई दी है। धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन के विस्तार से स्थानीय कारोबार को भी लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि बनारसी साड़ी और हस्तशिल्प को ओडीओपी (एक जिला, एक उत्पाद) योजना तथा ई-कॉमर्स के माध्यम से वैश्विक बाजार से जोड़ा जा रहा है। इससे स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों को नए अवसर मिल रहे हैं। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जब आस्था के केंद्रों का सम्मान होता है, तो उसका लाभ केवल धार्मिक स्थलों तक सीमित नहीं रहता, बल्कि पूरी स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति मिलती है। पर्यटन बढ़ने से कारीगरों को बाजार मिलता है और नाविकों, होटल संचालकों, परिवहन कारोबारियों, दुकानदारों तथा व्यापारियों से जुड़े लाखों परिवारों की आजीविका को सहारा मिलता है। उन्होंने रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर, विश्वस्तरीय रेलवे स्टेशन, अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और बेहतर कनेक्टिविटी का उल्लेख करते हुए कहा कि वाराणसी में विकास के कई नए आयाम जुड़े हैं। देश का पहला अर्बन रोपवे भी जल्द शुरू होने वाला है।

Banaras Biennale 2026 : उत्तर प्रदेश को बताया देश का ग्रोथ इंजन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि कभी बीमारू राज्य के रूप में पहचाना जाने वाला उत्तर प्रदेश आज देश के ग्रोथ इंजन के रूप में उभर रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अब रेवेन्यू सरप्लस स्टेट है और देश में सबसे अधिक करीब दो लाख करोड़ रुपये का पूंजीगत व्यय प्रदेश में किया जा रहा है। सीएम योगी ने कहा कि उद्योगों के विकास के लिए सुरक्षित माहौल सबसे जरूरी है। प्रदेश सरकार ने करीब साढ़े नौ साल पहले अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई थी, जो लगातार जारी है। बेहतर कानून-व्यवस्था, कनेक्टिविटी, विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर, औद्योगिक भूमि बैंक और प्रशिक्षित कार्यबल ने प्रदेश में निवेश की संभावनाओं को मजबूत किया है। उन्होंने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि आजादी के बाद से वर्ष 2017 तक उत्तर प्रदेश में करीब 14 हजार बड़े कारखाने स्थापित हुए थे, जबकि वर्ष 2017 से 2026 के बीच करीब 35 हजार बड़े कारखाने स्थापित किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में डेटा सेंटर, इलेक्ट्रिक व्हीकल, डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग, सेमीकंडक्टर और अन्य उभरते क्षेत्र औद्योगिक विकास को नई दिशा दे रहे हैं।

Banaras Biennale 2026 : 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव

योगी आदित्यनाथ के मुताबिक, वर्ष 2017 से अब तक उत्तर प्रदेश को 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। उद्योगों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए आईटीआई और डिप्लोमा धारकों के साथ दो लाख से अधिक एसटीईएम स्नातकों को प्रतिवर्ष उद्योगों के अनुरूप प्रशिक्षित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में निवेश और औद्योगिक विकास के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ युवाओं को रोजगार के योग्य बनाने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इससे प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

Banaras Biennale 2026 : विरासत और विकास को साथ लेकर चल रही सरकार

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार विरासत और विकास, दोनों को साथ लेकर चलने में विश्वास रखती है। आज के समय में पारंपरिक ज्ञान के साथ आधुनिक तकनीक की भी जरूरत है। उन्होंने कहा कि जब नीयत साफ और नीति स्पष्ट होती है, तो परिणाम भी सकारात्मक आते हैं और नियंता की कृपा भी बरसती है। सीएम योगी ने कहा कि बनारस बिनाले जैसे आयोजन काशी की सांस्कृतिक पहचान को दुनिया के सामने रखने के साथ ही पर्यटन, हस्तशिल्प, खानपान और स्थानीय कारोबार को नई गति देंगे। ऐसे आयोजन शहर की रचनात्मक क्षमता को सामने लाने और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। मुख्यमंत्री ने देश-दुनिया से आए कला प्रेमियों, कलाकारों और रचनाकारों से काशी को करीब से देखने, यहां की संस्कृति को महसूस करने और इसकी जीवंत परंपराओं से जुड़ने की अपील की।

Banaras Biennale 2026 : कार्यक्रम में कई गणमान्य लोग रहे मौजूद

बनारस बिनाले-2026 के उद्घाटन समारोह में प्रदेश के श्रम मंत्री अनिल राजभर, स्टाम्प एवं न्यायालय शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल, आयुष मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, एमएसएमई मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, महापौर अशोक तिवारी, पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, विधायक अवधेश सिंह, बीएचयू के कुलपति प्रो. अजीत कुमार चतुर्वेदी, सीआईआई बनारस बिनाले के अध्यक्ष माधव सिंघानिया और डीजी चंद्रजीत बनर्जी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। बनारस बिनाले-2026 को काशी की सांस्कृतिक विरासत, आधुनिक कला और आर्थिक संभावनाओं को एक मंच पर लाने की महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *