Varanasi Police: गोदौलिया से मैदागिन तक पुलिस कमिश्नर की पैदल गश्त, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

वाराणसी : नववर्ष 2026 की पूर्व संध्या पर श्रद्धालुओं और पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए Varanasi Police ने शहर में कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने हुड़दंगी तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि 31 दिसंबर की रात किसी भी तरह की अव्यवस्था या कानून उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

मंगलवार को पुलिस कमिश्नर ने गोदौलिया चौराहे से काशी विश्वनाथ मंदिर चौक होते हुए मैदागिन चौराहे तक पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मौके पर तैनात पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और सार्वजनिक सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाए।

पुलिस कमिश्नर ने सड़क किनारे अवैध पार्किंग, अतिक्रमण, शराब पीकर वाहन चलाने और हुड़दंग करने वालों के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नववर्ष के अवसर पर काशी आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए शहर के संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।

पुलिस प्रशासन ने दो टूक कहा कि कानून-व्यवस्था भंग करने या सार्वजनिक शांति में बाधा डालने वालों के साथ किसी भी प्रकार की रियायत नहीं बरती जाएगी। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि वे नववर्ष का स्वागत शांति, संयम और सौहार्द के साथ करें। Varanasi Police ने आमजन और पर्यटकों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित मदद उपलब्ध कराई जा सके।

पैदल गश्त के दौरान पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल के साथ अपर पुलिस आयुक्त शिवहरि मीणा, डीसीपी क्राइम सरवन टी., डीसीपी काशी जोन गौरव बांसवाल, एसीपी दशाश्वमेध अतुल अंजान त्रिपाठी, एसीपी कोतवाली शुभम कुमार सिंह, एसीपी ट्रैफिक सोमवीर सिंह चौहान, चौक थाना प्रभारी दिलीप मिश्रा, कोतवाली थाना प्रभारी दयाशंकर सिंह, डॉग स्क्वॉड तथा अन्य पुलिस बल के अधिकारी व जवान मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *