Kashi Bhajan Clubbing : वाराणसी के नमो घाट पर 20 नवंबर को काशी भजन क्लबिंग का भव्य आयोजन होगा। अशोक चौरसिया ने कहा कि यह पहल युवाओं को काशी की संस्कृति, सभ्यता और सनातन परंपराओं से जोड़ने का अनूठा प्रयास है। BACKSTAGE SIBLINGS की विशेष प्रस्तुति होगी।
Kashi Bhajan Clubbing : काशी की संस्कृति, सभ्यता और सनातन परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाएगा ‘काशी भजन क्लबिंग’: अशोक चौरसिया
Kashi Bhajan Clubbing : नमो घाट पर 20 नवंबर को होगा भव्य आयोजन, भक्ति और आधुनिक संगीत का होगा अनूठा संगम; BACKSTAGE SIBLINGS देंगे विशेष प्रस्तुति
Kashi Bhajan Clubbing : वाराणसी। काशी की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, प्राचीन सभ्यता और सनातन परंपराओं को आधुनिक पीढ़ी से जोड़ने के उद्देश्य से 20 नवंबर को नमो घाट पर ‘काशी भजन क्लबिंग’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस अभिनव आयोजन के माध्यम से युवाओं को भक्ति, संगीत और आधुनिक प्रस्तुति के जरिए भारतीय संस्कृति एवं आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम में BACKSTAGE SIBLINGS की विशेष प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र होगी।
आयोजन की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं को लेकर गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी काशी क्षेत्र की ओर से गुलाब बाग स्थित कार्यालय में दोपहर एक बजे महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने की। इसमें कार्यक्रम की रूपरेखा, व्यवस्थाओं और आयोजन के मूल उद्देश्य पर विस्तार से चर्चा की गई।
Kashi Bhajan Clubbing : क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने कहा कि काशी की संस्कृति, सभ्यता और सनातन परंपराएं हमारी पहचान हैं। इन्हें नई पीढ़ी तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है। ‘काशी भजन क्लबिंग’ युवाओं को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का एक अनूठा प्रयास है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं को भारतीय सांस्कृतिक विरासत के प्रति जागरूक करना और अपनी परंपराओं के प्रति गर्व, सम्मान एवं जिम्मेदारी का भाव विकसित करना है। आधुनिकता के साथ आगे बढ़ते हुए अपनी सांस्कृतिक पहचान को बनाए रखना भी जरूरी है।
Kashi Bhajan Clubbing : बैठक में एनडीएमसी, दिल्ली के वाइस चेयरमैन कुलदीप चहल ने कहा कि हमारी संस्कृति और सभ्यता केवल अतीत की पहचान नहीं, बल्कि वर्तमान की शक्ति और भविष्य की नींव है। आज आवश्यकता है कि युवा अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहें और आधुनिकता के साथ कदम मिलाते हुए परंपराओं को भी जीवंत बनाए रखें। युवा ही हमारी सांस्कृतिक विरासत के वास्तविक संवाहक हैं। उनके माध्यम से भारतीय संस्कृति, लोक परंपराओं, भजन, संगीत और आध्यात्मिक मूल्यों को नई ऊर्जा एवं दिशा मिल सकती है। उन्होंने कहा कि ‘काशी भजन क्लबिंग’ इसी सोच पर आधारित अभिनव पहल है। इसमें भक्ति, संगीत और आधुनिक प्रस्तुति के माध्यम से युवाओं को आध्यात्मिकता एवं भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
Kashi Bhajan Clubbing : विधान परिषद सदस्य अश्वनी त्यागी ने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से यह संदेश दिया जाएगा कि भजन केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे हमारी संस्कृति, संस्कार और आध्यात्मिक चेतना की अमूल्य धरोहर हैं। भजनों को नई पीढ़ी की रुचि और ऊर्जा के अनुरूप प्रस्तुत कर उन्हें सांस्कृतिक जीवन का हिस्सा बनाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि गंगा तट पर स्थित नमो घाट की पावन धरती पर आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम संगीत, भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण का अनूठा संगम होगा। BACKSTAGE SIBLINGS की विशेष प्रस्तुति के जरिए आयोजन को खास स्वरूप दिया जाएगा। इसके माध्यम से काशी की सांस्कृतिक पहचान को और अधिक सशक्त बनाने के साथ ही युवाओं को अपनी परंपराओं से जोड़ने का प्रयास होगा।
बैठक के अंत में महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया।
बैठक में प्रमुख रूप से क्षेत्र उपाध्यक्ष अमित राय, क्षेत्र महामंत्री अनूप जायसवाल, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी मधुकर चित्रांश, चंद्रशेखर उपाध्याय, पवन सिंह, संदीप सिंह, संजय सोनकर, अजय गुप्ता, उदय पटेल, अदिति सिंह पटेल, रजत जायसवाल, अवनीश श्रीवास्तव, ओम तिवारी, सुयस अग्रवाल, सत्येंद्र सिंह पिंटू, आनंद यादव एवं अवधेश राय सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।