Chhath Puja 2026: काशी में लाखों श्रद्धालुओं ने डूबते सूर्य को दिया अर्घ्य, गूंजे छठी मइया के गीत

Chhath Puja 2026: छठ पूजा 2026 के तीसरे दिन वाराणसी में लाखों श्रद्धालुओं ने गंगा घाटों पर डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया। छठी मइया के गीतों और दीपों से जगमगाए काशी के घाट।

Chhath Puja 2026: ‘अभी ना डुबिहे भास्कर दीनानाथ, करिहे घरवा उजियार हो…’, काशी में लाखों श्रद्धालुओं ने डूबते सूर्य को दिया अर्घ्य

Chhath Puja 2026: वाराणसी। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के तीसरे दिन रविवार को धर्मनगरी काशी भक्ति, श्रद्धा और लोकगीतों से सराबोर नजर आई। गंगा के अर्धचंद्राकार घाटों से लेकर कुंडों, सरोवरों और घरों की छतों तक छठी मइया की आराधना का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। शाम ढलते ही लाखों की संख्या में श्रद्धालु गंगा घाटों और विभिन्न जलाशयों पर पहुंचे और अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और आरोग्य की कामना की।

Chhath Puja 2026: रंग-बिरंगे परिधानों में सजी व्रती महिलाएं सिर पर पूजन सामग्री से भरी बांस की टोकरी और दउरा लेकर घाटों पर पहुंचीं। गंगा के पवित्र जल में खड़े होकर व्रतियों ने विधि-विधान से भगवान भास्कर की पूजा की। इस दौरान घाटों पर छठी मइया के पारंपरिक गीत गूंजते रहे। दीपों की रोशनी, जल में झिलमिलाते दीपदान और श्रद्धालुओं की अटूट आस्था ने गंगा तट को अलौकिक छटा से भर दिया।

Chhath Puja 2026: ‘अभी ना डुबिहे भास्कर दीनानाथ, करिहे घरवा उजियार हो…’

छठ पूजा के पारंपरिक गीतों में शामिल यह लोकगीत व्रतियों की आस्था और भगवान सूर्य से उनकी भावनात्मक प्रार्थना को अभिव्यक्त करता है। श्रद्धालु भगवान भास्कर से प्रार्थना करते हैं कि वे उनके परिवार के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशियों का उजाला बनाए रखें। छठ पर्व की सबसे खास बात यह है कि इसमें केवल उगते सूर्य की ही नहीं, बल्कि अस्ताचलगामी सूर्य की भी पूरे सम्मान और श्रद्धा के साथ उपासना की जाती है। आमतौर पर उगते सूर्य को नई ऊर्जा और नई शुरुआत का प्रतीक मानकर नमन किया जाता है, लेकिन छठ पूजा हमें जीवन के हर चरण का सम्मान करना सिखाती है। डूबते सूर्य को अर्घ्य देना प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, समभाव और समान दृष्टि का प्रतीक भी है।

Chhath Puja 2026: अस्त होते सूर्य को अर्घ्य देकर दिया समानता का संदेश

छठ पूजा का यह अनूठा विधान जीवन के गहरे दर्शन को भी सामने रखता है। यह पर्व सिखाता है कि सम्मान केवल उगते हुए और सफलता के शिखर पर पहुंचने वालों का ही नहीं, बल्कि अस्त होते सूर्य का भी होना चाहिए। सूर्य की उपासना के माध्यम से श्रद्धालु प्रकृति के प्रति आभार व्यक्त करते हैं और जीवन में निरंतरता, धैर्य तथा सकारात्मकता का संदेश देते हैं। गंगा घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, पारंपरिक लोकगीतों की मधुर धुन और दीपों से जगमगाते जल के बीच काशी में छठ महापर्व की भव्यता देखते ही बन रही थी। सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन होगा। इसके साथ ही व्रती महिलाएं 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण करेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *