Swarna Annapurna Temple Kashi : धनतेरस पर काशी के मां स्वर्ण अन्नपूर्णेश्वरी मंदिर के पट पांच दिनों के लिए खुल गए हैं। श्रद्धालु मां के दर्शन कर अन्न-धन का खजाना प्राप्त करेंगे। 10 नवंबर को सजेगी अन्नकूट की भव्य झांकी।
Swarna Annapurna Temple Kashi : काशी में पांच दिन के लिए खुले मां स्वर्ण अन्नपूर्णेश्वरी मंदिर के पट, 10 नवंबर को सजेगी अन्नकूट की भव्य झांकी; भक्तों को मिलेगा अन्न-धन का खजाना
Swarna Annapurna Temple Kashi : वाराणसी। धर्म और अध्यात्म की नगरी काशी में धनतेरस के पावन अवसर पर मां स्वर्ण अन्नपूर्णेश्वरी के दर्शन और अन्न-धन का खजाना पाने के लिए श्रद्धालुओं का इंतजार खत्म हो गया है। कार्तिक कृष्ण त्रयोदशी यानी शुक्रवार को श्रीकाशी विश्वनाथ धाम के गेट नंबर एक स्थित मां स्वर्ण अन्नपूर्णेश्वरी मंदिर के पट पांच दिनों के लिए खोल दिए गए। ब्रह्म मुहूर्त में वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ मंदिर में विशेष पूजन-अर्चन किया गया। इसके बाद मां के दरबार में खजाना वितरण की परंपरा निभाई गई। अगले पांच दिनों तक देशभर से आने वाले श्रद्धालु मां के दर्शन कर अन्न-धन का प्रतीकात्मक खजाना प्राप्त कर सकेंगे।
Swarna Annapurna Temple Kashi : मंदिर के प्रथम तल पर स्थित मां के दरबार में वार्षिक परंपरा के अनुसार सबसे पहले देव विग्रहों का अभिषेक और विधिवत पूजन किया गया। इसके बाद खजाना संग आरती संपन्न हुई। परंपरा के मुताबिक, सबसे पहले याचक मुद्रा में मां के सामने खड़े काशीपुराधिपति बाबा भोलेनाथ का कमंडल और झोली भरी गई। इसके बाद आम श्रद्धालुओं के लिए मंदिर के पट खोल दिए गए। मां के दर्शन के साथ भक्तों को अन्न-धन का खजाना वितरित किया गया।
Swarna Annapurna Temple Kashi : दर्शन के लिए उमड़ने लगे श्रद्धालु
मां स्वर्ण अन्नपूर्णेश्वरी के दर्शन और खजाना प्राप्त करने के लिए देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालुओं का काशी पहुंचना शुरू हो गया है। गुरुवार दोपहर से ही मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में भक्तों की भीड़ जुटने लगी थी। श्रद्धालु बांसफाटक की ओर से बनाई गई बैरिकेडिंग में कतारबद्ध होकर अपनी बारी का इंतजार करते रहे। धनतेरस पर मां के दर्शन को लेकर भक्तों में विशेष उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालु पूरी श्रद्धा के साथ मां के दरबार में हाजिरी लगाने और अन्न-धन का आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए पहुंचे।
Swarna Annapurna Temple Kashi : रात 11:30 बजे तक होंगे दर्शन और खजाना वितरण
मंदिर के महंत शंकर पुरी महाराज के अनुसार, धनतेरस के दिन शुक्रवार को दर्शन-पूजन और खजाना वितरण की प्रक्रिया रात 11:30 बजे तक लगातार जारी रहेगी। इसके बाद सात नवंबर से दस नवंबर तक प्रतिदिन सुबह चार बजे मंदिर के पट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। दोपहर 12 बजे से 12:30 बजे तक भोग आरती के लिए मंदिर के कपाट बंद रहेंगे। भोग आरती के बाद फिर से दर्शन शुरू होंगे, जो रात 11:30 बजे तक जारी रहेंगे।
Swarna Annapurna Temple Kashi : 10 नवंबर को सजेगी अन्नकूट की भव्य झांकी
मां स्वर्ण अन्नपूर्णेश्वरी मंदिर में दस नवंबर को अन्नकूट महोत्सव का विशेष आयोजन होगा। इस अवसर पर मां के दरबार में विभिन्न प्रकार के पकवानों और व्यंजनों से भव्य अन्नकूट की झांकी सजाई जाएगी। श्रद्धालुओं को प्रसाद भी वितरित किया जाएगा। रात में महाआरती के बाद मां स्वर्ण अन्नपूर्णेश्वरी के गर्भगृह के पट अगले एक वर्ष के लिए बंद कर दिए जाएंगे। इसके साथ ही पांच दिवसीय वार्षिक दर्शन और खजाना वितरण का अनुष्ठान संपन्न होगा।
Swarna Annapurna Temple Kashi : बाबा विश्वनाथ को अन्नकूट महोत्सव का निमंत्रण
अन्नकूट महोत्सव की वार्षिक परंपरा के तहत गुरुवार को मंदिर के महंत शंकर पुरी महाराज श्रीकाशी विश्वनाथ धाम पहुंचे। यहां उन्होंने बाबा विश्वनाथ का विधिवत पूजन-अर्चन किया और अन्नकूट महोत्सव के आयोजन की अनुमति मांगी। साथ ही बाबा विश्वनाथ को इस विशेष उत्सव में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया। काशी में मां अन्नपूर्णा और बाबा विश्वनाथ से जुड़ी यह परंपरा धार्मिक आस्था के साथ-साथ काशी की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत का भी महत्वपूर्ण हिस्सा है।