Corruption Free Society : काशी विद्यापीठ में सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2026 के तहत भ्रष्टाचार मुक्त समाज विषय पर संगोष्ठी आयोजित हुई। कुलपति प्रो. आनन्द कुमार त्यागी ने कहा कि युवाओं के संकल्प से समाज से भ्रष्टाचार पूरी तरह समाप्त हो सकता है।
Corruption Free Society : युवा संकल्पित हो जाएं तो समाज से पूरी तरह समाप्त हो जाएगा भ्रष्टाचार – प्रो. आनन्द कुमार त्यागी
Corruption Free Society : काशी विद्यापीठ में सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत ‘भ्रष्टाचार मुक्त समाज’ विषय पर संगोष्ठी, युवाओं से ईमानदारी और जागरूकता का संकल्प लेने की अपील
Corruption Free Society : वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के समाजशास्त्र विभाग की ओर से सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2026 के अंतर्गत ‘भ्रष्टाचार मुक्त समाज’ विषय पर एक दिवसीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी में वक्ताओं ने भ्रष्टाचार को सामाजिक विकास की राह में बड़ी बाधा बताते हुए इसके उन्मूलन के लिए सामूहिक प्रयास, नैतिक मूल्यों और जनजागरूकता को आवश्यक बताया।
Corruption Free Society : कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आनन्द कुमार त्यागी ने कहा कि भ्रष्टाचार जैसी सामाजिक बुराई को समाप्त करने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने स्तर पर प्रयास करना होगा। विशेष रूप से युवाओं की भूमिका इस दिशा में बेहद महत्वपूर्ण है। यदि युवा वर्ग भ्रष्टाचार के खिलाफ संकल्पित होकर ईमानदारी और नैतिकता के रास्ते पर चलने लगे तो समाज से भ्रष्टाचार पूरी तरह समाप्त हो सकता है। उन्होंने उपस्थित लोगों से अपने दैनिक जीवन में पारदर्शिता और ईमानदारी अपनाने तथा भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने वाली गतिविधियों का विरोध करने का आह्वान किया।
Corruption Free Society : संगोष्ठी के मुख्य वक्ता अभियोजन अधिकारी दीपक कुमार ने भ्रष्टाचार के सामाजिक एवं कानूनी पक्षों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि भ्रष्टाचार केवल आर्थिक अनियमितता तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सामाजिक व्यवस्था, प्रशासनिक पारदर्शिता और आम नागरिकों के अधिकारों को भी प्रभावित करता है। उन्होंने सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए बनाए गए विभिन्न अधिनियमों, कानूनी प्रावधानों और सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के विरुद्ध कानूनी जानकारी और नागरिकों की जागरूकता दोनों आवश्यक हैं।
Corruption Free Society : समाजशास्त्र विभाग की अध्यक्ष प्रो. अमिता सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में भ्रष्टाचार ने सामाजिक, राजनीतिक और शैक्षणिक सहित जीवन के लगभग सभी क्षेत्रों को प्रभावित किया है। यदि समय रहते इसके प्रति जागरूकता नहीं बढ़ाई गई तो यह दीमक की तरह समाज की बुनियाद को खोखला कर देगा। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार मुक्त समाज के निर्माण के लिए व्यक्तिगत आचरण में ईमानदारी के साथ-साथ सामाजिक स्तर पर भी जिम्मेदारी निभानी होगी।
Corruption Free Society : कार्यक्रम के अंत में डॉ. राहुल गुप्ता ने उपस्थित लोगों को भ्रष्टाचार से मुक्ति और ईमानदारी के मूल्यों को अपनाने के लिए सामूहिक रूप से शपथ दिलाई। धन्यवाद ज्ञापन डॉ. सौम्या यादव ने किया।
इस अवसर पर समाज विज्ञान संकाय की अध्यक्ष प्रो. रेखा, राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. मोहम्मद आरिफ, प्रो. भारती रस्तोगी, डॉ. जयप्रकाश यादव, प्रो. दया शंकर सिंह यादव, डॉ. रेशम लाल, डॉ. कृष्ण मोहन द्विवेदी, डॉ. दिनेश सिंह कुशवाहा, डॉ. पीयूष कुमार श्रीवास्तव, डॉ. संजय कुमार सोनकर, डॉ. चंद्रशेखर, डॉ. चंद्र किशोर मणि त्रिपाठी, डॉ. विजय कुमार, डॉ. ज्योति त्रिपाठी, डॉ. ज्योति सिंह, डॉ. प्रदीप कुमार सहित शिक्षक एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।