Vadnagar Kashi Bike Yatra : वडनगर से काशी पहुंच रही सेवा संकल्प बाइक यात्रा का 7 अक्टूबर को समापन होगा। 51 महिलाएं वडनगर की नदियों का जल कलश में लेकर काशी विश्वनाथ का जलाभिषेक करेंगी। जगतपुर में नितिन नबीन की जनसभा होगी।
Vadnagar Kashi Bike Yatra : वडनगर-काशी बाइक यात्रा का 7 अक्टूबर को होगा भव्य समापन, 51 महिलाएं कलश में नदियों का जल लेकर करेंगी काशी विश्वनाथ का जलाभिषेक
Vadnagar Kashi Bike Yatra : वाराणसी । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित सेवा संकल्प अभियान के तहत गुजरात के वडनगर से काशी के लिए निकली सेवा संकल्प बाइक यात्रा अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच रही है। यात्रा का 7 अक्टूबर को वाराणसी में भव्य समापन होगा। इस अवसर पर रोहनिया स्थित जगतपुर इंटर कॉलेज में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की विशाल जनसभा प्रस्तावित है। यात्रा 6 अक्टूबर की दोपहर बाद काशी पहुंचना शुरू करेगी।
Vadnagar Kashi Bike Yatra : भाजपा की ओर से यात्रा के स्वागत और समापन कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। शनिवार को गुलाब बाग में आयोजित व्यवस्था टोली की बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री एवं प्रदेश सह प्रभारी जगदीश पटेल ने कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम की तैयारियों और व्यवस्थाओं को लेकर दिशा-निर्देश दिए।
Vadnagar Kashi Bike Yatra : वडनगर और काशी की संस्कृतियों के मिलन का प्रतीक है यात्रा
बैठक को संबोधित करते हुए जगदीश पटेल ने कहा कि वडनगर से काशी तक निकाली गई यह बाइक यात्रा दो प्राचीन, जीवंत और ऐतिहासिक संस्कृतियों के मिलन का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत निकली इस यात्रा का काशी पहुंचना कार्यकर्ताओं के लिए गौरव का अवसर है। उन्होंने बताया कि 6 अक्टूबर की दोपहर बाद बाइक यात्रियों के काशी पहुंचने का क्रम शुरू होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से यात्रियों का काशी की गरिमा और परंपरा के अनुरूप भव्य स्वागत करने तथा 7 अक्टूबर की जनसभा को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया।
Vadnagar Kashi Bike Yatra : नितिन नबीन की काशी में पहली जनसभा
भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने बताया कि 7 अक्टूबर को रोहनिया के जगतपुर इंटर कॉलेज में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की विशाल जनसभा प्रस्तावित है। उन्होंने कहा कि काशी में राष्ट्रीय अध्यक्ष की यह पहली जनसभा होगी, इसलिए पार्टी कार्यकर्ता इसे भव्य और यादगार बनाने में जुटे हैं। उन्होंने बताया कि वडनगर से काशी पहुंच रही सेवा संकल्प बाइक यात्रा के स्वागत के लिए सभी विधानसभा क्षेत्रों में स्वागत प्वाइंट बनाए जा रहे हैं। इन स्थानों पर जनप्रतिनिधि और भाजपा कार्यकर्ता ढोल-नगाड़ों के साथ बाइक यात्रियों का स्वागत करेंगे। पुष्पवर्षा कर यात्रियों का अभिनंदन किया जाएगा।
Vadnagar Kashi Bike Yatra : संपूर्णानंद विश्वविद्यालय में होगा यात्रियों का स्वागत
अशोक चौरसिया ने बताया कि 7 अक्टूबर की सुबह सभी बाइक यात्री संपूर्णानंद विश्वविद्यालय परिसर में एकत्र होंगे। यहां महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं की ओर से यात्रियों का तिलक लगाकर स्वागत किया जाएगा। उन्हें पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भी भेंट किए जाएंगे।
इसके बाद सभी यात्री बस से मैदागिन चौराहा पहुंचेंगे। मैदागिन से यात्री पदयात्रा करते हुए काशी विश्वनाथ धाम जाएंगे।
Vadnagar Kashi Bike Yatra : 51 महिलाएं सिर पर कलश लेकर चलेंगी
वडनगर-काशी यात्रा का सबसे प्रमुख आकर्षण काशी विश्वनाथ धाम तक निकलने वाली पदयात्रा होगी। इस दौरान 51 महिलाएं सिर पर कलश लेकर सेवा यात्रियों के आगे चलेंगी। इन कलशों में वडनगर की नदियों से एकत्रित किया गया जल रखा जाएगा। यात्री इसी जल से बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक करेंगे। आयोजन के जरिए वडनगर और काशी के आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक संबंधों को प्रतीकात्मक रूप से प्रदर्शित किया जाएगा। जलाभिषेक के बाद बाइक यात्री मैदागिन से बस के माध्यम से रोहनिया स्थित गोकुलधाम पहुंचेंगे। इसके बाद सभी यात्री जगतपुर इंटर कॉलेज में आयोजित भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की जनसभा में शामिल होंगे।
Vadnagar Kashi Bike Yatra : विधानसभा स्तर पर बनाए जा रहे स्वागत प्वाइंट
अशोक चौरसिया ने कहा कि सेवा संकल्प बाइक यात्रा के स्वागत और जनसभा की व्यवस्थाओं के लिए पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। विधानसभा स्तर पर बनाए जा रहे स्वागत प्वाइंट पर कार्यकर्ताओं की तैनाती की जा रही है। उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करेंगे। बैठक में कार्यक्रम की स्वागत एवं विषय प्रस्तावना महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने की, जबकि धन्यवाद ज्ञापन जिलाध्यक्ष रामसकल पटेल ने किया। संचालन महानगर महामंत्री अशोक जाटव ने किया।
Vadnagar Kashi Bike Yatra : ये पदाधिकारी रहे मंचासीन
बैठक में राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा, महापौर अशोक तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी और टी. राम, विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र राय, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि तथा जिलाध्यक्ष रामसकल पटेल मंचासीन रहे।
Vadnagar Kashi Bike Yatra : इनकी रही प्रमुख उपस्थिति
बैठक में क्षेत्रीय उपाध्यक्ष नवरतन राठी, अजीत रावत, अनूप जायसवाल, अमित राय, राकेश शर्मा, जगदीश त्रिपाठी, अनिल श्रीवास्तव, सुरेश सिंह, संतोष सोलापुरकर, प्रवीण सिंह गौतम, शैलेंद्र मिश्रा, संदीप सिंह मिंटू, संजय सोनकर, चंद्रशेखर उपाध्याय, पवन सिंह, पूजा दीक्षित, सत्येंद्र सिंह, प्रमिल पांडेय और संजय सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।