MGKVP Admission 2026 : महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में पी-एच.डी. कोर्स वर्क परीक्षा 29 सितंबर से, बी.पी.एड.-एम.पी.एड. के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षण निर्धारित। प्रवेश आवेदन की अंतिम तिथि 10 अक्टूबर तक बढ़ाई गई।
MGKVP Admission 2026 : काशी विद्यापीठ में प्रवेश और परीक्षाओं को लेकर अहम अपडेट, 29 सितंबर से पी-एच.डी. कोर्स वर्क परीक्षा; प्रवेश आवेदन 10 अक्टूबर तक
MGKVP Admission 2026 : वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में सत्र 2026-27 के प्रवेश, विभिन्न पाठ्यक्रमों की परीक्षाओं और शैक्षणिक गतिविधियों को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन ने कई महत्वपूर्ण तिथियां घोषित की हैं। विश्वविद्यालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार विधि विभाग में पी-एच.डी. कोर्स वर्क की परीक्षा 29 सितंबर से 1 अक्टूबर तक होगी। वहीं बी.पी.एड. और एम.पी.एड. में प्रवेश के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षण भी निर्धारित तिथियों पर आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा बी.एड. एवं एम.एड. की छूटी हुई प्रायोगिक/मौखिकी परीक्षा 29 सितंबर को होगी।
MGKVP Admission 2026 : पी-एच.डी. कोर्स वर्क की परीक्षा 29 सितंबर से
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के विधि विभाग में पी-एच.डी. कोर्स वर्क की परीक्षा 29 सितंबर से 1 अक्टूबर तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा नियंत्रक दीप्ति मिश्रा ने बताया कि परीक्षा का समय अपराह्न 1 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित किया गया है। संबंधित शोधार्थियों को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार परीक्षा में शामिल होना होगा।
MGKVP Admission 2026 : बी.पी.एड. और एम.पी.एड. में प्रवेश के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षण
सत्र 2026-27 में बी.पी.एड. एवं एम.पी.एड. पाठ्यक्रम में प्रवेश लेने वाले अभ्यर्थियों के लिए भी विश्वविद्यालय ने महत्वपूर्ण तिथियां जारी की हैं। बी.पी.एड. पाठ्यक्रम के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षण 28 और 29 सितंबर को आयोजित होगा। वहीं एम.पी.एड. पाठ्यक्रम के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षण 30 सितंबर और 1 अक्टूबर को कराया जाएगा। कुलसचिव डॉ. सुनीता पाण्डेय ने बताया कि दोनों पाठ्यक्रमों के शारीरिक दक्षता परीक्षण शारीरिक शिक्षा एवं योग विभाग में सम्पन्न होंगे।
MGKVP Admission 2026 : समर्थ पोर्टल पर प्रवेश आवेदन की अंतिम तिथि 10 अक्टूबर
विश्वविद्यालय प्रशासन ने सम्बद्ध महाविद्यालयों, एन.टी.पी.सी. परिसर और गंगापुर परिसर में सत्र 2026-27 के प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन की तिथि भी बढ़ा दी है। कुलपति प्रो. आनन्द कुमार त्यागी के आदेशानुसार समर्थ पोर्टल पर ऑनलाइन प्रवेश आवेदन-पत्र भरने की अंतिम तिथि अब 10 अक्टूबर कर दी गई है। यह तिथि सम्बद्ध महाविद्यालयों, एन.टी.पी.सी. परिसर तथा महाराजा (डॉ.) विभूति नारायण सिंह, गंगापुर परिसर में संचालित संबंधित पाठ्यक्रमों के लिए लागू होगी।
हालांकि, कुछ पाठ्यक्रमों को इस विस्तार से बाहर रखा गया है। राजकीय पी.जी. कॉलेज, जक्खिनी में बी.एससी. एग्रीकल्चर तथा गंगापुर परिसर में बी.एससी. एग्रीकल्चर और एम.एससी. एग्रीकल्चर के लिए यह तिथि लागू नहीं होगी। कुलसचिव डॉ. सुनीता पाण्डेय ने अभ्यर्थियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर समर्थ पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की अपेक्षा की है।
MGKVP Admission 2026 : बी.एड. और एम.एड. की छूटी प्रायोगिक परीक्षा 29 सितंबर को
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ परिसर एवं सम्बद्ध महाविद्यालयों के ऐसे विद्यार्थी, जिनकी बी.एड. प्रथम, द्वितीय या तृतीय सेमेस्टर तथा एम.एड. द्वितीय या चतुर्थ सेमेस्टर की प्रायोगिक/मौखिकी परीक्षा किसी कारणवश छूट गई है, उनके लिए भी विश्वविद्यालय ने परीक्षा की तिथि निर्धारित कर दी है। इन विद्यार्थियों की छूटी हुई प्रायोगिक/मौखिकी परीक्षा 29 सितंबर को पूर्वाह्न 10:30 बजे से शिक्षाशास्त्र विभाग में आयोजित होगी। शिक्षाशास्त्र विभाग के अध्यक्ष प्रो. रमाकान्त सिंह ने बताया कि परीक्षा में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों को अपने साथ आवश्यक सत्रीय कार्य, पाठ-योजना पुस्तिका, क्रियात्मक अनुसंधान प्रतिवेदन, लघुशोध प्रबन्ध और इंटर्नशिप से संबंधित आवश्यक सामग्री लेकर विभाग में उपस्थित होना होगा।
MGKVP Admission 2026 : 2 अक्टूबर को होगी प्रार्थना सभा
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को प्रार्थना सभा आयोजित की जाएगी। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आनन्द कुमार त्यागी की अध्यक्षता में होने वाली यह प्रार्थना सभा गांधी अध्ययनपीठ स्थित सभागार में पूर्वाह्न 10 बजे आयोजित होगी।
कुलसचिव डॉ. सुनीता पाण्डेय ने बताया कि प्रार्थना सभा में विश्वविद्यालय के सभी अध्यापकों, अधिकारियों, कर्मचारियों तथा छात्र-छात्राओं की उपस्थिति अपेक्षित है। इस आयोजन के माध्यम से महात्मा गांधी और लालबहादुर शास्त्री के विचारों एवं योगदान को स्मरण किया जाएगा।