UP Storm Rain Havoc : उत्तर प्रदेश में तेज तूफान, धूल भरी आंधी और भारी बारिश ने भारी तबाही मचाई। 11 जिलों में 74 लोगों की मौत, 53 घायल और 80 से अधिक घर क्षतिग्रस्त हुए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए।

UP Storm Rain Havoc : UP में तूफान और बारिश का कहर- 11 जिलों में 74 मौतें, 53 लोग घायल, कई घर तबाह

UP Storm Rain Havoc : लखनऊ। उत्तर प्रदेश में बुधवार को आए भीषण तूफान, धूल भरी आंधी और तेज बारिश ने बड़े पैमाने पर तबाही मचा दी। प्रदेश के अलग-अलग जिलों में पेड़ गिरने, दीवार ढहने, बिजली गिरने और टीन शेड उड़ने जैसी घटनाओं में अब तक 74 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 53 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। इसके अलावा 80 से ज्यादा मकान क्षतिग्रस्त होने की सूचना है। प्राकृतिक आपदा का सबसे ज्यादा असर प्रयागराज, भदोही और मिर्जापुर जिलों में देखने को मिला, जहां जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया। प्रशासन राहत एवं बचाव कार्य में जुटा हुआ है और लगातार नुकसान का आंकलन किया जा रहा है।

UP Storm Rain Havoc : प्रयागराज में सबसे ज्यादा तबाही, 17 लोगों की मौत
सबसे अधिक प्रभावित प्रयागराज जिला रहा, जहां आधिकारिक तौर पर 17 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। मृतकों में पांच महिलाएं, चार बच्चे और आठ पुरुष शामिल हैं। जानकारी के अनुसार हंडिया क्षेत्र में सात, फूलपुर में चार, सोरांव में तीन, मेजा में दो और सदर इलाके में एक व्यक्ति की जान गई। तेज तूफान और बारिश के कारण पेड़ और दीवार गिरने की घटनाएं लगातार होती रहीं। जिले में 20 पशुओं की भी मौत हुई है, जबकि 16 मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त बताए गए हैं। एडीएम वित्त एवं राजस्व विनीता सिंह ने बताया कि सभी तहसीलों से नुकसान का आंकड़ा जुटाया जा रहा है और मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

UP Storm Rain Havoc : भदोही और मिर्जापुर में भारी जनहानि
भदोही में आंधी और बारिश से जुड़े हादसों में 16 लोगों की मौत की खबर है। वहीं मिर्जापुर में चक्रवाती तूफान और तेज बारिश ने भारी तबाही मचाई, जहां 14 लोगों की जान चली गई। मिर्जापुर में कई स्थानों पर पेड़ गिरने, कच्ची दीवार ढहने और बिजली गिरने की घटनाएं सामने आईं। मृतकों में पड़री थाना क्षेत्र के पांच, अदलहाट के तीन, कछवां के दो और अन्य इलाकों के लोग शामिल हैं। कई लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं, जिनका इलाज अस्पतालों में चल रहा है।

UP Storm Rain Havoc : फतेहपुर, उन्नाव और कानपुर देहात भी प्रभावित
फतेहपुर में नौ लोगों की मौत हुई है, जबकि उन्नाव में चार और कानपुर देहात में तीन लोगों की जान गई। तेज हवाओं के कारण कई गांवों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई और पेड़ उखड़कर सड़कों पर गिर पड़े, जिससे यातायात भी प्रभावित हुआ। ग्रामीण इलाकों में सबसे ज्यादा नुकसान कच्चे मकानों और टीन शेड वाले घरों को हुआ है। कई परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गए हैं।