Hanuman Dhwaj Yatra Varanasi : काशी में आस्था का सैलाब- 23वीं श्री हनुमान ध्वज यात्रा में 20 हजार श्रद्धालु शामिल, भव्य आयोजन से गूंजा शहर

Hanuman Dhwaj Yatra Varanasi : वाराणसी में 23वीं श्री हनुमान ध्वज यात्रा भव्यता के साथ संपन्न हुई, जिसमें 20 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने भाग लिया। संकट मोचन मंदिर तक निकली इस यात्रा में भक्ति, झांकियां और सामाजिक संदेश का अनूठा संगम देखने को मिला।

Hanuman Dhwaj Yatra Varanasi : वाराणसी। महादेव की नगरी काशी एक बार फिर भक्ति और आस्था के रंग में रंगी नजर आई, जब गुरुवार को 23वीं श्री हनुमान ध्वज यात्रा का भव्य आयोजन किया गया। श्री हनुमत् सेवा समिति, नेवादा द्वारा आयोजित इस यात्रा में पूर्वांचल सहित देश के सात राज्यों से आए 20 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

Hanuman Dhwaj Yatra Varanasi : हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर निकाली गई यह यात्रा भिखारीपुर तिराहे से प्रारंभ होकर संकट मोचन मंदिर तक पहुंची। करीब 5.25 किलोमीटर लंबी इस यात्रा की शुरुआत सूर्योदय के साथ हुई, जहां 60 फीट लंबे भव्य रथ पर सजे ‘राम दरबार’ और पालकी में विराजमान हनुमान जी का 11 ब्राह्मणों द्वारा विधिवत षोडशोपचार पूजन और आरती की गई।

Hanuman Dhwaj Yatra Varanasi : भक्ति और शक्ति का अद्भुत संगम

यात्रा में 100 से अधिक डमरुओं की गूंज और ढोल-नगाड़ों की थाप के बीच वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया। इस बार का मुख्य आकर्षण 1100 गदाधारी भक्त रहे, जिन्होंने हाथों में गदा लेकर बजरंगबली की शक्ति और पराक्रम का जीवंत प्रदर्शन किया। हजारों केसरिया ध्वजों से सजे श्रद्धालुओं ने पूरे मार्ग को भगवामय बना दिया।

Hanuman Dhwaj Yatra Varanasi : झांकियों और प्रस्तुतियों ने मोहा मन

यात्रा में शामिल विभिन्न झांकियों ने लोगों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। नेवादा कार्यालय की ओर से शिव-पार्वती और अघोरी दल की जीवंत झांकी प्रस्तुत की गई, जबकि कोनिया की ‘नारी वाहिनी’ ने दंड और तलवार के करतब दिखाकर महिला शक्ति का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। मध्य प्रदेश से आए ‘तहलका धमाल बैंड’ ने अपने जोशीले संगीत से माहौल को और भी ऊर्जावान बना दिया। वहीं जानकीनगर की ओर से संकट मोचन मंदिर के गर्भगृह की सुंदर प्रतिकृति भी आकर्षण का केंद्र रही।

Hanuman Dhwaj Yatra Varanasi : सेवा और व्यवस्थाओं की मिसाल

भीषण गर्मी के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ। पूरे मार्ग में 200 से अधिक सेवा स्टॉल लगाए गए, जहां जूस, छाछ, लस्सी और फलाहार की व्यवस्था की गई थी। समिति द्वारा 501 किलोग्राम लड्डू का प्रसाद भी वितरित किया गया।

Hanuman Dhwaj Yatra Varanasi : धार्मिक आयोजन के साथ सामाजिक संदेश

इस वर्ष की यात्रा केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं रही, बल्कि “अभियान पवित्र काशी” के तहत हजारों श्रद्धालुओं ने काशी को मांस और मदिरा मुक्त बनाने का संकल्प भी लिया। इसे शहर की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान को संरक्षित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Hanuman Dhwaj Yatra Varanasi : संतों और पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति

यात्रा में शहर के प्रमुख संतों, महंतों और विद्वानों की गरिमामयी उपस्थिति रही। आयोजन को सफल बनाने में समिति के अध्यक्ष रामबली मौर्य, कोषाध्यक्ष अजय मौर्य सहित सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *