Varanasi DM Revenue Review Meeting : वाराणसी में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर राजस्व कार्यों और न्यायालयों की समीक्षा की। धारा 24, 34 व अन्य लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए और लक्ष्य पूरा न करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।
Varanasi DM Revenue Review Meeting : मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर राजस्व कार्यों की समीक्षा, जिलाधिकारी ने दिए सख्त निर्देश

Varanasi DM Revenue Review Meeting : वाराणसी। मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर राजस्व कार्यों, राजस्व न्यायालयों तथा कर-करेत्तर विभागों की प्रगति की समीक्षा के लिए शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली, लंबित मामलों और राजस्व वसूली की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विभाग निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य करें और लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि विभागों की ग्रेडिंग में सुधार नहीं हुआ तो जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
Varanasi DM Revenue Review Meeting : राजस्व वसूली बढ़ाने के निर्देश
बैठक में जिलाधिकारी ने कर-करेत्तर मदों की समीक्षा करते हुए राजस्व, परिवहन, आबकारी, व्यापार कर (जीएसटी), स्टाम्प एवं पंजीयन शुल्क, खनन और बाट-माप विभागों को अभियान चलाकर राजस्व वसूली बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने व्यापार कर (जीएसटी) के संयुक्त आयुक्त को विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यों की प्रगति सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही लक्ष्य के सापेक्ष कम वसूली वाले विभागों को विशेष प्रयास कर वसूली बढ़ाने का निर्देश दिया। खनन विभाग को चालान और नोटिस जारी कर राजस्व वसूली बढ़ाने के निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सभी अधिकारी अपने निर्धारित लक्ष्य को हर हाल में पूरा करें।
Varanasi DM Revenue Review Meeting : लंबित राजस्व वादों के शीघ्र निस्तारण पर जोर

बैठक में राजस्व न्यायालयों में लंबित वादों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने धारा-24 और धारा-34 के मामलों सहित अन्य लंबित राजस्व वादों को अभियान चलाकर निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बिना ठोस कारण के मामलों को लंबित न रखा जाए और समय सीमा के भीतर उनका निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने धारा-98 के मामलों को भी प्राथमिकता से निस्तारित करने को कहा तथा एडीएम (वित्त एवं राजस्व) को निर्देश दिया कि सभी तहसीलों में राजस्व निरीक्षकों और लेखपालों के पास समय सीमा से अधिक लंबित मामलों की सूची प्रस्तुत की जाए।
Varanasi DM Revenue Review Meeting : अन्य राजस्व मामलों की भी हुई समीक्षा
बैठक में धारा-67, 80, 116 और 98 सहित सीमांकन से जुड़े मामलों की पेंडेंसी समाप्त करने के निर्देश एसडीएम, तहसीलदार और नायब तहसीलदारों को दिए गए। इसके अलावा जिलाधिकारी ने निर्विवाद वरासत, कुर्रा बंटवारा, आय प्रमाण पत्र, सीएम कृषक दुर्घटना सहायता योजना, आईजीआरएस शिकायतें और हैसियतनामा से जुड़े आवेदन इन मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि इन सभी मामलों की प्रतिदिन समीक्षा कर समय पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
Varanasi DM Revenue Review Meeting : लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश
जिलाधिकारी ने डिजी शक्ति से जुड़े लंबित मामलों के लिए उद्योग विभाग, पेट्रोल पंपों के सत्यापन के लिए डीएसओ तथा बाट-माप विभाग की लंबित पेंडेंसी समाप्त करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। बाट-माप विभाग में लंबित मामलों के कम निस्तारण पर बाट-माप निरीक्षक को, सीएम कृषक दुर्घटना बीमा योजना में अधिक लंबित मामलों पर एलआरसी तथा एंटी भू-माफिया पोर्टल के पटल सहायक को शो-कॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। वहीं सीएम कृषक दुर्घटना सहायता योजना में लापरवाही पाए जाने पर मंडी सचिव को कार्यमुक्त करने के निर्देश भी दिए गए।
Varanasi DM Revenue Review Meeting : भू-माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश
बैठक में जिलाधिकारी ने अविवादित वरासत, दाखिल-खारिज, क्रॉप कटिंग, ऑनलाइन भूमि बंधक, मत्स्य पालन के पट्टों का आवंटन, सीलिंग की जमीन, कृषि व आवासीय भूमि आवंटन, चकमार्ग तथा सार्वजनिक भूमि से अतिक्रमण हटाने जैसे विषयों की भी विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देश दिया कि भू-माफियाओं को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
Varanasi DM Revenue Review Meeting : बैठक में रहे उपस्थित
बैठक में एडीएम सिटी आलोक कुमार वर्मा, एडीएम वित्त एवं राजस्व सदानंद गुप्ता, सभी एसडीएम, तहसीलदार तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।