Nishant Kumar JDU Join : JDU की अहम बैठक खत्म- निशांत कुमार कल ज्वाइन करेंगे पार्टी, संजय झा बोले- नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में चलेगी बिहार सरकार

Nishant Kumar JDU Join : पटना, जनता दल यूनाइटेड (JDU) की अहम बैठक शनिवार को पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा के आवास पर समाप्त हो गई। इस बैठक में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार भी मौजूद रहे। बैठक खत्म होने के बाद संजय झा ने मीडिया से बातचीत करते हुए साफ किया कि पार्टी और सरकार को लेकर किसी भी तरह का भ्रम फैलाने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि निशांत कुमार रविवार (8 मार्च) को दोपहर 1 बजे जेडीयू कार्यालय में औपचारिक रूप से पार्टी की सदस्यता लेंगे और इसके बाद पार्टी के कामकाज में सक्रिय भूमिका निभाना शुरू करेंगे।

Nishant Kumar JDU Join : नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में चलेगी सरकार

संजय झा ने कहा कि कई लोग यह भ्रम फैला रहे हैं कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा जा रहे हैं और इससे बिहार की राजनीति में बदलाव होगा। उन्होंने इन अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि 2025 से 2030 तक बिहार में जो सरकार चलेगी, वह नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में ही चलेगी। उन्होंने बताया कि जब संसद का सत्र दिल्ली में चलेगा तब नीतीश कुमार दिल्ली में रहेंगे और बाकी समय बिहार में रहकर सरकार और पार्टी दोनों को दिशा देंगे। संजय झा के मुताबिक, नीतीश कुमार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर सरकार को गाइड करते रहेंगे और उनके अनुभव का लाभ बिहार को मिलता रहेगा।

Nishant Kumar JDU Join : युवा विधायकों से भी हुई निशांत कुमार की बैठक

जेडीयू नेता ने यह भी बताया कि बैठक के दौरान निशांत कुमार ने पार्टी के युवा विधायकों से भी मुलाकात की। शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास पर हुई विधानमंडल दल की बैठक में सभी विधायक, विधान पार्षद और सांसद मौजूद थे। संजय झा ने बताया कि उसी बैठक में उन्होंने प्रस्ताव रखा था कि निशांत कुमार को पार्टी में सक्रिय भूमिका दी जाए, जिसका सभी नेताओं ने समर्थन किया।

Nishant Kumar JDU Join : पार्टी के नेताओं की इच्छा थी कि निशांत करें काम

संजय झा ने कहा कि पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों की लंबे समय से इच्छा थी कि निशांत कुमार सक्रिय राजनीति में आएं और पार्टी के लिए काम करें।उन्होंने कहा कि रविवार को पार्टी ज्वाइन करने के बाद संगठन तय करेगा कि उन्हें किस तरह की जिम्मेदारी दी जाएगी।

Nishant Kumar JDU Join : नीतीश कुमार ने बिहार को दलदल से निकाला

जेडीयू के भविष्य को लेकर पूछे गए सवाल पर संजय झा ने कहा कि बिहार की जनता ही पार्टी का भविष्य तय करती है और 2025 के चुनाव में जनता ने एक बार फिर नीतीश कुमार के नेतृत्व पर भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि पिछले 20 वर्षों में नीतीश कुमार ने बिहार को विकास की राह पर आगे बढ़ाया और राज्य को पिछड़ेपन और अव्यवस्था के दौर से बाहर निकाला।

Nishant Kumar JDU Join : नीतीश कुमार की विरासत को आगे बढ़ाएंगे निशांत

संजय झा ने कहा कि स्वाभाविक रूप से नीतीश कुमार के फैसले से कई लोगों को भावनात्मक रूप से दुख हुआ है, लेकिन पूरी पार्टी उनके फैसले के साथ खड़ी है। उन्होंने विश्वास जताया कि निशांत कुमार आने वाले समय में नीतीश कुमार की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएंगे। संजय झा ने कहा कि बिहार और जेडीयू का भविष्य उज्ज्वल है और आने वाले समय में नीतीश कुमार का कार्यकाल राज्य के “स्वर्णिम काल” के रूप में याद किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *