Uttar Pradesh Sthapna Diwas : उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस के पावन अवसर पर प्रदेश के आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएँ एवं बधाई दीं। उन्होंने कहा कि यह दिवस उत्तर प्रदेश की गौरवशाली परंपरा, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, मेहनतकश जनता और उज्ज्वल भविष्य का प्रतीक है।
आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु ने कहा कि उत्तर प्रदेश न केवल देश का सबसे बड़ा राज्य है, बल्कि यह भारत की सांस्कृतिक आत्मा भी है। काशी, अयोध्या, मथुरा, प्रयागराज, वृंदावन और गोरखपुर जैसे पवित्र स्थलों ने प्रदेश को विश्व पटल पर विशिष्ट पहचान दिलाई है। उन्होंने कहा कि यहां की गंगा-जमुनी तहज़ीब, लोककला, साहित्य, संगीत और हस्तशिल्प प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत हैं, जो इसकी सांस्कृतिक समृद्धि को दर्शाती हैं। उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश निरंतर विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। आज प्रदेश निवेश के लिए सुरक्षित, उद्योग के लिए अनुकूल और नागरिकों के लिए भरोसेमंद गंतव्य बनता जा रहा है।

डॉ. दयालु ने काशी में हो रहे व्यापक विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि एयरपोर्ट विस्तार, रिंग रोड, फोरलेन सड़कें, फ्लाईओवर, स्मार्ट सिटी परियोजनाएँ और काशी विश्वनाथ कॉरिडोर इस बात के प्रमाण हैं कि आस्था और आधुनिकता एक साथ आगे बढ़ सकती हैं। इन परियोजनाओं से न केवल बुनियादी ढांचे को मजबूती मिली है, बल्कि पर्यटन और रोजगार के अवसर भी बढ़े हैं। उन्होंने बताया कि खेल के क्षेत्र में भी उत्तर प्रदेश नई पीढ़ी को आगे बढ़ने के भरपूर अवसर दे रहा है। अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्टेडियम, स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी, खेलो इंडिया और मुख्यमंत्री खेल विकास योजनाओं के माध्यम से प्रदेश के युवा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।

Uttar Pradesh Sthapna Diwas : आयुष मंत्री की ओर से गौरव राठी द्वारा जारी विज्ञप्ति में कहा गया कि रक्षा क्षेत्र में भी उत्तर प्रदेश आत्मनिर्भर भारत की रीढ़ बनता जा रहा है। डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के माध्यम से रक्षा उत्पादन, अत्याधुनिक तकनीक और रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं, जिससे प्रदेश की आर्थिक मजबूती के साथ-साथ राष्ट्रीय सुरक्षा को भी बल मिल रहा है।
Uttar Pradesh Sthapna Diwas : विज्ञप्ति में यह भी कहा गया कि उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी शक्ति उसकी जनशक्ति, संस्कार, सहनशीलता और सेवा भावना है। किसान, मजदूर, शिक्षक, डॉक्टर, व्यापारी और युवा—सभी मिलकर प्रदेश को निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ा रहे हैं। अंत में आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने संकल्प दोहराया कि उत्तर प्रदेश को देश का सबसे समृद्ध, शिक्षित और सशक्त राज्य बनाया जाएगा, जहां प्रत्येक नागरिक को सम्मान, अवसर और विकास के समान अवसर प्राप्त हों।